1

सिंहस्थ के कामों में रेल्वे हर संभव मदद देगाःश्री सुरेश प्रभु

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने म.प्र. के विदिशा पहुँचे  केन्द्रीय रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु से मुलाकात के दौरान आग्रह किया कि आगामी सिंहस्थ के मद्देनजर मध्यप्रदेश की निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं को तेजी से पूरा करवाया जाये। केन्द्रीय रेल मंत्री श्री प्रभु ने आश्वस्त किया कि इन परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आगामी सिंहस्थ के मद्देनजर खण्डवा से महू की रेलवे लाईन महत्वपूर्ण है। इन दिनों रतलाम-इन्दौर-महू-खण्डवा पर गेज परिवर्तन का कार्य चल रहा है। इसे सिंहस्थ के पहले पूरा करना जरूरी है। इसी तरह चिंतामन-फतेहाबाद सेक्शन उज्जैन शहर का एक महत्वपूर्ण लिंक है जिस पर पश्चिमी भाग से श्रद्धालुओं का आगमन होता है। करीब 27 किलोमीटर के इस सेक्शन को गेज परिवर्तन के लिये बंद किया गया है। इसे शीघ्र खोला जाना आवश्यक है। गेज परिवर्तन का कार्य सिंहस्थ के बाद किया जा सकता है। ललितपुर-सिंगरोली रेलवे लिंक के कुछ सेक्शनों में निर्माण पूरा हुआ है। बुंदेलखण्ड के लिये यह महत्वपूर्ण रेल परियोजना है। इसे शीघ्र पूरा किया जाना चाहिये। इसी तरह जबलपुर-गोंदिया गेज परिवर्तन के कई सेक्शन अपूर्ण है जिन्हें पूर्ण किया जाना है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि पवारखेड़ा में मण्डी बोर्ड द्वारा मल्टी मॉडल लाजिस्टिक हब बनाया जा रहा है। इस परियोजना में तीन और रेलवे साइडिंग निर्मित है जिनका कनेक्शन रेल लाइन से होना है। इसके लिये रेलवे विभाग की एन.ओ.सी. शीघ्र प्रदान की जाये। ये लाजिस्टिक हब मध्य रेलवे के इटारसी रेलवे जंक्शन के समीप है जो रेलवे परिवहन के लिये महत्वपूर्ण है। केन्द्रीय रेल मंत्री श्री प्रभु ने आश्वस्त किया कि इन सभी परियोजनाओं में प्राथमिकता से कार्य करवाये जायेंगे। चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस और सचिव श्री विवेक अग्रवाल भी उपस्थित थे।