पत्रकार प्रियंका दुबे को चमेली देवी पुरस्कार

‘बीबीसी’ की पत्रकार प्रियंका दुबे को वर्ष 2018 के ‘चमेली देवी जैन’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए दिया जाता है। ‘मीडिया फाउंडेशन’ के अनुसार, ‘बीबीसी’ के दिल्ली ब्यूरो में संवाददाता के रूप में काम कर रहीं प्रियंका को नौ मार्च को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी भी उपस्थित रहेंगे।

प्रियंका कई मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं और वह अपने अलग अंदाज़ के लिए पहचानी जाती हैं। उनकी बहुआयामी, खोजी और जिज्ञासापरक रिपोर्टिंग को ध्यान में रखकर ही उन्हें ‘चमेली देवी जैन’ पुरस्कार के लिए चुना गया है। प्रियंका ने अपनी अधिकांश खबरों में ज्वलंत और जटिल सामाजिक तथा राजनीतिक मुद्दे उठाये हैं।

इस साल पुरस्कार के निर्णायक मंडल में पूर्व संपादक भारत भूषण, ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की वंदिता मिश्रा और ‘न्यूज एक्स’ की राष्ट्रीय संपादक शीला भट्ट शामिल थीं। पत्रकारिता में उत्कृष्टता के मानकों को बनाये रखने के लिए पिछले 37 साल से महिला पत्रकारों को यह पुरस्कार प्रदान किया जाता रहा है। पुरस्कार मीडिया फाउंडेशन संस्था द्वारा प्रदान किया जाता है, जिसके प्रमुख ‘ट्रिब्यून’ अखबार के पूर्व प्रधान संपादक हरीश खरे हैं। इस पुरस्कार की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी और गृहिणी चमेली देवी जैन के नाम पर की गयी थी।