Monday, July 1, 2024
No menu items!
spot_img
No menu items!
Home Blog Page 8

चुनौतियों भरा होगा भाजपा के नए अध्यक्ष का कार्यकाल

श्री नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के बाद राजनीतिक क्षेत्रों में एक नई चर्चा शुरू हो गई है कि भाजपा का अगला अध्यक्ष कौन होगा ? वर्तमान अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का कार्यकाल पिछले साल ही पूरा हो गया था। इसे लोकसभा चुनावों तक बढ़ाया गया था, फिर प्रधानमंत्री ने उन्हें अपने मंत्रीमंडल में जगह देकर यह भी साफ कर दिया कि भाजपा को अध्यक्ष के रूप में किसी अन्य व्यक्ति की तलाश शुरू कर देनी चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी का नया अध्यक्ष कोई भी हो, यह कोई चमत्कारिक बात नहीं। जो भी व्यक्ति कार्यकर्ता, संगठन और सरकार में बेहतर तालमेल स्थापित कर सकता हो, वह इस पद के योग्य हो ही जाता है। लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि आने वाले पार्टी अध्यक्ष के लिए यह दायित्व कितना चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। सूर्य के सात घोड़ों पर सवार भाजपा की चतुर्दिक विजय के उल्लास में लगे विराम ने यह स्थिति पैदा की है। पहले राजनाथ सिंह और फिर बाद में अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने ना केवल अपने बूते बहुमत प्राप्त किया था बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में यह आत्मविश्वास भी भरा था कि उनके हर निर्णय में पार्टी का हर कार्यकर्ता उनके साथ है। एक के बाद एक मिल रही विजय इस तथ्य का प्रमाण थी, लेकिन इस बार भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरी जरूर लेकिन वह अपने बूते बहुमत प्राप्त नहीं कर सकी। 2019 के मुकाबले उसे 63सीटों का नुकसान हुआ।

तो *आने वाले अध्यक्ष के सामने सबसे पहली चुनौती तो कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने की ही होगी। उस पर कार्यकर्ताओं को सोशल मीड़िया के मायावी संसार से निकालकर राजनीति के यर्थाथ धरातल पर लाने की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी*, इसके अलावा विभिन्न दलों से भाजपा में आने वाले नेताओं के संभावित अतिक्रमण से बचते हुए पार्टी के मूल कार्यकर्ताओं को यह विश्वास भी दिलाना महत्वपूर्ण होगा कि पार्टी में उनके स्थान और पूछ परख को कोई खतरा नहीं है। *जब तक पार्टी के कार्यकर्ताओं में आत्मबल की वापसी नहीं हो जाती, तब तक किसी चमत्कारिक परिणाम की आशा करना व्यर्थ ही है ।*

भाजपा के नए अध्यक्ष को यह काम तीन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले ही करना होगा क्योंकि अगले कुछ महिनों में महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखण्ड़ में विधानसभा चुनाव होने हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र में भाजपा सरकार में है, जबकि झारखंड में झामुमो की सरकार है। लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र और हरियाणा के नतीजे भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण हैं। *विधानसभा चुनावों में आने वाले परिणामों का प्रभाव ना केवल भाजपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं अपितु केन्द्र में मोदी सरकार के मनोबल पर भी पड़ेगा। विशेष रूप से महाराष्ट्र के परिणाम सहयोगी दलों को उच्छृंखलता को काबू या बेकाबू करने में सहायक सिद्ध होंगें।*

इसी के साथ *मुस्लिम मतदाताओं के प्रति पार्टी की नीति भी एक बड़ी चुनौती है। अठाहरवीं लोकसभा के चुनाव परिणामों ने यह सिद्ध किया है कि केन्द्र सरकार की सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीति को मुस्लिम मतदाताओं ने नकार दिया है। इसके अलावा केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पसमांदा मुसलमानों को प्राथमिकता देना भी भाजपा के समर्थक वर्ग को पसंद नहीं आया।* तो भाजपा को अपने नए अध्यक्ष के कार्यकाल में इस पहेली को भी हल करना ही होगा।

भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती उसके वैचारिक मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ संबंधों को लेकर है। राजनीतिक समीक्षक मानते हैं कि जिस तरह भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि अब भाजपा को संघ की जरूरत नहीं, उसका असर चुनाव में लग रहे कार्यकर्ताओं पर पड़ा। इससे कई कार्यकर्ता जो संघ के स्वयंसेवक भी हैं वो निराश होकर निष्क्रिय हो गए। यह परिस्थिति भी चिंतित करने वाली है। यह बात अलग है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद स्वयंसेवक व प्रचारक रहे हैं। जगत प्रकाश नड्डा भी संघ के आनुशांगिक संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से काम करते करते यहां तक पहुंचे हैं।

तो आने वाले भाजपा अध्यक्ष के समक्ष उतना सुनहरा और सुगम राजनीतिक पथ नहीं है, जितना कि केन्द्र में सरकार होने वाले संगठन के मुखिया का होता है। इसलिए भाजपा को एक ऐसा व्यक्ति ढूंढ़कर लाना होगा, जो इन चुनौतियों से निपटते हुए अन्य राजनीतिक दलों को हाशिए पर ढ़केल सके।

