1

पश्चिम रेलवे, प्रधान कार्यालय में हिन्दी कार्यशाला का आयोजन

मुंबई। पश्चिम रेलवे के मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री एस. एन. अग्रवाल की अध्यक्षता में 11 अगस्त, 2016 को प्रधान कार्यालय, चर्चगेट में राजभाषा विभाग द्वारा हिन्दी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस हिन्दी कार्यशाला में परिचालन विभाग के उप मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री राहुल हिमालयन ने ”तकनीकी कार्यों में हिंदी के प्रयोग में आने वाली समस्याएँ और उनका समाधान” विषय पर तथा उप महाप्रबंधक (राजभाषा) डॉ. सुशील कुमार शर्मा ने सितम्बर माह में आयोजित किए जाने वाले राजभाषा पखवाड़े के विभिन्न कार्यक्रमों, राजभाषा प्रगति रिपोर्ट तैयार करने और हिंदी प्रोत्साहन योजनाओं के सम्बंध में पश्चिम रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यापक जानकारी दी।

मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री एस. एन. अग्रवाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए राजभाषा में कार्य को बढ़ाने के लिए कम्प्यूटरों में यूनिकोड अनिवार्य रुप से इनेबल करने पर बल दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी मदों में राजभाषा का प्रयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस हिन्दी कार्यशाला में पश्चिम रेलवे के 42 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। अंत में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्री अशोक कुमार लोंढे के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हिन्दी कार्यशाला सम्पन्न हुई ।