1

फेस बुक से पता चला कि पत्नी तो प्रेमी के साथ घूम रही है!

लखनऊ पति से पैसे लेकर बॉयफ्रेंड के साथ विदेश घूमने वाली पत्नी की सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक के जरिए पोल खुल गई है। मामला गोमती नगर में रहने वाले एक परिवार से जुड़ा है। शादी के छह महीने बाद अब मामला फैमिली कोर्ट पहुंच गया है।  गोमती नगर में रहने वाले एक पूर्व अधिकारी का बेटा राहुल (बदला हुआ नाम) इंग्लैंड के बर्कशायर में सॉफ्टवेयर इंजिनियर है। उसकी शादी 13 अप्रैल 2013 को देहरादून की रहने वाली पूजा जोशी (बदला हुआ नाम) से हुई थी। शादी के बाद राहुल मई के पहले हफ्ते में इंग्लैंड चला गया। पूजा ने स्टडी का कुछ काम होने का बहाना कर बाद में आने की बात कही। जून के पहले हफ्ते में पूजा इंग्लैंड गई। इंग्लैंड जाकर पूजा ने बहुत सारी शॉपिंग की और राहुल को बताया कि उसे स्टडी के लिए इंडिया जाना है। उसने राहुल से कई पौंड लिए और निकल गई।  एक महीने बाद पूजा इंग्लैंड पहुंची और 15 दिनों बाद वह दोबारा स्टडी के लिए वहां से निकली। शादी के पांच महीनों में वह राहुल के साथ पांच हफ्ते भी नहीं रही। हमेशा स्टडी का बहाना बनाकर वह चली आती। अक्टूबर महीने में राहुल के एक दोस्त ने उसे बताया कि उसकी पत्नी के फेसबुक वॉल पर किसी दूसरे लड़के के साथ फोटो पड़ी हैं। राहुल ने पता किया तो पूजा ने अपना फेसबुक प्रोफाइल अपने घरेलू नाम से बना रखा था और उसमें न तो राहुल जुड़ा था न ही कोई राहुल का जानने वाला।

राहुल ने फोटो देखी तो उसके होश उड़ गए। जितनी भी तस्वीरें थीं, सब उन्हीं तारीखों की थीं जिनमें पूजा स्टडी के बहाने घर से बाहर थी। राहुल ने जब पूजा के आने-जाने वाली फ्लाइट का डीटेल निकलवाया तो पता चला कि वह इंडिया आई ही नहीं थी। उसने हर बार दूसरे देशों की फ्लाइट ली थी और उसके साथ एक रोहित (बदला हुआ नाम) नाम का लड़का भी गया था। राहुल ने पूजा की चैट, मेल और मेसेज चेक किए तो वह हैरान रह गया।  राहुल की पत्नी जिस लड़के के साथ घूम रही थी, वह चंडीगढ़ का रहने वाला निकला। उसके और पूजा के बीच हुई बातचीत राहुल को हैरान कर देने वाली थी। राहुल ने सारी डिटेल के साथ लखनऊ आकर फैमिली कोर्ट में शनिवार को तलाक का मुकदमा दायर कर दिया।  फैमिली कोर्ट के वकील पद्मकीर्ति ने कहा, 'भारतीय परिवेश में रहने वालों के लिए यह एक अनोखा मामला है। मामला मेरे पास आया तो मैं शॉक्ड था।

विदेशों में हमारी संस्कृति के अच्छे तत्वों को अपनाया जा रहा है, जबकि हम पाश्चात्य संस्कृति की बुरी चीजों को अपना रहे हैं। नई पीढ़ी ने शादी को एक खेल समझ लिया है।'  वहीं राहुल के पिता ने कहा, 'राहुल मेरा एकलौता बेटा है। उसकी शादी बहुत धूमधाम से की थी। वह इंग्लैंड में ही पढ़ा और वहीं नौकरी कर रहा है, उसके बाद भी उसने अरेंज मैरेज को अपनाया। हमने ही उसके लिए लड़की पसंद की। आज उसकी जिंदगी हमारी वजह से खराब हो गई। पूजा ऐसा करेगी, हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था।'

साभार- नवभारत टाईम्स से

 

.