1

आकाश अंबानी व श्लोका के विवाह पूर्व की रस्में शुरु

मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी और श्लोका मेहता की शादी की तैयारियां जोरों पर है। अंबानी और मेहता परिवार के घर मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। बता दें कि, साल की इस सबसे बड़ी शादी के फंक्शन तीन दिनों तक चलेंगे। इसकी शुरुआत 7 मार्च से होगी। 9 मार्च को श्लोका और आकाश शादी के बंधन में बंधेंगे। इससे पहले स्विट्जरलैंड के सेंट मोरिट्स में दोनों फैमिली के लोगों ने अपने खास दोस्तों और मेहमानों के साथ प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन एन्जॉय किया था।

अंबानी परिवार की इस खास शादी के मेहमानों की सूची सामने आ गई हैं हालांकि, अभी गेस्ट के नाम का खुलासा नहीं हो सका है। सोशल मीडिया पर मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित घर एंटीलिया की फोटो और वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन फोटो और वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि, एंटीलिया को दुल्हन की तरह सजाने में अंबानी परिवार ने कोई कसर नहीं छोड़ी है।

मुंबई और स्विट्जरलैंड में हुए आकाश और श्लोका की शादी के विवाह पूर्व समारोह में शाहरुख खान, आमिर खान, करण जौहर, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, मलाइका अरोड़ा, अर्जुन कपूर सहित कई बड़े स्टार और खास रिश्तेदार शामिल हुए थे। आकाश अंबानी-श्लोका मेहता की शादी के कार्ड के मुताबिक दोनों की शादी की रस्में 7 मार्च से शुरू हो जाएंगी। 7 मार्च की शाम वरली के एनएससीआई में माला और मेहंदी की रस्म होगी। 9 मार्च को आकाश अंबानी की बारात दोपहर 3.30 बजे मुंबई के ट्राइंडेंट होटल से जियो सेंटर के लिए रवाना होगी। वहीं, शाम 6:30 बजे चाय-नाश्ता होगा और इसके बाद रात 8.01 बजे हस्त मिलाप और रात्रि भोज होगा।

9 मार्च को शादी के बाद अगले दिन 10 मार्च को पहला आशीर्वाद समारोह होगा।