*सुरेन्द्र चतुर्वेदी, जयपुर*
*सेंटर फॅार मीडिया रिसर्च एंड डवलपमेंट*
*12 जून 2024*

image_print

एक भक्‍त ने महाकाल को अर्पित किए 1 लाख 8 हजार रुपये कीमत के दो आम

 उज्जैन । जबलपुर निवासी संकल्प परिहार ने उज्‍जैन में भगवान महाकाल को दो ऐसे  आम अर्पित किए हैं जिनकी कीमत 1 लाख आठ हजार रुपये हैं। जापान व ऑस्ट्रेलिया में होने वाली आम की ये किस्में परिहार ने अपने फार्म हाउस में उगाई है।  यह आम ऑस्ट्रेलिया की आर2-ई2 तथा जापान की मियाजाकी प्रजाति के हैंl मियाजाकी आम की कीमत 90000 रुपये तथा आर2-ई2 आम की कीमत 18000 रुपये है। संकल्‍प सिंह परिहार  हर वर्ष उज्‍जैन के महाकाल मंदिर आकर भगवान को आम अर्पित करते हैं।

12 एकड़ जमीन पर फैले इस फार्म हाउस का नाम महाकाल हाइब्रिड फॉर्म है। इस फार्म हाउस में आम के करीब डेढ़ हजार पेड़ हैं। यहां आम की एक दर्जन से अधिक किस्‍में हैं। फार्म में इसमें 24 वैरायटी के 1000 आम और 52 एक्सक्लूसिव ब्रीड के आम के पेड़ लगे हुए हैं।

मियाजाकी आम दुनिया के सबसे महंगे आमों में से एक है। यह आम जापान के मियाजाकी प्रांत से आया है, इसलिए इसे मियाजाकी आम कहा जाता है। इसका मूल नाम ‘ताइयो-नो-टोमागो’ है। यह आम गहरे लाल रंग का होता है। इसका वजन करीब 350 ग्राम होता है। जब यह पूरी तरह से पक जाता है तो इसका वजन 900 ग्राम तक पहुंच जाता है। इसकी अंतर्राष्‍ट्रीय बाजार में कीमत 2.75 लाख रुपये प्रति किलोग्राम बताई जाती है।

image_print

चौपाल के 26 साल बेमिसाल, सुर-संगीत और यादों की सुनहरी चौपाल

मुंबई में मानसून के आने का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। जेठ का सूरज अपनी आन निभाता सबकी टेढ़ी नज़रें सहकर भी पूरी शिद्दत के साथ आग बरसा रहा है। उसे अपने ताप से धान पकाना है, फलों में मिठास भरनी है, कीट- कीडों को नष्ट करना है जो बीमारियों के वाहक होते हैं, तमाम वे सारे काम करने हैं जो प्रकृति ने उसे सौंपे हैं। ऐसी ही कड़कती गर्मी की सोलह जून की दुपहरिया को भवन्स कालेज का सभागार खचा-खच् भरा था। चौपाल ने छब्बीसवां पार जो कर लिया था।

जाहिर है कोई भी चौपाली छुट्टी के उस दिन एयर कंडीशन कमरों में बंद हो ही नहीं सकते थे। दूर-दूर से आए थे, वो जानते थे बखूबी कि बेशक ताप का पारा कितना भी ऊपर चला जाए अंततः आखरों की रस-भीनी बौछार से आतप को सम पर आना ही है और वही हुआ। अदब के मोती अपनी पूरी धज के साथ कलाओं के भिन्न-भिन्न रूप धरकर बरसे और खूब बरसे। काव्य, व्यंग्य, करुण रस, संगीत, नाट्य कर्म और अंत में गायन अर्थात कला के सारे रस, सारे रंग मौजूद थे।

संचालन की डोर अतुल तिवारी के सधे हाथों में थी। पिछले दिनों समूचा देश चुनाव के माहौल में रचा बसा था उसका असर चौपाल में भी भरपूर दिखा। संचालन से लेकर रचनाओं के सृजन में भी उसे आना ही था।

कार्यक्रम का आगाज़ कविताओं से हुआ। पंजाब के क्रांतिकारी कवि ‘पाश’ की रग- रेशा झनझना देने वाली कविताएं जब राजेंद्र गुप्ता पढ़ें तो अंदाज लगाया जा सकता है कि वे सारे सुलगते कालजयी शब्द हर उस श्रोता के कलेजे में पिघले शीशे की तरह उतर गए होंगे जिन्होंने एकाग्रता से कविताओं को सुना। पाश सिर्फ कवि ही नहीं थे वे स्वयं सीधे क्रांति से जुड़े थे। जेल गए और बड़ी मासूमियत से जेल में तैनात सिपाही से पूछते हैं
‘ भाई सिपाही! बता
मैं क्या तुझे भी उतना ही खतरनाक लगता हूं
और एक कविता की पंक्तियां
बहुत ही बेस्वाद है
जिंदगी के उलझे हुए नक्शे से निपटना मेरी दोस्त! कविता बहुत निस्तब्ध हो गई है
और हथियारों के नाखून बढ़ गए हैं

