1

भारत ने छीना पाकिस्तान से निजाम का 325 करोड़ का खजाना

लंदन में चल रहे निजाम फंड केस में भारत ने पाक को मात दे दी है। भारत ने पाकिस्तान से हैदराबाद के निजाम का ‘खजाना’ जीत लिया है। वहीं पाकिस्तान ने केस तो हारा ही है, साथ में उसे भारत को केस लड़ने में खर्च हुई रकम का 65 फीसदी पैसा (26 करोड़ रुपए) भी देना पड़ा है। 1 मिलियन पौंड से 35 मिलियन पौंड बनी रकम अब भारत की हो गई है।

हैदराबाद के निजाम के पैसों से जुड़े 70 साल पुराने एक मामले में अब फैसला आ गया है। लंदन के एक बैंक में करीब 7 दशक से कई 100 करोड़ रुपए फंसे हुए थे। अब ब्रिटेन में भारतीय दूतावास को लाखों पौंड अपने हिस्से के तौर पर मिले हैं। लंदन में भारत सरकार के अधिकारियों ने गुरुवार को इस बारे बात की।

अधिकारियों ने बताया कि ब्रिटेन में हाई कमीशन को 35 मिलियन पौंड (325 करोड़ रुपए) अपने हिस्से के तौर पर मिले हैं। यह रकम 20 सितम्बर, 1948 से नैशनल वेस्टमिंस्टर बैंक अकाऊंट में फंसी हुई थी। पाकिस्तान ने भी इस पैसे पर अपना दावा किया था।