एक भक्‍त ने महाकाल को अर्पित किए 1 लाख 8 हजार रुपये कीमत के दो आम

 उज्जैन । जबलपुर निवासी संकल्प परिहार ने उज्‍जैन में भगवान महाकाल को दो ऐसे  आम अर्पित किए हैं जिनकी कीमत 1 लाख आठ हजार रुपये हैं। जापान व ऑस्ट्रेलिया में होने वाली आम की ये किस्में परिहार ने अपने फार्म हाउस में उगाई है।  यह आम ऑस्ट्रेलिया की आर2-ई2 तथा जापान की मियाजाकी प्रजाति के हैंl मियाजाकी आम की कीमत 90000 रुपये तथा आर2-ई2 आम की कीमत 18000 रुपये है। संकल्‍प सिंह परिहार  हर वर्ष उज्‍जैन के महाकाल मंदिर आकर भगवान को आम अर्पित करते हैं।

12 एकड़ जमीन पर फैले इस फार्म हाउस का नाम महाकाल हाइब्रिड फॉर्म है। इस फार्म हाउस में आम के करीब डेढ़ हजार पेड़ हैं। यहां आम की एक दर्जन से अधिक किस्‍में हैं। फार्म में इसमें 24 वैरायटी के 1000 आम और 52 एक्सक्लूसिव ब्रीड के आम के पेड़ लगे हुए हैं।

मियाजाकी आम दुनिया के सबसे महंगे आमों में से एक है। यह आम जापान के मियाजाकी प्रांत से आया है, इसलिए इसे मियाजाकी आम कहा जाता है। इसका मूल नाम ‘ताइयो-नो-टोमागो’ है। यह आम गहरे लाल रंग का होता है। इसका वजन करीब 350 ग्राम होता है। जब यह पूरी तरह से पक जाता है तो इसका वजन 900 ग्राम तक पहुंच जाता है। इसकी अंतर्राष्‍ट्रीय बाजार में कीमत 2.75 लाख रुपये प्रति किलोग्राम बताई जाती है।