सुभाष काबरा व्यस्त रहते हैं लेकिन चौपाल में पढ़ने के लिए वह हमेशा नई ताजा दम रचना लाते हैं और मंच लूट ले जाते हैं। आज तो उनकी हर पंक्ति पर ठहाके लगे और तालियां बजी। दरअसल हास्य व्यंग्य ऐसी विधा है जहां हास्य की चासनी में लपेटकर बड़ी चतुराई से चुटकी काटने वाला तो संत की मुख मुद्रा धारे खड़ा रहता है मंच पर, जबकि श्रोता ठहाका भी लगाता है और तिलमिला भी जाता है।
मुंबई नगरिया ने चौपाल को
सोने का हिरण बनाकर रख दिया हैं
ससुरा छोड़ा भी नहीं जाता और
हर बार पकड़ा भी नहीं जाता

वी आई पी का ध्यान रखा करो भाई
काहे की वी आइ पी में आई का मतलब
हर-बार इडियट ही नहीं होता
कभी कभी इंटेलिजेंट भी हो सकता है

अंत में कहते हैं सुभाष
चौपाल के पास ऐसा बहुत कुछ है
जो किसी के पास नहीं है
छब्बीस साल की चौपाल
खुद को नहीं हम सबको
बेमिसाल बनाना चाहती है
चौपाल ना तो बीते वक्त को भूलाती है और नहीं आगत की आहट से अनजान रहती है। अगली प्रस्तुति इस तथ्य की प्रामाणिक बानगी थी। शिवांश पांडे तथा रुचिका मुखर्जी ने मानव निर्मित रोबोट और AI के मार्फ़त मनोरंजक जानकारी पेश की। रुचिका मुखर्जी ने रोबोट की भूमिका में अपनी भिन्न-भिन्न आवाजों में गाने की अर्हता को खूबसूरती से अंजाम दिया।। उनके अब तक 70 वीडियो सोशल मीडिया तथा इंस्टाग्राम पर आ चुके हैं। शिवांश AI की कमान संभाले हुए थे।
मनजीत सिंह कोहली ने चौपाल को परिभाषित करते हुए कहा कि
गांव में चौपाल लगती है
जबकि हमारे यहां चौपाल सजती है
उनकी दूसरी रचना वृद्धाश्रम में घटित एक सच्ची घटना पर थी जिसने सब की आंखें नम करदी।
यह वर्ष संगीतकार मदनमोहन का शताब्दी वर्ष है।उन्हें याद करते हुए यूनुस खान ने अपनी यादों की तिजोरी खोल दी।वे मदन मोहन के गानों के बनने की कथा रोचक ढंग किस्सा गोई की तरह पेश कर रहे थे और मंच पर अभिजीत घोषाल, शर्मिष्ठा बासु तथा अनिका अग्रवाल उन गानों को सुरीले अंदाज में गा रहे थे। सभागार में उपस्थित मदनमोहन के संगीत के शैदाई उनके साथ गाने से स्वयं को रोक नहीं पा रहे थे। सभागार में सरस संगीत मयी शै पसर चुकी थी।

अभी संगीत का जादू उतरा ही नहीं था कि मंच पर आई प्रियंका शर्मा, जिन्हें इस वर्ष संगीत नाटक अकादमी ने पुरस्कृत किया है और जिन्होंने अतुल जी की फिल्म सुभाष चंद्र बोस में लक्ष्मी सहगल की भूमिका भी निभाई थी। गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर की बहुचर्चित कहानी ‘बिंदु’ का एक पात्रिय नाट्य रूपांतरण का एक अंश पेश किया। प्रियंका शर्मा की पांच सात मिनट की भावपूर्ण अदायगी ने प्रेक्षकों को अपनी जद में ले लिया और सब ने बड़ी उदारता से उसके काम की प्रशंसा की।

अब मंच पर थे शेखर सेन। पूना में रहने के कारण मुंबई की चौपालों के लिए वे ईद के चांद हो गए हैं। कभी उनके गीतों के बिना चौपाल का समापन नहीं हुआ करता था। उस दिन भी वही दस्तूर निभाया गया।

शेखर जी ने अपने चार वर्षों के पूणे प्रवास पर बोले कि हाथों से उपजाए धान साग सब्जी फल खाने और गौमाता की सेवा करने, प्रकृति के नजदीक रहने का मनचाहा सुख पाने का प्रयास किया है। संगीत साधना भी खूब हो रही है।गौर तलब यह कि अगले सप्ताह उनके एक पात्रिय नाटक का ग्यारहसौवां शो होने जा रहा है। ‘बहुत नाटक करता है’सुनते सुनते नाटकों को जीने लगे शेखर सेन। चौपाल की वर्ष गांठ पर स्वरचित रचनाएं प्रस्तुत की। तबले पर संगत कर रहे थे कौशिक बसु
दीन के धनवान सुखी
धनवान कहे महाराज सुखी
अगली प्रस्तुति मां की अभ्यर्थना में थी
नैनों में ज्योति सीप में मोती
मां के चरणों में थोड़ी जगह मेरी होती
सुख होता दीया और जीभ होती बाती
आंसुवन की स्याही से
मैं मां को लिखता पाती
छोटे छोटे सरल शब्दों को भावनाओं के साथ गूंथना और उसे डूब कर गाना श्रोताओं के लिए विलक्षण अनुभव था।

