1

नई खोजों की रोमांचक दुनिया

दुर्लभ कारों से लेकर फ्रीडम राइड तक, मॉड्यूलर घरों से लेकर माइक्रोप्रोसेसर तक, हेनरी फोर्ड म्यूज़ियम ऑफ अमेरिकन इनोवेशन में ऐसी बहुत-सी चीज़ें प्रदर्शित हैं जिनमें अद्भुत रचनात्मकता का पुट है।

अमरीका के डीयरबोर्न, मिशिगन स्थित हेनरी फोर्ड म्यूजियम ऑफ अमेरिकन इनोवेशन में जाने वाले हर व्यक्ति को वहां जाकर कल्पनाशक्ति, चातुर्य और रचनात्मकता का वह बोध होता है जिसने अमेरिका के निर्माण में महती भूमिका निभाई है। इस संग्रहालय का उद्देश्य अमेरिकी नवप्रवर्तनों के महत्वपूर्ण क्षणों को इस तरह से सहेजना है कि वे लोगों के बेहतर भविष्य के लिए प्रेरक बन सकें। ऑटोमोबाइल के इतिहास से लेकर उस अग्रणी नवतकनीक तक जिसके चलते विमानों का उड़ना संभव हो पाया, अमेरिका की समृद्ध संस्कृति के इतिहास से लेकर थॉमस अल्वा एडिसन की निजी प्रयोगशाला तक, हेनरी फोर्ड म्यूजियम आपको, अमेरिका आज जो है, उसे बनाने वाली अद्भुत खोजों और लोगों की दास्तां बताता है।

हेनरी फोर्ड म्यूजियम में तमाम महान आविष्कारकों की दास्तां को संवादी प्रदर्शनियों के माध्यम से दर्शाया गया है, साथ ही यहां दुर्लभ ऐतिहासिक कलाकृतियों का बहुत बड़ा संग्रह है। यहां आने वाले सैलानी अमेरिका के कुछ महान विचारकों और कर्मयोगियों को अपनी श्रद्धांजलि भी दे सकते हैं। म्यूज़ियम में विशेष प्रदर्शनियां सैलानियों के लिए प्रेरक तो बनती ही हैं, साथ ही उन्हें वहां प्रत्यक्ष सीखने का भी अनुभव मिलता है। हेनरी फोर्ड म्यूज़ियम में वाइस प्रेसिडेंट ऑफ वेन्यूज़ जॉन नील्सन का कहना है, ‘‘हेनरी फोर्ड म्यूजियम ऑफ अमेरिकन इनोवेशन में तकनीक और सामाजिकता से जुड़े उन विचारों और नवप्रवर्तनों को प्रदर्शित किया जाता है जिनकी वजह से दुनिया में बदलाव आ सके और वे आज भी हमारे लिए प्रेरक बने हुए हैं।’’ वह बताते हैं, ‘‘यह एकमात्र स्थान है जहां पर्यटक विश्व का प्रीमियर ऑटोमोटिव संग्रह देख सकते हैं, विमानन सेवा के शुरुआती दौर को समझ सकते हैं और राष्ट्रपतियों के लिए बनी कई लिमोजीन गाडि़यों को करीब से देख सकते हैं, साथ ही वे सशक्त बदलाव की प्रतीक कलाकृतियों का अनूठा संग्रह देख सकते हैं।’’ हेनरी फोर्ड म्यूज़ियम में चार प्रदर्शनी स्थल हैं- हेनरी फोर्ड म्यूज़ियम ऑफ अमेरिकन इनोवेशन, ग्रीनफील्ड विलेज, फोर्ड फैक्ट्री टुअर और द बेंसन फोर्ड रिसर्च सेंटर। यहीं हेनरी फोर्ड एकेडेमी भी है जो पब्लिक चार्टर हाईस्कूल है। हेनरी फोर्ड म्यूजियम अमेरिका के सबसे बड़े इनडोर-आउटडोर कॉम्प्लेक्सों में से एक है।

