1

रीतेश देशमुख ने मुंबई में प्रदर्शन कर रहे किसानों की तारीफ की

इनदिनों देशभर में 10वीं और 12वीं की बोर्ड की परीक्षा हो रही हैं। मुंबई में भी एसएससी बोर्ड की परीक्षाएं हो रही हैं। वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों से 50,000 से अधिक किसान मुंबई की सड़कों पर हैं।

सेंट्रल मुंबई से लेकर करीब करीब पूरी मुंबई में लाल टोपी धारी किसान महिला और पुरुष का जमावड़ा लगा हुआ है। मुंबई के आजाद मैदान में एकत्रित हुए हजारों किसानों का आज मुंबई के छात्र ही नहीं बल्कि हर कोई शुक्रिया अदा कर रहा है।

अभिनेता रीतेश देशमुख ने ट्वीट कर किसानों का शुक्रिया अदा किया है। रीतेश ने ट्वीट में कहा है कि अपनी मांगों के साथ मुंबई पहुंचे किसानों का शुक्रिया अदा करना चाहिए। 180 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर मुंबई पहुंचे किसान रात भर चलते रहे और एक ऐसी जगह एकत्रित हुए जहां से एसएससी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को जाम का सामना न करना पड़े।

किसानों के मुंबई पहुंचने से जहां पूरी मुंबई अस्त व्यस्त हो चुकी है वहीं रीतेश देशमुख का यह ट्वीट चौंकाने वाला है। उन्होंने लिखा कि किसानों ने अपनी रैली में इस बात का पूरा ध्यान रखा है कि छात्रों को उनकी परीक्षा देने जाने में कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने इस मामले में किसानों को सैल्यूट भी किया है, साथ ही जय जवान का नारा भी लगाया है।