तीसरी प्रस्तुति तुलसीदास जी की रचना थी इस पर शेखर सेन ने कहा कि तुलसी 550 वर्ष पहले लिखकर चले गए और हम आज तक उन्हें गा रहे हैं जबकि आज के गाने सुनने के पांच घंटे तक भी याद नहीं रहते।
कहां के पथिक किनी गमनवा
कौन गांव के वासी किस कारण तजो भवनवा
उत्तर दिशा नगरी है अयोध्या
राजा दशरथ का है भवनवा
उन्हीं के हम दोनों कुंवरवा
माता के वचन सुन तजो भवनवा
ग्राम वधुएं पूछ रही है सिया से
कौन है प्रीतम कौन देवरवा
सिया मुस्कायी बोली मधु बानी
सांवरे से प्रीतम और गौर है देवरवा।

शेखर जी से मनचाही रचनाएं सुनने की फरमाइशे खूब आई। घड़ी अपनी रफ्तार में चल रही थी। आठ बज रहे थे। आभार ज्ञापन के लिए अशोक बिंदल और कविता गुप्ता का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था उन्हें अपना समय विसर्जित करना पड़ा। चौपाल में एक और यादगार पृष्ठ जुड़ा।

(लेखिका स्वांतः सुखाय सृजनरत रहती हैं और हर चौपाल की रिपोर्ट लिखती हैं) 
 
चौपाल का फेसबुक पेज 

https://www.facebook.com/share/ZEDUfFzznzimFGHU/?mibextid=xfxF2i

image_print

यूरोपियन संसद के चुनाव और इस्लाम

अभी यूरोप में हूं। जर्मनी में। अपने भारत मे मंगलवार, ४ जून को लोकसभा चुनाव के परिणाम आ गये थे। ठीक दो दिन बाद, गुरुवार ६ जून को यबरोपियन संसद के चुनाव का पहला चरण संपन्न हुआ। रविवार ९ जून को इसी चुनाव का दुसरा चरण था। फ्रान्स और जर्मनीने ९ जून को मतदान किया। ९ जून की रात्रि से परिणाम आना प्रारंभ हुए, और मानो यूरोप मे भूचाल आ गया..!
 
इतिहास में यूरोप को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया हैं, हिटलर की नाजी पार्टी ने और दूसरे विश्व युद्ध ने। इसलिए १९४५ मे विश्व युद्ध समाप्त होने के पश्चात, न केवल जर्मनी में, वरन् समूचे यूरोप में, हिटलर का नाम लेना निषिद्ध है। अपराध है। और मात्र हिटलर का नाम ही नहीं, तो राष्ट्रवाद (नॅशनॅलिझम) की बात करना भी मना है। यहाँ के लोगो का मानना है कि हिटलर ने अति राष्ट्रवाद की बातें कर के ही यूरोप को तबाही की सीमा तक पहुंचा दिया था।
 
इसलिए, यूरोपियन महासंघ बनने के बाद भी वहा मध्य मार्गी (सेंटर) और वामपंथी दलों के बीच मे ही राजनीतिक प्रतिद्वंदिता चलती रही। दक्षिण पंथी पार्टियों का कोई विशेष अस्तित्व नही था।
 
किंतु पिछले दस वर्षों से परिस्थितियां बदलने लगी। विशेषतः जब से सिरिया के आप्रवासी मुस्लिम, यूरोपियन देशों मे शरण लेने लगे, और यूरोपियन महासंघ के देशों ने भी उदार मन से उन्हे आश्रय देना प्रारंभ किया, तब से असंतोष निर्माण होने लगा।
 
कुछ ही वर्ष बाद, यूरोपियन देशों को अपनी की हुई गलती का अनुभव हुआ। प्रकट रूप से तो वें बहुत ज्यादा कह नही सकते थे। किंतु उन देशों ने आप्रवासी मुसलमानों को देश से निकालना प्रारंभ किया। यह काम कठिन था। कारण इसी बीच अनेक मुस्लिम आप्रवासी, शरणार्थी बनकर कानूनी और गैर कानूनी ढंग से इन युरोपियन देशों की व्यवस्था (सिस्टम) मे समा गये थे।
 
बात अगर यहीं तक रहती, तब भी ठीक था। ये सारे प्रवासी मुस्लिम, युरोपियन देशों मे, उनकी रीती-भाती का सम्मान करते हुए, घुल-मिल जाते तो शायद बात अलग थी।
 
किंतु ऐसा हुआ नही। होना संभव भी नहीं था।
 
इन प्रवासी मुस्लिमों ने अपने धर्म का आग्रह रखते हुए सड़को पर नमाज, मस्जिदों से स्पीकर पर अजान.. जैसी बातें शुरू की। प्रारंभ मे कुछ देशों की सरकारों ने, धार्मिक स्वतंत्रता का पक्ष लेते हुए सब मान्य किया। पर ये रुका नही। मामला आगे बढता गया।*
 
फ्रान्स मे तो मुस्लिम प्रवासी, गुंडागर्दी करते हुए रास्तों पर उतर आए। पॅरिस के मशहूर पर्यटन स्थलों को भी इन्होंने नही छोड़ा। दुकान, शोरूम, हॉटेल्स.. सारे तोड डाले। और एक बार नहीं, तो कई बार। फ्रान्स के अनेक शहरों मे आज भी कानून व्यवस्था, इन प्रवासी मुस्लिमों के कारण कब बिगड जायेगी, इसका कोई अंदाज नही।*
 
