1

अरविंद केजरीवाल पर बनी फिल्म टोरंटो फिल्म महोत्सव में

आम आदमी पार्टी (आप) के उदय और उसके नेता अरविंद केजरीवाल की तरक्की को दर्शाने वाली डॉक्युमेंट्री “एन इनसिग्निफिकेंट मैन” टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित की जाएगी। समारोह में भारत की दो अन्य डाक्युमेंट्री भी दिखाई जाएंगी।

“एन इन्सिग्निफकंट मैन” का निर्देशन खुशबू रांका और विनय शुक्ला ने किया है। खुशबू और विनय का कहना है कि उनकी यह फिल्म लोकतंत्र को आकार देने वाली विभिन्न ताकतों के अध्ययन का एक प्रयास है। दोनों निर्देशकों ने एक बयान में कहा, “आजकल आम आदमी पार्टी चर्चा का केंद्र है। हमारी फिल्म की कहानी, लोकतंत्र को लेकर वैश्विक चिंताओं की प्रतिध्वनि है। हमारा प्रयास लोकतंत्र को आकार देने वाली विभिन्न ताकतों का संक्षिप्त चित्रण करना है, जिनमें सबसे बड़ा मतदाता है।”

8 से 18 सितंबर तक चलने वाले सालाना टोरंटो फेस्ट में जो अन्य भारतीय डाक्युमेंट्री प्रदर्शित होंगी उनमें अमित मधेशिया व शर्ले अब्राहम की “द सिनेमा ट्रैवर्ल्स” और रिकी मेहता की “इंडिया इन ए डे” होंगी। “द सिनेमा ट्रैवर्ल्स”, भारत में घुमंतू सिनेमा पर आधारित डाक्युमेंट्री है।