1

घूमते चक्र से होंगे मुंबई दर्शन

अब मुंबई के बीचों बीच समुद्र के किनारे विशाल चक्र(पहिए) के जरिए लंदन आई जैसा देखना संभव हो सकेगा. दरअसल मुंबई के बांद्रा वर्ली सी लिंक के पास महाराष्ट्र सरकार ने इसे बनाने का निर्णय लिया है. इस मुंबई आई का निर्माण महाराष्ट्र सरकार की ओर से एमएमआरडीए की तरफ से किया जाएगा. महाराष्ट्र के कई हिस्सों में पर्यटन के विकास के लिए मुंबई में भी विश्व स्तर के ऐसे प्रतीक बनाए जाएंगे.

बता दें कि 435 फीट ऊंचा लंदन आई का निर्माण साल 1999 में किया गया था. इस पर्यटन स्थल पर तकरीबन 30 लाख लोग सालाना भ्रमण करते हैं. इस पहिए के ऊपरी छोर से लंदन को अधिकांश हिस्से दिखाई देते हैं. इस लंदन आई से सालाना तकरीबन 70 मिलियन पाउंड की आय होती है. टेम्स नदी के किनारे पर बनाए गए लंदन आई की तर्ज पर विश्व के कई हिस्सों में भी इस तरह के प्रारूप बनाए गए हैं.

मुंबई के वर्ली सी लिंक के वर्ली इलाके में स्थान का चयन किया गया है. मुंबई आई से दक्षिण मुंबई के कई इलाके भी दिखाई देंगे. इस मुंबई आई से दक्षिण मुंबई के हाजी अली, सिद्धिविनायक, महालक्ष्मी मंदिर, अंबेडकर समाधि स्थल, सहित कई महत्वपूर्ण इलाके दिखाई देंगे. मुंबई के कई पर्यटन स्थलों में नया बनने वाला मुंबई आई सबसे अहम होगा. हालांकि इस प्रोजेक्ट पर खर्च को लेकर अभी अनिश्चितता बनी हुई है. इस मुंबई आई से पर्यटन में भी काफी इजाफा होने की संभावना है।