फ्रान्स अपवाद नही था। प्रवासी मुस्लिमों ने यही बात दोहराई बेल्जियम मे, जर्मनी में, स्वीडन मे, डेन्मार्क मे, इटली मे। अगर कोई एक देश इन उपद्रवों से बचा रहा, तो वह था पोलेंड। उसने पहले दिन से ही यह भूमिका ली थी की एक भी मुस्लिम प्रवासी को वो अपने देश मे शरण नहीं देंगे।
 
इन सबकी प्रतिक्रिया होनी थी। हुई भी। फ्रान्स मे, जर्मनी मे, इटली मे.. स्थानीय लोग इन उपद्रवियों के विरोध मे सड़कों पर आए। वे पुरजोर विरोध करने लगे।
 
इन प्रतिक्रियाओं का प्रभाव  चुनावों मे पड़ना स्वाभाविक था। युरोप मे प्रखर राष्ट्रवाद, चुनावों के परिणामों में झलकने लगा। इटली मे जियोर्जिया मेलोनी की FDI पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनी। जियोर्जिया मेलोनी प्रधानमंत्री चुनी गई। नीदरलँड मे भी ‘पार्टी फाॅर फ्रीडम’ PVV के गीर्ट वाइल्डर्स, निर्णायक भूमिका मे उभरे। कुछ यूरोपियन देशों मे राष्ट्रवाद के समर्थक और ‘आप्रवासी मुस्लिमो की गुंडागर्दी बंद करने की बात करने वाले’ सत्ता तक पहुंचे।
 
पिछले सप्ताह यूरोपीय संसद के चुनाव में भी यही चित्र सामने आया। पूरे यूरोप में, दक्षिण पंथ की ओर झुकने वाले गठबंधन, EPP ने सबसे ज्यादा, १९० सीटें प्राप्त की। अपने संकल्प पत्र में,  ने गैर-कानूनी आप्रवासन को सख्ती के साथ रोकने और आतंकवाद को कुचलने की बात की है।
 
इटली में जियोर्जिया मेलोनी के एफडीआई पार्टी को २८.८ प्रतिशत मतों के साथ २४ सीटें मिली है जो सन २०१९ के चुनाव से १४ सीटें ज्यादा है।
 
नीदरलैंड (हॉलैंड) में पीवीवी पार्टी ने, पिछले शून्य से ६ सीटों की छलांग मारी हैं। (यूरोप में अलग-अलग देशों के लिए यूरोपियन संसद की भिन्न-भिन्न सीटें हैं, अपने राज्यों जैसी)।
 
जर्मनी के परिणाम भी आश्चर्यजनक आए हैं। जर्मन लोक अति दक्षिणपंथी पार्टियों को ठीक नहीं मानते थे। किंतु इस बार दक्षिण पंथ की और झुकने वाली AFD (अल्टरनेटिव फॉर डाॅईशलैंड) को १५.९०% मत मिले हैं, तथा वह दूसरे क्रमांक की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर कर आई हैं। दक्षिण पंथ के गठबंधन को जर्मनी में सबसे ज्यादा ३० सीटें मिली हैं।
 
किंतु असली चमत्कार हुआ फ्रांस में। वहां पर सत्तारूढ अमैनुएल मैक्रों के गठबंधन को करारा झटका लगा। यूरोपीय संसद में कुल ७२० सदस्य होते हैं, जिनमें से ८१ सदस्य फ्रांस से चुनकर आते हैं। इस बार मैक्रों के सत्तारूढ़ दल को मात्र १४ प्रतिशत वोट के साथ १३ सीटों पर संतुष्ट होना पड़ा। जिन्हें अति दक्षिणपंथी कहा जाता हैं, ऐसी मरीन ली पेन के ‘नेशनल रैली’ पार्टी को ३१.३७% वोट शेयर के साथ ३० सीटें मिली। इस समय नेशनल रैली के अध्यक्ष है, जॉर्डन बार्डीला।
 
राष्ट्रपति मैक्रों के लिए यह परिणाम चौंकाने वाले थे। किंतु उन्होंने इससे उबरने के लिए अप्रत्याशित कदम उठाया – संसद भंग की और राष्ट्रीय मध्यावधि चुनाव की घोषणा की। इस चुनाव का पहला चरण रविवार ३० जून और दूसरा चरण रविवार ७ जुलाई को हैं।
 
हम कल्पना कर सकते हैं, शुक्रवार २६ जुलाई से फ्रांस में, विशेषत: पेरिस में, ओलंपिक प्रारंभ हो रहे हैं, जो रविवार ११ अगस्त तक चलेंगे। अर्थात फ्रांस किन परिस्थितियों से गुजर रहा हैं, इसका अंदाजा हम कर सकते हैं।
 
