1

भारतीय चैनल विआन के दीवाने हैं जाने माने लोग

दोपहर के वक्त यदि आप दुनिया भर की खबरों की तलाश में खबरिया चैनलों का रुख करते हैं तो आपको ज्यादातर निराशा ही हाथ लगेगी। क्योंकि अधिकांश चैनल इस दौरान ‘सास-बहू’ में ही उलझे रहते हैं। ऐसे में जी मीडिया के अंग्रेजी न्यूज चैनल विऑन (WION) शायद आपकी तलाश खत्म कर सकता है। ‘जी’ समूह के इस अंतर्राष्ट्रीय न्यूज चैनल को समाचारों पर लगातार पकड़ बनाए रखने और उन्हें तुरंत दर्शकों तक पहुंचाने के लिए सराहा जा रहा है।

कुछ समय पूर्व उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने विऑन की शान में कसीदे पढ़े थे। उन्होंने अपने ट्वीट में चैनल की तारीफ करते हुए लिखा था, ‘तूफान डोरियन सहित वैश्विक समाचारों के बारे में जानने के लिए मैं टीवी के चैनल बदल रहा था, जिस चैनल पर जाकर मेरी तलाश खत्म हुई वो सीएनएन या बीबीसी जैसा कोई विदेशी चैनल नहीं, बल्कि विऑन न्यूज था। इसके लिए विऑन को बधाई’।

महिंद्रा के इस ट्वीट को एक हजार से ज्यादा बार रीट्वीट किया गया और अधिकांश यूजर्स ने उनकी बात पर सहमति जताई। लोगों ने माना कि विऑन न केवल अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत की आवाज को बुलंद कर रहा है, बल्कि विदेश की खबरों को तुरंत देशवासियों तक पहुंचा भी रहा है।

अब मशहूर अभिनेता कबीर बेदी ने इस चैनल की जमकर तारीफ की है। बेदी ने विऑन को ‘भारतीय अल जजीरा’ तक करार दे दिया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है, ‘विऑन भारत से बाहर एक महान अंतर्राष्ट्रीय टीवी चैनल बनने की राह पर है, एक भारतीय अल जजीरा, RT, यहां तक कि बीबीसी भी। बहस के बजाय समाचारों पर ध्यान केंद्रित करना इसे दूसरे चैनलों से अलग बनाता है।’ इतना ही नहीं, कबीर बेदी ने चैनल की एग्जिक्यूटिव एडिटर पल्की शर्मा को भी सराहा है। उन्होंने लिखा है, ‘पल्की शर्मा की अंतर्राष्ट्रीय रिपोर्टिंग विश्व स्तर की है।’

पहले आनंद महिंद्रा और अब कबीर बेदी के तारीफ भरे ट्वीट दर्शाते हैं कि ‘जी’ समूह ने जिस उद्देश्य के साथ चैनल लॉन्च किया था, वह पूरा होता नजर आ रहा है। पल्की शर्मा ने बेदी की तारीफ के लिए उन्हें धन्यवाद कहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि इसके लिए चैनल की पूरी टीम बधाई की पात्र है। पल्की विऑन में प्राइम टाइम स्लॉट संभालती हैं। इससे पहले सीएनएन-आईबीएन में भी वह ये जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं, जहां उन्होंने करीब 11 साल काम किया था। इसके अलावा उन्होंने मॉर्निंग न्यूज शो में भी अपने अंदाज से लोगों को प्रभावित किया है।

पल्की का न्यूज प्रेजेंटेशन अन्य फीमेल एंकर्स से अलग है और यही उनके लिए प्राइम टाइम में पुरुष एंकरों को टक्कर देने का प्लस पॉइंट है। इसके अलावा खबरों को पेश करने का उनका अंदाज भी दर्शकों को काफी पसंद आता है। चैनल की बात करें तो ‘जी’ समूह ने करीब तीन साल पहले यानी वर्ष 2016 में विऑन की शुरुआत की थी। इसका मकसद भारत की आवाज को अंतर्राष्ट्रीय मंच तक प्रमुखता से पहुंचाना और वैश्विक मुद्दों पर भारत के नजरिये को पेश करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की मौजूदगी में इस अंग्रेजी न्यूज चैनल का शुभारंभ किया था।

विऑन की कमान वरिष्ठ पत्रकार और प्राइम टाइम के नंबर 1 शो ‘डीएनए’ के एंकर सुधीर चौधरी को सौंपी गई है। हाल ही में विऑन और रशियन न्यूज एजेंसी ‘स्पूतनिक’ के साथ करार हुआ है। दोनों समूहों के बीच यह करार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस यात्रा के दौरान ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में हुआ। इसे अब तक का पहला प्राइवेट मीडिया टाईअप कहा जा रहा है।

साभार-https://www.samachar4media.com से