1

अटलजी के सुशासन के संकल्प को साकार कर रहे हैं मोदी : पीयूष गोयल

‘अंधेरा छंट गया, सूरज निकला और कमल खिल गया’ अटलजी की वाणी सत्य हुई : हेमामालिनी
सच्चे मुंबईकर थे अटलजी : आशीष शेलार
सुशासन दिवस की सार्थकता अटलजी के आदर्शों पर चलता भारत- नारायण राणे

वाणिज्य और उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण, कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने आज यहाँ दावा किया कि अटलजी के सुशासन के संकल्प को पीएम मोदी साकार कर रहे हैं । अटलजी भ्रष्टाचार ख़त्म करने के लिए लड़ते रहे आज मोदीजी उसे ख़त्म करने के लिए नीत नवीन उपक्रम कर रहे हैं। ग़रीब कल्याण जैसी अनेक योजनाएँ समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों का दुख दर्द दूर करने के लिये चलाई जा रही हैं ।

श्री गोयल सोमवार की रात मुंबई के रंगशारदा हॉल में आयोजित अटलबिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती के एक समारोह में बोल रहे थे। मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र की संस्था दीप कमल फाउंडेशन द्वारा पिछले सत्रह वर्षों से हो रहे इस आयोजन में मथुरा की सांसद अभिनेत्री हेमामालिनी को अटल सम्मान प्रदान किया गया। संस्था का स्मृति चिन्ह देकर व् शाल ओढ़ाकर पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार,राज्य के मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा आदि ने हेमामालिनी का सम्मान किया। सभी अतिथियों को अटलजी की प्रतिमा भेट कर स्वागत किया गया।

सम्मान ग्रहण करने के बाद हेमामालिनी ने कहा कि मुझे बहुत बड़े बड़े सम्मान मिले पर अटलजी के नाम से मिला यह सम्मान मेरे लिये बड़ा मायने रखता है। हेमाजी ने अटलजी के अनेक संस्मरण सुनाए। उन्होंने दीप कमल फाउंडेशन के प्रति कृतज्ञता जताई कि पिछले साल देवेंद्र फडणवीस को दिया गया अटल सम्मान इस वर्ष उन्हें दिया गया।हेमाजी ने कहा कि अटलजी द्वारा कहा गया वाक्य बहुत सटीक रहा कि आज अंधेरा छँटा है सूरज उगा है और कमल खिला भी है। अटलजी के प्रधानमंत्रित्व काल में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने भी अटलजी की संवेदनशीलता के अनेक क़िस्से सुनाये और हेमाजी को यह सम्मान दिये जाने की वकालत की।

श्री राणे ने लोगों से आग्रह किया कि सुशासन दिवस की सार्थकता तब है जब अटलजी के आदर्शों पर पूरा भारत चले।उपनगर के पालक मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने कहा कि भारत की प्रगति देख कर अटल जी की आत्मा अवश्य प्रसन्न हो रही होगी। मुंबई भाजपा अध्यक्ष एवंविधायक आशीष शेलार ने अटल जी को एक सच्चा मुंबईकर बताते हुए कहा किअटल जी जहाँ होते थे वहीं रम जाते थे मराठी भाषा के प्रति अटल जी के प्रेम का उल्लेख हुए उन्होंने कहा कि

अटल जी का जीवन हम सबके लिए आदर्श है।अटल महाकुंभ के संयोजक अमरजीत मिश्र ने अटलजी व मोदीजी के बीच साम्य बताते हुए कहा कि अटल जी ने पोखरण परमाणु परीक्षण कर दुनिया को भारत का रुतबा बताया था तो मोदीजी ने सर्जिकल स्ट्राइक कर संसार को बताया कि नया भारत कितना समर्थ है। भोजपुरी फ़िल्मों की अभिनेत्री स्मृति सिन्हा व मराठी फ़िल्मों की अभिनेत्री अदिति सारंगधर ने अटल जी की कविता प्रस्तुत की। स्मिता गवणकर ने सुंदर संचालन किया

पूर्व मंत्री राज पुरोहित, भाजपा नेता किरीट भंसाली, अटल जी के सहयोगी रहे दिवंगत शिवकुमार की पुत्रवधू अलका पारेख, ऑस्कर मीडिया के मालिक आनंद सिंह सहित हिन्दी, मराठी, भोजपुरी फिल्म, रंगमंच, साहित्य जगत की विशिष्ट हस्तियों सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।