इस समय, चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में दक्षिणपंथी पार्टियां आगे दिख रही है। ली पेन ने घोषित किया है कि यदि उनकी पार्टी चुनाव जीतती हैं, तो राष्ट्रपति जॉर्डन बार्डेला रहेंगे। इस समय फ्रांस में दक्षिणपंथी, मध्यम मार्ग की और वामपंथी पार्टीयों मे, गठबंधन बनाने के लिए अफरा-तफरी चल रही है। रिपब्लिकन अध्यक्ष एरिक सिओट्टी ने जब ‘अति दक्षिण पंथ के गठबंधन’ में शामिल होने की घोषणा की, तो बाकी सदस्यों ने उन्हें ही पार्टी से निकाल दिया। लेकिन बाद में कोर्ट ने इस निर्णय को उलट दिया। सिओट्टी, पार्टी के अध्यक्ष पद पर कायम हुए। चुनाव के लिए दिन कम हैं। गठबंधन बन रहे हैं। और इसलिए उथल-पुथल चल रही है।
पर कुल मिलाकर यह बात सामने आ रही है कि फ्रांस में जो भी सत्ता पर आएगा, उसे आप्रवासन (इमिग्रेशन) के नियमों का कड़ाई से पालन करना पड़ेगा और मुस्लिम प्रवासियों के उपद्रवों पर अंकुश रखना पड़ेगा।
 
यूरोप में मुस्लिम प्रवासियों पर बहुत कम राजनीतिक दल खुलकर बोल रहे हैं। जर्मनी, इटली, नीदरलैंड,  बेल्जियम के एक – दो दल, स्पष्ट रुप से कह रहे हैं की वे युरोप को इस्लामीकरण से बचाने के लिये संकल्पित हैं (De-Islamization of Europe)। अधिकतर राजनीतिक दल, इस प्रश्न को अप्रत्यक्ष रूप से कह रहे है। *किंतु न बोलते हुए भी आशय स्पष्ट है। यूरोप के इस्लामीकरण के विरोध में काफी हद तक जन जागरण हो गया है।
 
यूरोपीय देशों की दो प्रमुख समस्याएं हैं – वह पूर्णतः आप्रवासन (इमीग्रेशन) के विरोध में भूमिका नहीं ले सकते। उनके लिए ये संभव भी नहीं है। जर्मनी, डेनमार्क, नॉर्वे, फ्रांस.. जैसे देशों में काम करने के लिए मनुष्यबल की आवश्यकता है। इमीग्रेंट्स के बिना यूरोप का चलना कठिन हैं।
 
वें खुलकर न कहे, किंतु उन्हें मुस्लिम इमीग्रेंट से परेशानी है। वह अच्छे इमीग्रेंट्स चाहते हैं। यही मामला पेचीदा हो जाता हैं। बहुत कुछ अस्सी के दशक के, असम के ‘बहिरागत हटाओ’ आंदोलन जैसा। असम को बांग्लादेशी घुसपैठियें नहीं चाहिए थे। वस्तुतः उनका संघर्ष बांग्लादेशी ‘मुस्लिम घुसपैठियों’ से था। किंतु आंदोलन खड़ा हुआ ‘बहिरागत’ के विरोध में। अर्थात सभी आप्रवासियों के विरोध में। चाहे वह बांग्लादेश से शरणार्थी के रूप में आने वाला हिंदू हो, या व्यापार के लिए राजस्थान से पीढ़ियों पहले आया, मारवाड़ी समुदाय हो। बाद में अथक प्रयासों से असम के लोगों में ‘बहिरागत’ संकल्पना स्पष्ट हुई। आज वैसी ही स्थिति फ्रांस सहित अधिकतम यूरोपियन देशों की हैं।
 
यूरोप की दूसरी समस्या है (जो शायद वैश्विक है), मुस्लिम आप्रवासियों की आक्रामकता, उनका उपद्रव, उनकी गुंडागर्दी का विरोध, यूरोप के मुस्लिम बुद्धिजीवी नहीं करते। सामान्य यूरोपियंस में इस बात का बेहद गुस्सा है। मुसलमानों के उपद्रव का विरोध न करना, यह सारे मुसलमानों की मौन सम्मती माना जा रहा हैं, जो सामान्य यूरोपियन नागरिकों को अखर रहा है।
 
एक बात तो तय हैं, यूरोप करवट ले रहा है और इसका एक प्रमुख कारण इस्लाम हैं। इसके क्या परिणाम होंगे, यह तो भविष्य बताएगा..!
(लेखक राजनीतिक विचारक हैं और ऐतिहासिक विषयों पर शोध पूर्ण लेख लिखते हैं। इनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है) 
image_print

सनातन की शुभ मंगल वेला !!चहुँ ओर बजेगा सनातन का डंका !!

अट्ठारहवीं लोकसभा का गठन पूरा हुआ और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने शपथ लेकर अपना काम काज भी आरम्भ कर दिया। यद्यपि लोकसभा में संख्याबल कुछ कम पड़ जाने के कारण भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता व समर्थक कुछ उदास रहे किन्तु उड़ीसा, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की विधान सभाओं ने इस उदासी को उत्सव में बदलने का अवसर दे दिया। उड़ीसा और आंध्र प्रदेश के चुनाव परिणाम सनातन की मंगल वेला का संकेत हैं।

