1

‘छोटू रतन टाटा’ ने दिल जीत लिया लोगों का

देश के उद्योग जगत के जाने माने नाम Ratan Tata अपनी सादगी की वजह से भी पहचाने जाते हैं। उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उद्योग जगत से लेकर आम लोगों के बीच उन्हें क्यों इतना सम्मान मिलता है। इस बार सोशल मीडिया पर एक महिला द्वारा रतन टाटा को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘छोटू’ कहने के मामले में उन्होंने महिला का बचाव कर यूजर्स का दिल जीत लिया है। दरअसल, 82 साल के रतन टाटा पिछले साल अक्टूबर में इंस्टाग्राम पर आए थे। देखते ही देखते उनके 10 लाख फॉलोअर हो गए। हाल ही में टाटा ने इंस्टाग्राम पर अपने कुछ बचपन के फोटो डाले थे। इसी पर रिया जैन नामक महिला ने बधाई देते हुए टाटा को ‘छोटू’ कहकर संबोधित किया था।

रिया जैन के नाम से बने सोशल मीडिया अकाउंट पर महिला ने रतन टाटा के बचपन के फोटोज पर लिखा था ‘बधाई हो छोटू’। टाटा जैसी शख्सियत को छोटू कहने पर अन्य यूजर्स भड़क गए थे और उन्होंने महिला की खिंचाई कर दी थी। उसके पोस्ट को भद्दा और शर्मनाक तक बता दिया गया था। तब महिला ने लिखा था कि रतन टाटा हम सभी के लिए एक आदर्श हैं और प्यार से मैं कुछ भी कह सकती हूं। बाद में महिला ने अपना पोस्ट हटा लिया था।

यूजर्स द्वारा रतन टाटा को छोटू कहने वाली महिला के बचाव में खुद रतन टाटा ही उतरे। उन्होंने महिला का बचाव करते हुए अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा है, ‘हम में से हर व्यक्ति के अंदर एक बच्चा छिपा होता है। कृपया इस युवा महिला के साथ सम्मान से पेश आएं।’ रतन टाटा के इस पोस्ट ने भी यूजर्स का दिल जीत लिया है और लोग उनकी सादगी की सराहना कर रहे हैं। अब तक चार हजार से ज्यादा लोगों ने उनके इस पोस्ट को लाइक किया है।

रतन टाटा ने उस महिला के बचाव में और भी कई पोस्ट किए। उन्होंने लिखा, ‘एक बहुत ही मासूम युवा महिला ने कल अपनी भावनाओं को व्यक्त किया और मुझे अपनी एक टिप्पणी में ‘बच्चा’ कहा।’ एक अन्य पोस्ट में लिखा कि इस टिप्पणी के लिए उस महिला को परेशान किया गया, जिससे उसने अपनी पोस्ट हटा ली। लेकिन, उन्होंने लिखा है, ‘उस महिला ने मेरे लिए जो भावनाएं दिखाईं है, उसकी मैं सराहना और सम्मान करता हूं, उम्मीद करता हूं कि वह आगे मुझे पोस्ट करने से डरेगी नहीं।’