1

मुख्यमंत्री रमन सिंह सीआरपीएफ के घायल जवानो को देखने पहुंचे अस्पताल

रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज रात राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर स्थित एक प्राईवेट अस्पताल में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के घायल जवानों से मुलाकात की और उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की। ये जवान आज सुकमा जिले के किस्टारम के पास नक्सल हमले का मुकाबला करते हुए घायल हो गए थे। डॉ. सिंह ने प्रशासन के अधिकारियों और अस्पताल के चिकित्सकों से कहा कि घायल जवानों का बेहतर से बेहतर इलाज किया जाए। मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव श्री अजय सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री ए.एन. उपाध्याय, विशेष पुलिस महानिदेशक (नक्सल ऑपरेशन) श्री डी. एम. अवस्थी और शासन-प्रशासन के अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। रायपुर (उत्तर) के विधायक श्री श्रीचंद सुंदरानी भी इस मौके पर मौजूद थे।