1

महिला दिवस पर मुंबई में रैंप वॉक करेंगी दादी और नानी

मुंबई। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मुंबई में महिला व्यापार पेठ का एक सबसे अलग आयोजन होने जा रहा है। ऐसा पहली बार होगा कि महिला दिवस पर दादी और नानी बनी महिलाएं रैंप वॉक करेंगी। महिलाओं में उद्यमवृत्ति को बढ़ावा देने के लिए लोढ़ा फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय मेले का उदघाटन मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती अमृता देवेंद्र फडणवीस करेंगी।
ऑपेरा हाउस स्थित डायमंड मार्केट लेन में शनिवार की शाम 5 बजे यह कार्यक्रम शुरू होगा। मलबार हिल के विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा की उपस्थिति में होनेवाले महिला सशक्तिकरण के इस आयोजन के उदघाटन समारोह के जरिए श्रीमती अमृता फडणवीस पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम के तौर पर आयोजित इस कार्यक्रम में 50 से भी ज्यादा विभिन्न महिला समूहों द्वारा गृह उद्योग निर्मित वस्तुओं की दो दिवसीय सेल व एग्जीबिशन भी आयोजित की गई है। महिला व्यापार पेठ से होनेवाली सारी आय ‘बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ’ मिशन के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष में दी जाएगी।

इस दो दिवसीय आयोजन में हजारों महिलाएं भाग लेंगी। शनिवार और रविवार को शाम 4 बजे से शुरू होकर रात 10 बजे तक यह आयोजन चलेगा। इस दौरान हर घंटे एक लकी ड्रॉ खिलेगा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हो रहे इस आयोजन में महिलाओं के लिए होम मिनिस्टर, बेस्ट ड्रेस एवं कुकिंग कॉम्पीटिशन के आयोजन भी होंगे। महिला व्यापार पेठ में गिरगांव, ऑपेरा हाउस, खेतवाड़ी, प्रार्थना समाज, मलबार हिल, वालकेश्वर, ताड़देव, महालक्ष्मी आदि के विभिन्न महिला संगठनों की भी इस आयोजन में सहभागिता है। दादी – नानी रैंप वॉक इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण होगा। �

.