1

आज मध्य प्रदेश सम्मान समारोह का आयोजन

मध्य प्रदेश सरकार मध्य प्रदेश से जुड़े उन लोगों को मध्यप्रदेश रत्न से सम्मानित करेगी, जिन्होंने मध्य प्रदेश से निकलकर विभिन्न क्षेत्रो में अपनी खास पहचान बनाई है। यह सम्मान समारोह मध्यप्रदेश प्रेस क्लब के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर यानी 9 अप्रैल को होगा।

सम्मान पाने वालों की सूची में राज्यसभा टीवी के पूर्व कार्यकारी निदेशक व वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल और दूरदर्शन व आकाशवाणी के अतिरिक्त महानिदेशक, लेखक व साहित्यकार पंडित राजशेखर व्यास का नाम शामिल है।

इसके अतिरिक्त इस कार्यक्रम में रगिल वॉर के लीडर रहे सेना से सेवानिवृत्त जनरल जी.डी. बख्शी, जो जबलपुर के रहने वाले हैं उन्हें मध्यप्रदेश रत्न अवॉर्ड दिया जाएगा। साथ ही परम कम्प्यूटर की संरचना में सम्मिलित रहे कम्प्यूटर वैज्ञानिक डॉक्टर चंद्रकांत राजू, देश-विदेश में अपनी चित्रकला के कारण पहचाने जाने वाले श्रेणिक जैन, फिल्मों में मध्यप्रदेश की अद्वितीय पहचान गोविंद नामदेव, सामाजिक कार्यों में सदैव तत्पर रहने वाले अरविंद सदाशिव जोशी (मंडलेश्वर वाले) फिल्मों और टीवी के क्षेत्र में भोपाल का नाम रौशन करने वाली दिव्यांका त्रिपाठी और कत्थक नृत्य के क्षेत्र में मध्य प्रदेश की शान रागिनी मक्खर सहित 21 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।