1

इन्दौर में ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के लिए मुख्यमंत्री ने राजदूतों से मुलाकात की

इंदौर में आगामी 23-24 अक्टूबर 2016 को होने वाली ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट का वेबपोर्टल लांच कर दिया गया। इसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में लांच किया। मुख्यमंत्री ने बुधवार को नई दिल्ली में विभिन्न देशों के राजदूतों से मुलाकात कर ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट का निमंत्रण दिया। साथ ही राजनयिकों को उज्जैन में 22 अप्रैल से 21 मई तक होने वाले सिंहस्थ में आने का न्यौता भी दिया।

प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए प्रत्येक 2 वर्ष में आयोजित होने वाली ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट के लिए तैयारी शुरू हो गई है। आयोजन स्थल निर्धारित होने के साथ ही बुधवार से वेब पोर्टल भी प्रारंभ हो गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट से जुड़ी विभिन्न जानकारियों के पोर्टल को नई दिल्ली में जारी किया। पोर्टल में जीआईएस- 2016 से जुड़ी विभिन्न जानकारी, निवेश और उद्योग लगाने के लिए दी जा रही सुविधाएँ, निवेश क्षेत्र, तथा मुलाकात का दिन निश्चित करने संबंधी जानकारी उपलब्ध है।

इस पोर्टल पर प्रत्येक निवेशक के लिए रिलेशनशिप मैनेजर को नियुक्त किए जाने की सुविधा भी ली जा सकेगी। नई दिल्ली में मध्यप्रदेश शासन और सीआईआई द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान के साथ वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, मुख्य सचिव अंटोनी डिसा, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एसके मिश्रा, प्रमुख सचिव वाणिज्य एवं उद्योग मोहम्मद सुलेमान और उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश की अपार संभावनाए है। उन्होंने कहा कि यह पांचवीं ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट होगी। उन्होने राजनयिकों को उज्जैन में 22 अप्रैल से 21 मई तक होने वाले सिंहस्थ में आने का न्यौता भी दिया। इस अवसर पर सिंहस्थ पर एक लघु फिल्म भी दिखायी गयी।