1

महाकाल मंदिर में भस्मआरती के दौरान लगी आग

मध्य प्रदेश के उज्जैन विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में सोमवार की सुबह आरती के दौरान गुलाल उड़ाने की वजह से भड़की आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पुजारी सहित 14 लोग झुलस गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्जैन हादसे घटना को पीड़ादायक करार देते हुए दुख जताया है और मुख्यमंत्री मोहन यादव घायलों को हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के उपचार के लिए एक-एक लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है।

सूचना के अनुसार आग उस समय लगी जब धुलेंडी पर्व मनाने के दौरान रंग और गुलाल उड़ाया जा रहा था। इसी दौरान पुजारी कपूर से महाकाल की आरती भी कर रहे थे। अचानक आग भभकी और ऊपर लगे फ्लैक्स को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि इसी फ्लेक्स का जलता हुआ हिस्सा नीचे आ गिरा। जिससे आग की चपेट में आकर पुजारी और सेवक झुलस गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी लगते ही कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा अस्पताल पहुंचे। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सोर्स बताते हैं कि छह पुजारी और सेवको को उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है। इस घटना के दौरान सीएम मोहन यादव के बेटे और बेटी भी मंदिर में मौजूद थे। दोनों भस्मारती दर्शन करने गए थे। दोनों सुरक्षित हैं।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मीडिया प्रतिनिधियों को बताया कि बाबा महाकाल की कृपा से बड़ी दुर्घटना टली है, यह दुखद और पीड़ादायक घटना है। भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज प्रात: आग लगने की घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।