1

गूगल ने क्यों याद किया फ्रेडलीब फर्डनिंड रंज को

गूगल ने कई दिनों बाद एक नया डूडल बनाया है। जिस शख्स का यह डूडल है उसका नाम है फ्रेडलीब फर्डिनंड रंज। यह वो शख्स है जिसे आपके दिमाग और शरीर की थकान दूर करने का फॉर्मूला देने का श्रेय जाता है। जी हां, यही वो शख्स हैं जिन्होंने कैफिन की खोज की थी।

जब आप थके होते हैं तो एक कप कॉफी आपके दिमाग को तरोताजा कर देती है और इसी कॉफी में मौजूद कैफीन की खोज फ्रेडलीब फर्डिनंड रंज ने 1819 में कैफिन की खोज की थी। गूगल आज इस महान जर्मन रसायन वैज्ञानिक फ्रेडलिब फर्डिनेंड रंज का 225वां जन्मदिन मना रहा है। इस डूडल में रंज जहां अपने पेट के साथ हाथ में कॉफी का कप लिए खड़े हैं वहीं कैफीन के रासायनिक फॉर्मूले से गूगल लिखा हुआ है।

8 फरवरी, 1794 को जर्मनी के हैम्बर्ग शहर में जन्में फ्रेडलीब एक एनालिटिकल कैमिस्ट थे। बेहद कम उम्र से ही उन्होंने रसायन विज्ञान में रुचि लेना शुरू कर दिया था। उन्होंने बर्लिन यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट की पढ़ाई पूरी की और 1831 तक ब्रेसलो यूनिवर्सिटी में पढ़ाया। इसके बाद उन्होंने एक कंपनी में नौकरी की। इस दौरान उन्होंने बेलाडोना के पौधे पर प्रयोग किया और इस दौरान उन्होंने कैफीन की खोज कर ली।

एक बार वह बेलाडोना के रस पर शोध कर रहे थे। अचानक उनक पुतलियों पर बेलाडोना का रस गिर पड़ा। इससे उन्होंने पता लगाया कि बेलाडोना का रस पड़ने से आंख की पुतलियां सिकुड़ने और फैलने लगती है।