उड़ीसा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी  को 147 सीटों में से 78 सीटों पर विजय मिली और वर्ष 2000 से 2024 तक लगातार मुख्यमंत्री रहे नवीन पटनायक जी को पराजय का मुंह देखना पड़ा। यह उड़ीसा में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय है । प्रदेश में भाजपा ने  मोहन चरण मांझी, जिनका राज्य में राजनैतिक संघर्ष का लम्बा समय  रहा है तथा जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के निष्ठावान कार्यकर्ता रहे हैं को मुख्यमंत्री पद की बागडोर सौंपी है। मांझी 1997 से राजनीति सक्रिय हैं, एक मजबूत तेजतर्रार आदिवासी नेता हैं जिनका व्यापक प्रभाव है। मोहन चरण मांझी सरस्वती शिशु मंदिर में अध्यापक भी रहे हैं । माझी की  जनसाधरण से जुड़ने की असीम क्षमता ने आदिवासी क्षेत्रों में उन्हें विशेष लोकप्रियता दिलाई है। चार बार के विधायक के रूप  मे उन्हें राज्य की शासन प्रणाली की गहरी समझ है और उन्होंने इस क्षेत्र के लिए भाजपा की नीतियों को आकार देने मे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।भारतीय जनता पार्टी ने मोहन चरण मांझी को मुख्यमंत्री बनाकर आदिवासी समाज को एक बडा संदेश दिया है । आगामी दिनों में झारखंड में भी विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं जहां पर भारतीय जनता पार्टी  मांझी की  लोकप्रियता व प्रभाव का उपयेग कर सकती है ।

मोहन चरण मांझी जी के मुख्यमंत्री बन जाने से ऐसा बहुत कुछ होने वाला है जो सनातन के लिए शुभ  संकेत है। मुख्यमंत्री बनते ही उन्होंने पुरी में भगवान जगन्नाथ मंदिर के दर्शन करने के वे तीन द्वार खुलवा दिये हैं जो कोविड काल में  बंद कर दिये गये थे । ये बंद द्वार उड़ीसा विधानसभा चुनावों में एक बहुत बड़ा मुद्दा बनकर उभरे थे । अब मंदिर में जाने वाले भक्त चारों द्वार से प्रवेश कर  सकते हैं। चारों द्वार खोले जाने के बाद यह प्रश्न उठ रहा है  कि रहस्यों से भरे जगन्नाथ  मंदिर के इन द्वारों  को बंद क्यों किया गया था और इनको खोले जाने से  क्या बदलाव आने वाला है ?

 जगन्नाथ मंदिर में कुल चार द्वार  हैं और ये सभी कभी बंद नहीं रहे, कोविड काल मे इनको  बंद कर दिया गया था और श्रद्धालुओं की मांग के बाद भी उसको खोला नहीं जा रहा था। जिस द्वार से अभी भक्तों का प्रवेश था था उसका नाम सिंहद्वार है, जबकि एक द्वार का नाम व्याघ्र द्वार है जो पश्चिम  दिशा में है और आकांक्षा का प्रतीक माना जाता है यहां से साधु संत प्रवेश करते हैं। हस्ति द्वार का नाम हाथी पर है और यह उत्तर दिशा में है, हाथी धन की देवी लक्ष्मी का प्रतीक है। इस द्वार के  दोनों तरफ हाथी की आकृति बनी हुई है जिन्हें मुगलकाल में क्षतिग्रस्त कर दिया गया। दक्षिण दिशा में अश्व द्वार है। घोड़ा इसका प्रतीक है। इसे विजय का द्वार भी कहा जाता है और योद्धा इस द्वार का उपयोग विजय के लिए करते रहे हैं।  जगन्नाथ मंदिर के चारों द्वार खुल जाने से अब भक्तो को आसानी से दर्शन  हो सकेंगे। इअके साथ ही मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने जगन्नाथ मंदिर के रखरखाव तथा अन्य कार्यों के लिए 500 करोड़ रुपये का  विशेष कोष भी बना  दिया है।

हिन्दू धर्म के लोगों के लिए आंध्र प्रदेश  से भी अच्छा समाचारआया है कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद तिरुमला में प्रसिद्ध वेंकटेश्वर मंदिर में दर्शन -पूजन किया तथा पूर्ववर्ती जगन  सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जगन सरकार ने तिरुपति देवस्थानम का व्यसायीकरण कर दिया था, सरकार दर्शन के टिकट की ब्लैक मार्केटिंग कर रही थी जिसे अब ठीक किया जाएगा। जगन सरकार में मंदिर के प्रसाद की गुणवत्ता में काफी गिरावट आ गई थी और महंगा भी हो गया था अतः मंदिर के प्रसाद की गुणवत्ता को ठीक करते हुए उसे सस्ता किया जायेगा।चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पिछली सरकार में मंदिर को जुआ, शराब व मांसाहार का केंद्र बना दिया गया था जो कि अब नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि अब तिरुमला देवस्थानम की सफाई की जाएगी क्योंकि यह मंदिर पूरी तरह से सनातनी हिन्दुओं का है और रहेगा। ज्ञातव्य है कि जगन सरकार में मंदिर का ट्रस्ट ईसाइयों के हाथ में चला गया था ।

 उड़ीसा और आंध्र प्रदेश की छद्म धर्मनिरपेक्ष  ताकतों को यह दृश्य पसंद नही आयेगा क्योंकि वह तो जानते हैं कि  आंध्र पदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू सेक्युलर नेता हैं और मुस्लिम आरक्षण के प्रबल समर्थक हैं  किंतु यहां पर यह बात भी ध्यान देने योग्य है कि वह सनातन विरोधी भी कतई नहीं हैं। अभी आगे आने वाले दिनों में आंध्र और उड़ीसा के मुख्यमंत्री सनातन को कुछ और अच्छे समाचार  देंगे। विगत पांच वर्षो में विपक्ष में रहकर आंध्र प्रदेश की तेलुगूदेशम पार्टी ने वहां के मंदिरों व संत समाज की सुरक्षा के लिए काफी  कार्य व आंदोलन किया है। उधर उड़ीसा में इस बात की प्रबल संभावना है कि समान नागरिक संहिता व धर्मांतरण पर लगाम  लगाने के लिए एक व्यापक कानून आए ।

