1

ये खंभा आया कहाँ से और गया कहाँ?

अमेरिका के यूटा के दूरस्थ दक्षिणपूर्वी रेगिस्तान में दो हफ्ते पहले एक रहस्यमयी धातु का खंभा दिखा था, जो बाद में अचानक गायब हो गया था। अब इसी तरह का एक और खंभा रोमानिया के एक किले में पाया गया है, जो काफी चर्चा का विषय बन चुका है। अमेरिका में स्टेट क्रू को हेलिकॉप्टर से ये खंभा दिखा था।

धातु का है खंभा
रोमानिया में मिला दूसरे धातु का खंभा संयोग से, एक लोकप्रिय रोमानियाई पुरातात्विक स्थल, पेट्रॉडवा डेशियन किले से कुछ दूरी पर ही था। ये रहस्यमयी खंभा अचानक दिखाई दिया है, जिसके बाद से लोगों के मन में इसके बारे में जानकारी जुटाने की ललक और बढ़ गई है।
कुछ को कलाकारी तो कुछ को एलियन लगा
रोमानिया से पहले यह खंभा अमेरिका के यूटा में दिखाई दिया। इस तरह के रहस्यमयी खंभा दिखने के बाद लोगों ने इसके पीछे अटकलें लगानी शुरू की दीं। कुछ लोगों का कहना है कि यह किसी कलाकार का काम है तो कुछ लोगों ने इसे एलियंस से जोड़ दिया। अमेरिका में मिले खंभे की ज्यादा जानकारी जुटाने से पहले ही यह खंभा वहां से गायब हो गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुनिया के दूसरे हिस्से में 24 घंटे के अंदर नजर आया ये खंभा कांच जैसा लग रहा है। इस पर ग्रैफिटी भी बनाई गई है।

मशहूर कलाकार जॉन मैकक्रैकन का कमाल!
कुछ लोगों ने इसे मशहूर कलाकार जॉन मैकक्रैकन से जोड़ दिया। लोगों ने दावा किया कि यह खंभा मशहूर कलाकार जॉन मैकक्रैकन ने लगाया है। जॉन की मौत 2002 में हो चुकी है और उनके बेटे के मुताबिक साल 2002 में जॉन अपने बेटे से कहकर गए थे कि वह अपनी कलाकृतियां दूरस्थ क्षेत्रों में छोड़ना चाहते हैं, जहां उन्हें बाद में खोजा जाए।

रोमानिया का खंभा 13 फीट लंबा
रोमानिया के किले पर जो खंभा मिला है, उसकी लंबाई 13 फीट है। रोमानिया में मिला खंभा एक लोकप्रिय रोमानियाई पुरातात्विक स्थल, पेट्रॉडवा डेशियन किले से कुछ दूरी पर है। ये जगह देश का आर्कियोलॉजिकल लैंडमार्क माना जाता है। रोमानिया के संस्कृति मंत्रालय के अधिकारी का कहना है कि अभी तक इस खंभे के मालिक की कोई जानकारी नहीं मिली है। इसकी जांच की जा रही है।