1

भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन पर समाजवादी पार्टी सरकार द्वारा बर्बर लाठी-चार्ज की निंदा

गोरखपुर। लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी के शान्तिपूर्ण और लोकतांत्रिक प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी सरकार द्वारा बर्बर लाठी-चार्ज निन्दनीय है। यह प्रदेश सरकार की हताशा और निराशा को प्रदर्शित करता है।

उक्त प्रतिक्रिया गोरक्षपीठाधीश्वर एवं गोरखपुर के सांसद महन्त योगी आदित्यनाथ जी ने लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हुए बर्बर लाठीचार्ज पर व्यक्त कियें। उन्होंने कहा कि अपनी नाकामयाबियों को छुपाने के लिए प्रदेश सरकार लोकतान्त्रिक तरीकें से आन्दोलन का अधिकार भी जनता से छिनना चाहती है। कौन नही जानता है कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बद् से बद्त्तर हो गयी है। अराजकता चरम पर है।

हत्या, लूट, अपहरण, बलात्कार की 250-300 घटनाएं प्रतिदिन प्रदेश में घटित हो रही है। विकास कार्य ठप्प पड़े है। केन्द्र सरकार की योजनाओं पर अपना ठप्पा लगाकर प्रदेश सरकार जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। पेशेवर अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण देकर कानून व्यवस्था की बद्त्तर स्थिति के लिए प्रदेश सरकार स्वंय जिम्मेदार है। अपराधियों और पेशवर माफियाओं के प्रति ये सरकार नरम है लेकिन आमजन और विपक्षी राजनीतिक दलों के प्रति इसका व्यवहार कितना बर्बर एवं तानाशाहीपूर्ण है वह लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज की घटना इसका उदाहरण है। ये आश्चर्यजनक है कि इस सरकार में अपराधी बेखौफ हो गये है। दिनदहाड़े कहीं भी हत्या हो जा रही है या इस सरकार का संरक्षण पाये गुण्डे, माफिया दिनदहाड़े कहीं भी दलहाने का दुस्साहस कर सकते है। ऐसे अपराधियों और गुण्डा तत्वों पर नियंत्रण करने के बजाय ये सरकार आमजन और विपक्षी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं को लाठी और गोली से दबाने का कार्य कर रही है।

अब उत्तर प्रदेश की व्यवस्था पर राजनैतिक दल अंगुली नही उठा रहे है बल्कि देश की संवैधानिक संस्थाये भी उत्तर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली एवं कानून व्यवस्था पर गम्भीर प्रश्न खड़ा कर रहे है। शान्तिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर बर्बर लाठी चार्ज, आॅसू गैस के गोले छोड़ना न केवल निन्दनीय है अपितु उ0प्र0 सरकार की उल्टी गिनती की शुरूआत भी है। उ0प्र0 सरकार अपने पापों से जायेगी यह लखनऊ की घटना ने साबित कर दिया है।