1

ये हिंदू का घर है कांग्रेस का आना मना है, कर्नाटक में लोगों ने लगाए पोस्टर

‘ये हिंदू का घर है, कांग्रेस का आना मना है’। जी हां, कर्नाटक में कुछ घरों के बाहर ऐसे ही वाक्य लिखे पोस्टर चिपकाए गए हैं। मंगलुरु के बंटोल रीजन में ऐसे कई सारे पोस्टर लोगों के घरों के बाहर लगे हैं। इन पोस्टर में कांग्रेस को एक खास संप्रदाय के घर पर नहीं आने की हिदायत दी गई है। आपको याद दिला दें कि कर्नाटक में 12 मई को विधानसभा का चुनाव होना है और यहां पर इस चुनाव में इस बार धर्म और जाति के मुद्दे को सभी राजनीतिक दल अपने-अपने फायदे के हिसाब से इस्तेमाल कर रहे हैं। इस बीच बंटोल रीजन जहां से कांग्रेस नेता रामनाथ राय विधायक हैं वहां कांग्रेस के खिलाफ ऐसे पोस्टर लगने से माहौल गरमा गया है। दरअसल यह पूरा मामला जुड़ा है कुछ साल पहले एक लड़की के धर्म परिवर्तन से।

ज्ञानश्री नाम की इस लड़की ने घर से भाग कर अपने प्रेमी से शादी रचा ली थी। इसके बाद ज्ञानश्री ने अपना धर्म परिवर्तन कर इस्लाम कबूल कर लिया था। लड़की के इस्लाम कबूल कर लेने के बाद उसके परिवार वालों और गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ कांग्रेसी नेताओं ने जबरदस्ती लड़की को इस्लाम धर्म में परिवर्तित कराया। इस घटना के बाद गांव वालों ने तय किया कि अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाना है। गांव के लोगों ने यहां कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाया है और उन्हें अपने घरों पर ना आने की हिदायत दी है।

आपको बता दें कि कर्नाटक चुनाव में हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा छाया हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत जहां मंदिरों में मत्था टेकने के बाद किया था तो कुछ ही दिन पहले 20 अप्रैल को राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अमित शाह के धर्म को लेकर सवाल उठाया था। सिद्धरमैया ने कहा था कि “अमित शाह कहते हैं मैं (सीएम) हिंदू नहीं हूं। लेकिन खुद शाह हिंदू नहीं हैं। वह जैन हैं। शायद ही वह हिंदुत्व में यकीन रखते हों। अगर वह हिंदू हैं तो यह बात सबके सामने स्वीकार करें। कहें कि वह हिंदू हैं, न कि जैन।

इससे पहले शाह ने भी सिद्धारमैया पर निशाना साधा था। कुछ दिनों पहले चित्रदुर्गा में हुई रैली में उन्होंने कहा था कि सिद्धारमैया हिंदुत्व विरोधी हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का आरोप था कि हिंदू आतंकवाद और भगवा के नाम का इस्तेमाल कर कांग्रेस ने पूरी दुनिया में भारत की बदनामी कराई है।