1

राजभाषा अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु पश्चिम रेलवे में हिंदी कार्यशाला

मुंबई। राजभाषा का प्रचार-प्रसार एवं प्रयोग बढ़ाने के उद्देश्य से भावनगर, वड़ोदरा, अहमदाबाद, मुंबई सेंट्रल, राजकोट और रतलाम सहित विभिन्न मंडलों और कारखानों में कार्यरत राजभाषा कैडर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 22 दिसम्बर, 2016 को हिंदी कार्यशाला का आयोजन प्रधान कार्यालय, चर्चगेट में किया गया।

कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में नवनियुक्त मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री एम. के. गुप्ता ने कार्यशाला का औपचारिक उद्घाटन कर कार्यशाला की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। तत्पश्चात डॉ. सुशीलकुमार शर्मा, उप महाप्रबंधक (राजभाषा) ने राजभाषा कार्यान्वयन के संदर्भ में कार्यशाला की आवश्यकता पर प्रकाश डाला. इस अवसर पर प्रमुख वक्ता के रुप में गेल इंडिया (लिमिटेड) के श्री उदय कुमार सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा एवं मानव संसाधन) ने “हिंदी वॉइस टाइपिंग” विषय पर सूचनाप्रद प्रस्तुति दी, जो बदलते परिवेश में कार्यालयीन स्तर पर आवश्यकता बन चुकी है। तत्पश्चात राजकोट मंडल के राजभाषा अधिकारी श्री पी.बी.सिंह ने “राजभाषा हिंदी का प्रयोग-प्रसार: समस्याएँ व समाधान” विषय पर व्याख्यान दिया। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया। पूरे सत्र का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्री अशोक कुमार लोंढे ने किया।

फोटो कैप्शनः पश्चिम रेलवे में आयोजित हिंदी कार्यशाला में पश्चिम रेलवे के मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री एम. के. गुप्ता एवं उप महाप्रबंधक (राजभाषा) डा. सुशील कुमार शर्मा रेलकर्मियों का मार्गदर्शन करते हुए।