1

आर्य समाज के लाखों सदस्य पूरे विश्व में एक साथ 3 मई को करेंगे रोग निवारण यज्ञ

कोरोना महामारी से मुक्ति के लिए आर्य समाज के लाखों सदस्यों द्वारा पूरे विश्व में एक साथ कल रोग निवारण यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कोटा संभाग के मीडिया प्रभारी आचार्य अग्निमित्र शास्त्री ने बताया कि सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा दिल्ली के तत्वावधान में 3 मई को यज्ञ दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष यज्ञ दिवस की थीम घर-घर यज्ञ हर घर यज्ञ में कोरोना से युद्ध, वातावरण करो शुद्ध के अभियान को लेकर पूरे विश्व में एक साथ सुबह 9 बजे आर्य समाज के सदस्यों के द्वारा वैदिक यज्ञ किया जाएगा। शास्त्री ने बताया की विभिन्न वैज्ञानिक अनुसंधानों से यह सिद्ध हो चुका है कि यज्ञ के माध्यम से वातावरण में फैले हुए रोगाणुओं को नष्ट किया जा सकता है।

आर्य उप प्रतिनिधि सभा कोटा संभाग के प्रधान अर्जुन देव चड्ढा ने बताया कि विश्व के 32 से अधिक देशों में रह रहे आर्य समाज व जन सामान्य के करोड़ों लोग एक साथ वातावरण में कोरोना वायरस के अंत को लिए वेद मंत्रोच्चार के साथ विशेष औषधियों से युक्त हवन सामग्री से देव यज्ञ करेंगे। चडढा ने आह्वान किया कि सभी लोगों को इस अभियान से जुड़कर कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए अपने अपने घरों में यज्ञ करना चाहिए, जिससे वातावरण में मौजूद कोरोना सहित विभिन्न रोगों के रोगाणुओं को नष्ट किया जा सके। संभागीय महामंत्री अरविंद पांडे ने बताया कि पूरे विश्व में आर्य समाज मंदिरों, आर्य परिवारों, गुरुकुलों आर्य समाज के विद्यालयों तथा विभिन्न संस्थाओं में एक साथ इस वायरस को समाप्त करने के लिए यज्ञ किया जाएगा। इस यज्ञ के तहत कोटा में भी विभिन्न स्थानों पर ये आयोजन रहेगा। साथ ही कोरोना संक्रमण के नाश के लिए ईश्वर से प्रार्थना की जाएगी।