1

ट्विटर पर फोटो जोड़ने पर भी शब्द सीमा 140 ही रहेगी

ट्विटर यूजर्स के लिए अच्छी खबर है। यह माइक्रो ब्लागिंग साइट अब 140 शब्द सीमा के साथ फोटो और लिंक के कैरेक्टरों की गिनती नहीं करने पर विचार कर रही है। ऐसा होने से ट्विटर प्रयोग करने वाले अपने संदेश अधिक सुविधा से बना पाएंगे। अमेरिकी पत्रिका ‘द वर्ज’ की सोमवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है, ‘अगले दो सप्ताह में यह बदलाव लागू हो सकता है।’

हालांकि ट्विटर ने इस पर टिप्पणी करने से इन्कार किया है। मौजूदा व्यवस्था के तहत ट्विटर पर लिंक और फोटो संलग्न (अटैच) करने से ट्वीट की शब्द गिनती में क्रमशः 23 और 24 कैरेक्टर बढ़ जाते हैं। इसकी वजह से शेष संदेश लिखने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं।

ट्विटर की कोशिश है कि वह अपनी सेवा को यूजर्स के लिए अधिक से अधिक सुगम बनाए। पहले ऐसी खबरें आईं थीं कि ट्विटर पर 140 शब्द सीमा को बढ़ाकर 10,000 किया जाएगा। हालांकि ट्विटर के मुताबिक, अभी इस सीमा को बढ़ाने में कुछ और समय लगेगा।

हाल ही में एक टीवी कार्यक्रम में ट्विटर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जैक डोर्से ने कहा था कि 140 शब्द सीमा बिल्कुल उपयुक्त है। ट्विटर कभी इस सीमा को खुद से अलग नहीं करेगा।

उनके अनुसार, ‘यह (140 शब्द सीमा) बनी हुई है। यह हमारे लिए एक अच्छी बाध्यता है। यह हमें संक्षेप में बात कहने का मौका देती है… हम बहुत कुछ बदल रहे हैं। ट्विटर को बेहतर बनाने के लिए हम हमेशा विशेष प्रयास करते रहे हैं।’ इससे पहले जनवरी में आई मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि ट्विटर नए फीचर अपनाने जा रही है, जिससे उपयोगकर्ता 140 शब्द से अधिक लंबे संदेश लिख पाएंगे।