1

विनोद नागर साहित्य रत्न से सम्मानित होंगे

भोपाल। इण्डिया नेट बुक्स तथा बीपीए फाउंडेशन द्वारा वर्ष 2023 के साहित्य रत्न सम्मान के लिए नगर के वरिष्ठ फ़िल्म समीक्षक श्री विनोद नागर को चुना गया है। उन्हें यह सम्मान 9 मार्च 2024 को नई दिल्ली में आयोजित हिन्दी साहित्यकार सम्मान उत्सव में प्रदान किया जाएगा। आयोजन समिति के फाउंडर-चेयरमैन डॉ. संजीव कुमार के अनुसार श्री विनोद नागर का चयन सिनेमा साहित्य विधा में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए किया गया है।

67 वर्षीय श्री नागर की पचास वर्ष की शब्द यात्रा को समेटे छह खण्डों वाले रचना समग्र की दो पुस्तकें सिनेमा पर केन्द्रित हैं। फिल्म पत्रिका “माधुरी” के पूर्व संपादक स्व. अरविन्द कुमार और मध्य प्रदेश के दो शीर्ष फिल्म समीक्षकों स्व. श्रीराम ताम्रकर और स्व. जय प्रकाश चौकसे को समर्पित इन पुस्तकों की प्रस्तावना/ भूमिका देश के जाने माने फिल्म समीक्षकों अजय ब्रह्मात्मज, प्रदीप सरदाना, फिल्म लेखक निर्देशक रूमी जाफरी, अभिनेता राजीव वर्मा ने लिखी है।

1973 से फिल्म समीक्षक के रूप में सक्रिय श्री नागर की सिनेमा पर केन्द्रित तीन और किताबें- “सुबह सवेरे का सिने विमर्श” “सिने विमर्श सुबह सवेरे का” और “प्रजातंत्र में बातें फिल्मों की” जल्द ही छपकर आने वाली हैं।