1

रायपुर में 14 सितम्बर को राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार समारोह

रायपुर। राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार वितरण समारोह राजधानी रायपुर में शुक्रवार 14 सितम्बर को आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय कपड़ा मंत्री श्रीमती स्मृति जुबिन ईरानी करेंगी। केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री श्री अजय टमटा समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। स्थानीय शासकीय विज्ञान महाविद्यालय परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में समारोह सवेरे 11 बजे शुरू होगा। समारोह में सांसदों, विधायकों और प्रदेश सरकार के मंत्रियों सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय की ओर से इस अवसर पर वर्ष 2016 के सिद्ध हस्तशिल्पियों को शिल्प गुरू पुरस्कार और राष्ट्रीय पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजन में आठ शिल्पियों को शिल्प गुरू पुरस्कार और 25 शिल्पियों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

प्रदेश सरकार के ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि यह पहला अवसर है, जब राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार वितरण के लिए प्रदेश की राजधानी रायपुर में समारोह आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समारोह में दिए जाने वाले शिल्प गुरू पुरस्कार की शुरूआत केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2002 में की गई थी। पुरस्कार के रूप में दो लाख रूपए नगद और एक स्वर्ण सिक्के के साथ शॉल, प्रमाण पत्र और ताम्र पत्र दिए जाएंगे। राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार की स्थापना केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 1965 में की गई थी। ये पुरस्कार सिद्ध हस्तशिल्पियों को उनके शिल्प के संवर्धन और कौशल स्तर के लिए दिया जाता है। राष्ट्रीय पुस्कारों में से प्रत्येक में एक लाख रूपए नगद, एक शॉल, एक प्रमाण पत्र और ताम्र पत्र देने का प्रावधान है। इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य और केन्द्र सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें भारतीय जीवन बीमा निगम, लीड बैंक (देना बैंक और सेंट्रल बैंक), भारत सरकार के हस्तशिल्प विकास आयुक्त कार्यालय, छत्तीसगढ़ सरकार के हस्तशिल्प विकास बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों और संस्थाओं द्वारा अपने स्टाल लगाए जाएंगे। जीवन बीमा निगम द्वारा शिल्पियों का बीमा भी किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में अब तक 18 हस्तशिल्पियों को विभिन्न विधाओं में राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इस बार के आयोजन में मिट्टी शिल्प के लिए श्री अशोक कुमार चक्रधारी को राष्ट्रीय मेरिट प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड द्वारा अब तक 91 शिल्पकारों को विभिन्न विधाओं में राज्य स्तरीय पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ में हस्तशिल्पियों की संख्या 2600 से बढ़कर अब तक 17 हजार के आस-पास पहुंच गई है। यह संख्या हस्तशिल्प के प्रति युवाओं के रूझान को भी प्रदर्शित करती है। प्रदेश सरकार के ग्रामोद्योग विभाग के उपक्रम छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड द्वारा राज्य हस्तशिल्प पुरस्कार योजना सहित हस्तशिल्पियों को बाजार दिलाने के लिए शबरी एम्पोरियम, छत्तीसगढ़ हाट और माटी कला बोर्ड की स्थापना की गई है। गरियाबंद, मोहला, मानपुर और बेलतरा में बांस शिल्प परियोजना तथा कोण्डागांव में बस्तर हस्तशिल्प विकास परियोजना का संचालन किया जा रहा है। शिल्पियों के लिए डिजाएनिंग विकास सहित मासिक आर्थिक सहायता योजना भी शुरू गई है। बोर्ड ने छत्तीसगढ़ में हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए केन्द्र सरकार को 26 करोड़ 56 लाख रूपए की एकीकृत डिजाइन परियोजना का भी प्रस्ताव भेजा है। इसमें दो हजार शिल्पी परिवारों को लाभ दिलाने का लक्ष्य है।