1

महिला कामगारों को अमेरिकी प्रशिक्षण

अमेरिकी कंपनी गैप के बारे में पढि़ए, जो अमेरिकी विदेश विभाग की तरफ से सालाना दिए जाने वाले अवार्ड फॉर कॉरपोरेट एक्सीलेंस से सम्मानित होने वाली कंपनियों में शामिल है।

गैप इंक. ने कंपनी की सप्लाई चेन से जुड़ी 10 लाख से ज्यादा लड़कियों और महिलाओं को सामुदायिक दायरे में ही तकनीकी रूप से कुशल बनाने के लिए प्रशिक्षित किया। (गैप इंक. के सौजन्य से)

अमेरिका दुनियाभर में कर्मचारियों वाले अमेरिकी व्यवसायों को अपने कर्मचारियों के अधिकारों का संरक्षण करने और उनके पर्यावरण पर नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिए प्रेरित करता है।

गैप इंक. अमेरिका की सबसे बड़ी स्पेशलिटी रिटेल कपंनी है। कंपनी ने इसी के अनुरूप कारोबारी प्रदर्शन में सुधार, मनावाधिकारों के संरक्षण और पर्यावरण को कम से कम नुकसान हो, जैसी बातों को ध्यान में रखते हुए अपनी नीतियों को लागू किया। अप्रैल में दिए गए अपने एक वक्तव्य में कंपनी की वाइस-प्रेसिडेंट जूडी एडलर ने कहा कि गैप ‘‘हमारे कारोबार, हमारे समाज और हमारे ग्रह के कहीं ज्यादा सदाजीवी भविष्य’’ के लिए काम करती है।

गैप अपनी सप्लाई चेन में काम करने वाले लाखों लोगों को कौशल प्रशिक्षण देता है। करीब 15 साल पहले शुरू हुए इसके पर्सनल एडवांसमेंट और करियर इनहांसमेंट (पीएसीई) प्रोग्राम के तहत गैप इंक. की सप्लाई चेन से जुड़ी 10 लाख से ज्यादा लड़कियों और महिलाओं को तकनीकी कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

कर्नाटक में गैप इंक. के लिए परिधान बनाने वाली एक फैक्ट्री के कर्मचारी ( गैप इंक. के सौजन्य से)।

कंपनी जेंडर आधारित हिंसा की रोकथाम और प्रतिक्रिया कार्यक्रम के जरिए इस तरह की हिंसा से संघर्ष करती है। इस कार्यक्रम का लक्ष्य इस विषय में जागरूकता बढाना और इस काम में सप्लायर फैक्ट्री की नीतियों को जेंडर आधारित हिंसा से जूझने के प्रति बेहतर बनाना है। वर्ष 2016 में अपनी शुरुआत के बाद से इस कार्यक्रम ने गैप इंक. की सप्लाई चेन में कार्यरत 4 लाख लोगों तक अपनी पहुंच बनाई है।

पर्यावरण को नुकसान कम करने के लिए गैप इंक. ने भारत में अहमदाबाद की एक उत्पादन इकाई में वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट के लिए लाखों डॉलर का निवेश किया है। इस सुविधा से सालाना 2.5 अरब लीटर पानी बर्बाद होने से बच रहा है और इस तरह से स्थानीय लोगों के बीच स्वच्छ जल की उपलब्धता में मदद की।

अमेरिकी विदेश विभाग ने गैप इंक. का सम्मान करते हुए उसे वर्ष 2022 के लिए अवार्ड फॉर कॉरपोरेट एक्सीलेंस (एसीई) से सम्मानित किया। ऐसा जिम्मेदारी के साथ कारोबारी संचालन, खासतौर पर अपने कर्मचारियों के अलावा भी लोगों की मदद के लिए आगे आने के कारण किया गया। जब कोविड महामारी का प्रकोप आया और गैप के सप्लायर अपने कर्मचारियों को वेतन दे पाने में अक्षम हो गए, तब गैप ने दखल देते हुए महामारी की त्रासदी झेल रहे निर्धन तबके के लोगों की वित्तीय सुरक्षा के लिए उनके वेतन का भुगतान कराया। उसके इसी कार्य की वजह से ही दुनिया जब महामारी की विभीषिका के दौर को झेल रही थी, उस दौर में भी इस सप्लाई-चेन का काम निर्बाध रूप से जारी रहा।

अमेरिकी विदेश विभाग का कहना है, अवार्ड फॉर कॉरपोरेट एक्सीलेंस ‘‘उन मूलभूत सिद्धांतों में विश्वास करता है कि एक कंपनी के रूप में अपने कार्यों के संचालन में विदेश में भी अमेरिकी मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बनाए रखा जाए जिसमें मानव अधिकारों और श्रमिक अधिकारों के प्रति सम्मान, सप्लाई चेन का नैतिक प्रबंधन और लोकतंत्र को बढ़ावा जैसे सिद्धांत शामिल हैं।’’

जिम्मेदार व्यावसायिक संचालन के लिए 2022 में कॉरपोरेट एक्सीलेंस के लिए सेक्रेटरी ऑफ स्टेट अवार्ड से एक छोटी कंपनी को भी सम्मानित किया गया। यही नहीं, पर्यावरण और समावेशी आर्थिक विकास के क्षेत्र में सक्रिय कंपनियों को भी सम्मानित किया गया।

आलेख सौजन्य: शेयरअमेरिका

साभार- https://spanmag.com/hi से