1

किताब खरीदकर पढ़ें तो ही उसका लाभ मिलता हैः श्री राम नाईक

आगरा। हिंदी दैनिक हिन्दुस्तान के प्रधान संपादक शशि शेखर की किताब ‘लीक से हटकर’ बाज़ार में आ गई है। इस किताब का विमोचन उत्तर प्रदेश के राज्यपाल श्री राम नाइक ने आगरा के जेपी पैलेस होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि किताब प्राप्त करने का बड़ा लाभ तब होता है जब किताब को खरीद कर पढ़ा जाता है। किताब यदि फ्री में मिल जाए तो उसे लोग कम महत्व देते है। संपादक की कुशलता तभी होती है जब संपादकीय की पूरी बात पाठक को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी समाचार विशेष के कार्यक्रम की कवरेज सभी अखबारों में हो, इसके लिए आज से शुरुआत की जानी चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि जो व्यक्ति बैठा रहता है उसका भाग्य बैठ जाता है, जो व्यक्ति सोता रहता है उसका भाग्य भी सो जाता है, और जो व्यक्ति चलता रहता है उसका भाग्य भी चलता रहता है। इसलिए मनुष्य को चलते रहना चाहिए।
प्रधान संपादक शशि शेखर ने राज्यपाल द्वारा लिखित ‘चरैवेति! चरैवेति!’ पुस्तक की महत्ता बताते हुए उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।

वहीं एबीपी न्यूज के वरिष्ठ पत्रकार दिबांग ने कहा कि नाम के साथ ही उसकी पहचान दिलाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि जांचो-परखों फिर अपनी बात कहो। आज के समय सबसे बड़ी चुनौती साख बचाना है। दिबांग ने कहा कि खबरों के सोर्स बदल रहे हैं, यदि खबर में संशय हो तो खबर को छोड़ देना चाहिए। इसलिए जितना सच है उतना ही आगे बढ़ायें। उन्होंने कहा कि विचार अपने-अपने हो सकते है। लेकिन तथ्य एक ही होता है और तथ्य व विचार में फर्क होता है।