1

दुनिया की सबसे सस्ती बुलेट ट्रैन चलेगी भारत में

भारत में मुंबई-अहमदाबाद के बीच चलने वाली बुलेट ट्रेन दुनिया की सबसे सस्ती बुलेट ट्रेन हो सकती है। इसके लिए जापान की एक टीम काम कर रही है। भारत की इस पहली बुलेट ट्रेन का किराया फर्स्ट एसी क्लास से थोड़ा महंगा होगा।

 

550 किमी लंबे इस हाई स्पीड ट्रैक पर 320 किलोमीटर की स्पीड से बुलेट ट्रेन दौड़ेगी। बताया जाता है 2013 में शुरू हुआ सर्वे का रिपोर्ट जापानी फर्म इस साल बहुत जल्द पेश करने वाली है। इस रिपोर्ट में ये तय किया जाएगा कि बुलेट ट्रेन कैसी दिखेगी, इंजन कैसा होगा, इसके अंदर का इंटीरियर कैसे डिजाइन किया जाएगा और सबसे महत्वपूर्ण इसकी सुरक्षा के लिए क्या उपाय किए जाएंगे।

 

सूत्रों के मुताबिक मुंबई-अहमदाबाद के बीच चलने वाली ट्रेन में एसी फर्स्ट का किराया 1895 रुपये है। वहीं बुलेट ट्रेन में इसका अनुमानित किराया 2800 रुपये होगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जापान की टीम इस बारे में सर्वे कर रही है कि 320 किलोमीटर की स्पीड से चलने वाली बुलेट ट्रेन के यात्री कितना किराया दे सकते हैं। इसकी रिपोर्ट अगले माह तक रेल मंत्रालय को सौंप दी जाएगी।

 

वर्ष 2023 में जब तक मुंबई और अहमदाबाद के बीच बुलेट ट्रेन चलना शुरू होगी, उस वक्त तक इस रूट पर यात्रा करने वालों की संख्या करीब 40,000 तक पहुंच जाएगी। इस कोरिडोर में करीब दस स्टेशन होंगे। इस रूट पर करीब 98 हजार करोड़ रुपये का खर्च आएगा। मुंबई-अहमदाबाद के बीच की 534 किलोमीटर की दूरी मौजूदा ट्रेनें करीब आठ घंटे में पूरा करती हैं। जापान में चलने वाली टोहको शिंकांसेन 713 किलोमीटर की दूरी के लिए आठ हजार रुपये वसूलती है। वहीं चीन की झिंगू हाई स्पीड ट्रेन इसी दूरी के लिए पांच हजार रुपये वसूलती है।

साभार- दैनिक हिन्दुस्तान से