1

भोपाल में कश्मीरी शिकारों की सैर का मजा

भदभदा पुल स्थित सैर सपाटा में टूरिस्ट्स की बढ़ती संख्या को देखते हुए मध्‍यप्रदेश पर्यटन विकास निगम ने कम्पलीट फैमिली आउटिंग के तहत छह नए शिकारे उतारे हैं। इनमें से तीन शिकारे बड़े तालाब में उतार दिए गए हैं। बाकी के तीन शिकारे कोलकाता से आएंगे।

कश्मीर की झीलों में चलने वाला शिकारा 2013 में पहली बार सैर सपाटा लाया गया था। गौरतलब है कि सन 2011 में बना सैर सपाटा लोगों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं था। इसमें बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क से लेकर रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।

फाइबर, स्‍टील से तैयार

 

मध्‍यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के टेक्निकल इंचार्ज आरपी शर्मा ने बताया कि मूलत: कश्मीरी पहाड़ियों के बीच झीलों में चलने वाले शिकारे का निर्माण फाइबर और स्टील से किया गया है, जिसकी लंबाई 22 फीट है। यह शिकारा पूरी तरह लाइटवेट है। इसके अलावा तेज धूप और बारिश से बचने के लिए इसके ऊपर शेड और चारों तरफ पर्दे लगाए गए हैं। साथ ही टूरिस्ट्स की सुविधा को देखते हुए इसके अंदर आइस बॉक्स, कोल्ड ड्रिंक बॉक्स एवं पानी की व्यवस्था की गई है।

झील में चलेगी 'नर्मदा'

शर्मा ने बताया कि नए शिकारे को मिलाकर सैर सपाटा में कुल 7 शिकारे हो गए हैं। इनका नाम प्रदेश की प्रसिद्ध नदियां शिप्रा, नर्मदा और कोलांस रखा गया है। वहीं, आने वाली अन्य तीन शिकारों का नाम बेतवा, अजनाल और ताप्ती रखे जाएंगे। उन्होंने बताया कि शिकारे के किराए और उद्घाटन की स्थिति आगामी दिनों में स्पष्ट हो जाएगी। यह सुविधा सुबह 11 से शाम 5 बजे तक जारी रहेगी।

 

साभार- दैनिक नईदुनिया से