1

आम आदमी’ का गाना गाएंगे रब्बी शेरगिल

कांग्रेस के पंजाबी गायक दलेर मेहंदी व भाजपा के भोजपुरी गायक मनोज तिवारी की टक्कर में आम आदमी पार्टी ने ‘बुल्ला की जाणा मैं…’ फेम सूफी गायक रब्बी शेरगिल पर दांव लगाया है।

अरविंद केजरीवाल व संजय सिंह की मौजूदगी में बृहस्पतिवार रात रब्बी ने औपचारिक तौर पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर एक शिव नगर एक्सटेंशन, जेल रोड पर पार्टी की सिख शाखा की तरफ से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। रब्बी अब पार्टी के पक्ष में दिल्लीवासियों को लामबंद करेंगे।

रब्बी शेरगिल ने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर मुझे किसी पार्टी से कोई परेशानी नहीं है। लेकिन जब इनके नेताओं की बात सुनता हूं तो देश की किस्मत बदलने वाली कोई खिड़की खुलती नहीं दिखती। सब घिसी-पिटी बातें दोहराते रहते हैं।

आजादी से पहले अंग्रेज राज कर रहे थे, अब सत्ता भूरे अंग्रेजों के हाथ में है। लेकिन मौजूदा चुनाव में उम्मीद अरविंद से बनती है। यह ऐसी आवाज हैं जो हमें खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं।

रब्बी ने कहा कि यह चुनाव आखिरी मौका है। अगर अब न संभले तो देश का आधार ढह जाएगा। अरविंद चरमराती दीवार को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। इनका दर्शन हमारे महान संतों की वाणी की पराकाष्ठा है, जो हमें राजा बनाती है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अगली बार की मुलाकात में अरविंद मुख्यमंत्री होंगे और हम सबको अपने फैसले पर गर्व हो। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने रब्बी के पार्टी में शामिल होने का स्वागत किया और भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस और भाजपा पर तीखा निशाना साधा।

.