1

हीरो बना चूजे को बचाने पैसे के साथ अस्पताल तक दौड़ लगाने वाला बच्चा

नई दिल्ली। उत्तरपूर्वी भारत का एक लड़का सोशल मीडिया पर हीरो बन गया है। उसकी कहानी वायरल हो रही है। दरअसल, गलती से पड़ोसी के चूजे पर उसकी साइकिल चढ़ गई थी। खुद अपनी गलती का एहसास होने पर वह बच्चा चूजे की जान बचाने के लिए उसे नजदीकी अस्पताल ले गया।

इतना ही नहीं, उसके पास जितने पैसे थे वह भी उसने डॉक्टर को दे दिए। मामला मिजोरम राज्य के सैरांग का है, जहां वह लड़का साइकिल चला रहा था। एक हाथ में घायल चूजा और दूसरे हाथ में कुछ रुपए लिए उस बच्चे की तस्वीर लेकर किसी ने ऑनलाइन शेयर कर दी, जो अब वायरल हो गई है।

इस मामले ने राष्ट्रीय मीडिया का ध्यान आकर्षित कर लिया। बच्चे की कहानी और तस्वीर वाली पोस्ट पर एक लाख से अधिक प्रतिक्रियाएं आई हैं और उसे 73,000 बार शेयर किया गया है। वहीं, करीब 7,000 लोगों ने पोस्ट पर कमेंट किया है।

हालांकि, बाद में चूजे का क्या हुआ यह तो पता नहीं है। मगर, दिल को छू लेने वाली इस अच्छी खबर पर लोगों ने बच्चे की मासूमियत और बुद्धिमत्ता दोनों की प्रशंसा की। फेसबुक पर एक यूजर ने लिखा- मानवता में मेरा विश्वास बहाल हो गया है। वहीं, एक अन्य यूजर ने कमेंट किया- मुझे यकीन है कि वह बच्चा बड़ा होकर एक अच्छा और जिम्मेदार इंसान बनेगा। एक अन्य यूजर ने लिखा- वह बहुत प्यारा है, भगवान उसे और उसके माता-पिता को आशीर्वाद दें।