1

पश्चिम रेलवे का 61वाँ रेल सप्ताह पुरस्कार समारोह सम्पन्न

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किये गये 171 व्यक्तिगत तथा 29 सामूहिक पुरस्कार

रतलाम तथा वडोदरा मंडल को संयुक्त रूप से
महाप्रबंधक की प्रतिष्ठित कार्यकुशलता शील्ड

पश्चिम रेलवे का 61वाँ रेल सप्ताह पुरस्कार समारोह बुधवार, 13 अप्रैल, 2016 को मुंबई सीएसटी स्थित मध्य रेल सभागृह में सम्पन्न हुआ। वर्ष 2015-16 के दौरान समग्र क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन हेतु महाप्रबंधक की प्रतिष्ठित कार्यकुशलता शील्ड रतलाम तथा वडोदरा मंडल ने संयुक्त रूप से जीती। रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज शर्मा तथा वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री आशुतोष गंगल ने यह शील्ड पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री जी. सी. अग्रवाल से प्राप्त की। महाप्रबंधक श्री अग्रवाल ने वर्ष 2015-16 हेतु विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट निष्पादन के लिए विभिन्न मंडलों तथा कारखानों को कुल 24 दक्षता शील्ड प्रदान की।

वाणिज्य तथा सुरक्षा विभाग के उत्कृष्ट निष्पादन हेतु मुंबई सेंट्रल ने दक्षता शील्ड प्राप्त की। लेखा विभाग में उत्कृष्ट निष्पादन हेतु मुंबई सेंट्रल मंडल ने रतलाम मंडल के साथ संयुक्त रूप से दक्षता शील्ड प्राप्त की। मुंबई सेंट्रल मंडल के मुंबई सेंट्रल कोचिंग डिपो ने सर्वश्रेष्ठ अनुरक्षित मेल/एक्सप्रेस ट्रेन अर्थात राजधानी एक्स्प्रेस के अनुरक्षण के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। मुंबई मंडल के नंदुरबार के रनिंग रूम को सर्वश्रेष्ठ रनिंग रूम का द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। मुंबई सेंट्रल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री शैलेन्द्र कुमार ने सम्बंधित अधिकारियों के साथ ये शील्डें महाप्रबंधक श्री जी. सी. अग्रवाल से प्राप्त कीं। अहमदाबाद, रतलाम तथा वडोदरा मंडल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट निष्पादन हेतु 8-8 दक्षता शील्डें जीतीं।

d460935c-be1e-4f4e-9588-45b6c902f990इस अवसर पर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अग्रवाल ने वर्ष 2015-16 के दौरान सर्वोत्तम कार्य निष्पादन के लिए 171 कर्मचारियों तथा अधिकारियों को योग्यता प्रमाण-पत्र, कार्यकुशलता पदक एवं नकद पुरस्कार तथा 29 सामूहिक पुरस्कार प्रदान कर उनकी सराहनीय सेवाओं तथा विशिष्ट उपलब्धियों के लिए उन्हें सम्मानित किया।

अपने सम्बोधन में श्री अग्रवाल ने सभी रेलकर्मियों तथा उनके परिजनों को 61वें रेल सप्ताह के अवसर पर बधाई देते हुए सभी पुरस्कृतों का उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु अभिनंदन किया। श्री अग्रवाल ने वर्ष के दौरान पश्चिम रेलवे द्वारा अर्जित विभिन्न उपलब्धियों की भी चर्चा की। इस अवसर पर पश्चिम रेलवे के मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री संजय सूरी ने अतिथियों का स्वागत किया। उप महाप्रबंधक (सामान्य) श्री मुकेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती सविता अग्रवाल, अपर महाप्रबंधक श्री एस. के. पाठक, विभिन्न विभागों के प्रधान विभागाध्यक्ष, अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे। उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (कल्याण) डॉ. श्रीमती संघमित्रा, वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी श्री गजानन महतपुरकर तथा कार्यालय अधीक्षक श्रीमती पूजा पवार ने संयुक्त रूप से समस्त कार्यक्रम का मंच संचालन किया। इस अवसर पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
फोटो कैप्शन:
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री जी. सी. अग्रवाल 61वें रेल सप्ताह पुरस्कार समारोह का दीप जलाकर शुभारम्भ करते हुए। दूसरे चित्र में महाप्रबंधक रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज शर्मा तथा वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री आशुतोष गंगल को वर्ष 201516 के दौरान समग्र क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन हेतु महाप्रबंधक की प्रतिष्ठित कार्यकुशलता शील्ड प्रदान कर हुए। साथ ही पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री एस. के. पाठक एवं मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री संजय सूरी भी दिखाई दे रहे हैं।

Ravinder Bhakar,
Chief Public Relations Officer,
Mumbai,
Western Railway
022-22002590
Follow us on : www.facebook.com/WesternRly
www.twitter.com/WesternRly