म्यूज़ियम का नाम जानेमाने अमेरिकी उद्योगपति और ऑटोमोबाइल उद्योग की विख्यात शख्सियत और फोर्ड मोटर कंपनी के संस्थापक हेनरी फोर्ड के नाम पर किया गया है। हालांकि उन्होंने ऑटोमोबाइल या उसकी एसेंबली लाइन का आविष्कार नहीं किया था, लेकिन उन्होंने 20वीं सदी की शुरुआत में सबसे पहले अमेरिकी मध्य वर्ग के लिए किफायती ऑटोमोबाइल को उपलब्ध कराने में महती भूमिका निभाई। जब फोर्ड मोटर कंपनी ने 1908 में अपने विख्यात मॉडल टी ऑटोमोबाइल को बाजार में उतारा तो उसने आम लोगों को यातायात के लिए न सिर्फ एक किफायती माध्यम का विकल्प दिया बल्कि वह अमेरिका में आधुनिक दौर का एक प्रतिष्ठित प्रतीक भी बन गया। ऑटोमोटिव उद्योग में फोर्ड के योगदान को हेनरी फोर्ड म्यूज़ियम में ‘‘ड्राइविंग अमेरिका’’ में देखा जा सकता है। म्यूज़ियम में आने वाले हर किसी व्यक्ति को इसे जरूर देखना चाहिए। ड्राइविंग अमेरिका में 100 से ज्यादा ऐतिहासिक वाहनों के अलावा 20 संवादी टचस्क्रीन हैं जहां ऑटोमोबाइल के शानदार इतिहास को गतिविधियों, वीडियो इंटरव्यू, चित्रों और कलाकृतियों के जरिए समझा जा सकता है।

वर्ष 1947 में फोर्ड के निधन के बाद भी म्यूजियम के स्टाफ ने उनके इस नजरिए को सम्मान और विस्तार देने का काम जारी रखा कि भविष्य को प्रेरित रखने के लिए अतीत का संरक्षण जरूरी है। वर्ष 2004 में फोर्ड मोटर कंपनी ने संग्रहालय के साथ एक नई सहभागिता की शुरुआत की ‘‘द फोर्ड फैक्ट्री टुअर।’’ इसमें पूरी तरह से मौके पर ही पर्यटकों को ऑटोमोबाइल के उत्पादन का अनुभव कराया जाता है। पांच चरणों वाला, यह एक ऐसा प्रदर्शन है जिसे आप खुद ही निर्देशित करते हैं और इसमें फोर्ड एफ-150 ट्रकों को उस तरह से बनते देखा जा सकता है जैसे वे वास्तव में असेंबली लाइन पर तैयार किए जाते हैं। यात्रियों को फैक्ट्री तक ले जाने के लिए बसें उपलब्ध होती है जो म्यूजियम से करीब 15 मिनट की दूरी पर स्थित है।

वर्ष 2014 में, हेनरी फोर्ड ने अपनी सबसे पहली राष्ट्रीय टेलीविजन सिरीज ‘‘द हेनरी फोर्ड्स इनोवेशन नेशन’’ की शुरुआत संग्रहालय के साथ सहभागिता में की। एमी पुरस्कार विजेता आधे घंटे के इस शो की खासियत यह है कि यह आज के अन्वेषियों की उन कोशिशों को लोगों के सामने लाता है जिसमें नए तरह से सोचने के लिए खुद को चुनौती दी ताकि एक बेहतर भविष्य के समाधान तलाशे जा सकें। इस धारावाहिक के हर अंक में हेनरी फोर्ड म्यूज़ियम की कलाकृतियों, खास अनुभवों और आने वाले विशेष आयोजनों, गतिविधियों और प्रदर्शनियों को खासतौर से प्रचारित किया जाता है।

हेनरी फोर्ड का एक अन्य कार्यक्रम यहां होने वाला सालाना नेशनल इनवेंशन कनवेंशन है, जहां अमेरिका भर के युवा अन्वेषियों और उद्यमियों का समागम होता है और वे अपने सर्वश्रेष्ठ विचारों को सामने रखते हैं। इस कार्यक्रम में पूरे अमेरिका के युवा अन्वेषण एवं उद्यमिता प्रतियोगिता के विजेता अपनी कड़ी मेहनत को साझा करते हैं। इस वर्ष देश भर से पांच सौ से ज्यादा युवा अन्वेषियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

हेनरी फोर्ड म्यूजियम ऑफ अमेरिकन इनोवेशन सप्ताह के सातों दिन सुबह साढ़े नौ बजे से शाम पांच बजे तक खुला रहता है। प्रवेश शुल्क युवाओं के लिए 17.25 डॉलर से लेकर वयस्कों के लिए 23 डॉलर के बीच होता है। फोर्ड फैक्ट्री टुअर सोमवार से शनिवार तक सुबह 9.30 से शाम 5.00 बजे तक उपलब्ध है और इसके लिए म्यूजियम में अलग से टिकट खरीदना पड़ता है। इसमें टिकट की दरें युवाओं के लिए 10 डॉलर तो वयस्कों के लिए 18 डॉलर के बीच है।

(जैसन चियांग स्वतंत्र लेखक हैं। वह सिल्वर लेक, लॉस एंजिलीस में रहते हैं।)

साभार- https://span.state.gov/hi से