1

संतोष सिंह जैन का निधन

भारतीय फिल्म बाजार के विशेषज्ञ संतोष सिंह जैन का मुंबई में निधन हो गया। वह 97 साल के थे। उनके पड़पोते हर्ष जैन ने बुधवार को ट्वीट किया, ‘हमारे परिजन और फिल्म व्यापार विशेषज्ञ संतोष सिंह जैन का मुंबई स्थित उनके आवास पर आज तड़के लगभग चार बजे निधन हो गया। जैन साहब ने पेशेवर और निजी जिंदगी को शानदार तरीके से जीया। हमें हमेशा आपकी याद आएगी ‘डैडी’।’ मुंबई के मराठा मंदिर में गेट कीपर से अपने कैरियर की शुरुआत करने वाले संतोष सिंह जैन ने अपनी दूरदृष्टि, संपर्कों और सोच से सेंट्र्ल सर्किट सिने एसोसिएशन के माध्यम पूरे फिल्म उद्योग में ज़बर्दस्त धाक जमाई।

‘सेंट्रल सर्किट सिने एसोसिएशन’ (सीसीसीए) और ‘फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एफएफआई) के 34 वर्ष तक अध्यक्ष रहे जैन के निधन पर फिल्म जगत के व्यापार विभाग के कई लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। पांच अक्टूबर को ही उन्होंने अपना जन्म दिन मनाकर जीवन के अंतिम दिनों के लिए जैन समाज की परंपरा के अनुसार संथारा का व्रत ले लिया था, जिसके तहत मृत्यु आने तक अन्न-जल नहीं ग्रहण करेंगे।

इन्दौर में भी सेंट्रल सिने सर्किट एसोसिएशन (सीसीसीए) में रिकॉर्ड 43 बार अध्यक्ष पद संभालने वाले संतोष सिंह जैन के निधन पर संस्था ने गुरुवार को शोक जताया। इसमें बसंत लड्ढा, किशोर भुराड़िया, मनोहर देव़ प्रेमदेव, त्रिलोकीनाथ कपूर, गोविंद आचार्य, आरडी जैन, राजेश करोसिया, आदर्श यादव, आनंद यादव, अनिल साबू, बृजभूषण चतुर्वेदी व अन्य उपस्थित थे।
लेखक-फिल्मकार अमित खन्ना ने कहा कि वह भारतीय फिल्म उद्योग के सबसे वरिष्ठ सदस्य थे। यहां उन्होंने निमार्ता, वितरक, प्रदर्शक और फाइनेंसर के तौर पर काम किया। खन्ना ने कहा, ‘जैन साहब, भारतीय फिल्म उद्योग में आपके योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। सम्मान सहित। आपकी आत्मा को शांति मिले।’

फिल्म व्यापार विश्लेषक कोमल नाहटा ने ट्वीट किया, ‘बेहत मृदुभाषी संतोष सिंह जैन के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। फिल्म व्यापार से जुड़े लोग उन्हें फिल्म उद्योग का भीष्म पितामह मानते हैं। वह अपने पीछे पूरा फिल्म व्यापार विभाग छोड़ गए हैं, जो एक सुपरमैन के निधन पर शोक मनाएगा।’

व्यापार विशेषज्ञ अतुल मोहन ने कहा, ‘संतोष सिंह जैन को आयरनमैन भी कहा जाता था।’ मोहन ने कहा, ‘वह सीसीसीए के सबसे ज्यादा समय (34 वर्ष) तक अध्यक्ष रहे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’