1

पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना गुप्ता को ‘आयकॉनिक महिला’ सम्मान

मुंबई। पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना गुप्ता को विशाल पश्चिम रेल परिवार के सदस्यों के कल्याण एवं सहायता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए मुंबई में आयोजित आयकॉनिक इन्सपीरेशनल वुमन ऑफ नवभारत पुरस्कार समारोह में महाराष्ट्र की माननीया ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती पंकजा मुंडे ने ‘आयकॉनिक महिला’ पुरस्कार से सम्मानित किया। श्रीमती अमृता फडणवीस इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि थीं, जबकि महाराष्ट्र की माननीया महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती विद्या ठाकुर सम्माननीय अतिथि थीं।

पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन एक लाख से भी अधिक रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियाँ आयोजित करने के साथ ही उन क्षेत्रों में अत्यंत महत्त्वपूर्ण एवं बहुमूल्य सहायता उपलब्ध कराता है, जहाँ रेल प्रशासन की अपनी सीमाएँ होती हैं। संगठन समय-समय पर पर्यावरण रक्षा, गम्भीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों की सहायता, मेधावी किंतु ज़रूरतमंद छात्रों को वित्तीय सहायता, स्वास्थ्य सम्बंधी जागरूकता अभियानों, कर्मचारियों और उनके बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, छोटे बच्चों के लिए क्रेश चलाने आदि गतिविधियों के माध्यम से रेलकर्मियों और उनके परिवारजनों के जीवन को अत्मीयतापूर्वक छूता है।

वर्ष 2017-18 के दौरान श्रीमती अर्चना गुप्ता के मार्गदशन एवं नेतृत्व में तथा उनकी पहल पर संगठन द्वारा गम्भीर रूप से दो ज़रूरतमंद मरीजों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई तथा एक मरीज़ को व्हील चेयर प्रदान कर उसके जीवन को गतिशील बनाया गया।

संगठन ने वर्ष के दौरान 15 मेधावी छात्रों को नकद पुरस्कार प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित करने के अलावा कर्मचारियों के बच्चों में छिपी प्रतिभा को उभारने के लिए ड्रॉइंग तथा निबंध प्रतियोगिताएँ आयोजित करने के साथ ही एक टैलेंट हंट का भी आयोजन किया, जिनमें विजेताओं को प्रोत्साहन स्वरूप आकर्षक पुरस्कार प्रदान किये गये।

श्रीमती अर्चना गुप्ता की विशेष पहल पर संगठन महिला कल्याण एवं विभिन्न विषयों पर जागरूकता हेतु विशेष सक्रिय रहा। वर्ष के दौरान कामकाजी महिलाओं की समस्याओं और उनके हल पर एक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने भाग लिया। इसके अलावा ब्रैस्ट कैंसर, मेनूपॉज, तम्बाकू के प्रयोग और कैंसर जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर सेमिनार आयोजित किये गये, जिनमें विशेषज्ञों/डॉक्टरों द्वारा इन विषयों पर ऑडियो-वीडियो के द्वारा ज्ञानवर्धक एवं लाभप्रद प्रेजेंटेशन दिये गये।

श्रीमती गुप्ता के नेतृत्व में संगठन की एक और उपलब्धि रेलवे में कार्यरत हज़ारों महिला कर्मचारियों के लिए मुख्यालय तथा सभी छह मंडलों के कार्यालयों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों की स्थापना रही। संगठन द्वारा ‘घ’ समूह के कर्मचारियों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने हेतु गांधीधाम की एक अग्रणी टेक्सटाइल फर्म के साथ समझौता कर सिलाई/कढ़ाई सिखाने हेतु व्यावसायिक प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई।

श्रीमती गुप्ता को यह सम्मान मिलने पर संगठन की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

फोटो कैपशनः- पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना गुप्ता महाराष्ट्र की माननीया ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती पंकजा मुंडे से समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों हेतु ‘आयकॉनिक महिला’ सम्मान ग्रहण करते हुए। साथ में हैं महाराष्ट्र की माननीया महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती विद्या ठाकुर।