एक अच्छा समाचार यह भी है कि तेलूगुदेशम पार्टी के नेता राममोहन नायडू  मंत्री पद की शपथ लेने के बाद जब अपने कार्यालय पहुंचे तब उन्होंने सबसे पहले 21 बार ॐ श्रीराम लिखा और उसके बाद पहली फाइल पर हस्ताक्षर किये। नायडू को नागरिक उड्डयन मत्री बनाया गया है, उनके पिता एर्नाकुलम से बहुत ही कम आयु में सांसद बने थे राम मोहन नायडू के पिता राम भक्त थे तथा राजनीति में  चंद्रबाबू नायडू के बहुत करीबी थे।राम मोहन नायडू एक युवा सांसद हैं और वह चाहते हे कि देश  के गरीब नागरिक भी हवाई जहाज में यात्रा कर सकें। तेलुगु देशम पार्टी  के सांसद का ॐ श्रीराम लिखना सेक्युलर विचारकों के लिए हैरान करने वाला रहा।

जगन्नाथ मंदिर के सभी द्वार खुलने और तिरुपति देवस्थानम की पवित्रता वापस लाने के प्रयासों से से चारों  दिशाओं में सनातन  का डंका बजने वाला है।

प्रेषक – मृत्युंजय दीक्षित

फोन नं.- 9198571540

image_print

18वें एमआईएफएफ में ‘अमृत काल में भारत’ पर लघु फ़िल्म के लिए विशेष पुरस्कार दिया जाएगा

कक्षा से लेकर प्रतियोगी होने तक: एमआईएफएफ 2024 में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के तहत 12 छात्र फ़िल्में प्रतिस्पर्धा करेंगी

मुंबई> 18वें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ)  के रूप में सिनेमाई उत्कृष्टता की खोज को एक मंच मिलेगा, जिसमें भारतीय सिनेमा की जीवंत झलक प्रदर्शित की जायेगी। रिकॉर्ड 840 प्रविष्टियों के साथ, महोत्सव सावधानीपूर्वक चयन की गयी 77 फिल्मों का अनावरण करेगा, जो राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रहीं हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिस्पर्धा करने वाली फिल्में 01 जनवरी 2022 से 31 दिसंबर 2023 के बीच भारतीय नागरिकों द्वारा भारत में निर्मित की गई हैं।

इस साल 15 से 21 जून के बीच आयोजित किया जा रहा एमआईएफएफ, भारतीय सिनेमा के भविष्य का प्रतीक है। नवोदित निर्देशकों की 30 उल्लेखनीय फिल्मों और 12 छात्र कृतियों ने प्रतियोगियों के बीच अपनी जगह बनायी है। नए दृष्टिकोणों और कहानियों की नयी दृष्टि से मोहित होने के लिए तैयार हो जाइए। आप राष्ट्रीय प्रतियोगिता की फ़िल्मों की पूरी सूची यहाँ देख सकते हैं। https://miff.in/wp-content/uploads/2024/06/National-Competition-MIFF-2024.pdf

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अंतर्गत फ़िल्में तीन श्रेणियों के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं:

*राष्ट्रीय वृत्तचित्र प्रतियोगिता: इस खंड में 30 विचारोत्तेजक वृत्तचित्र दिखाए जा रहे हैं।

*राष्ट्रीय प्रतियोगिता: लघु कथा और एनीमेशन: लघु कथा और एनीमेशन शैलियों को शामिल करने वाली 41 फिल्मों के साथ कहानी कहने की शक्ति का अनुभव करें।

*राष्ट्रीय प्रतियोगिता: अमृत काल में भारत: इस विषय पर केन्द्रित व विशेष रूप से निर्मित छह फिल्मों के माध्यम से देश के भविष्य की परिकल्पना करें।

विजेता फिल्मों और फिल्म निर्माताओं (नीचे सूचीबद्ध) के लिए प्रतिष्ठित पुरस्कार, प्रतिष्ठा को और भी बढ़ा देते हैं, जिससे एमआईएफएफ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी वास्तव में एक प्रेरणादायक उत्सव बन जाती है।

image_print

भारत के रचनाकारों को अपने बौद्धिक संपदा अधिकारों के बारे में जागरूक होने की जरुरत

प्रसारक भारतीय कंटेंट की खोज में थे और इस तरह ‘छोटा भीम’ की रचना हुई: ग्रीन गोल्ड एनिमेशन प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ राजीव चिलका
तमिल एनिमेशन फिल्म ‘अयलान’ हिंदी और अन्य भाषाओं में भी आएगी: फिल्म के वीएफएक्स सुपरवाइजर बेजॉय अर्पुथराज
प्रसिद्ध फिल्म समीक्षक नमन रामचंद्रन ने कहा, भारतीय एनिमेशन पात्रों की परिकल्पना भारत के समृद्ध इतिहास से ली जानी चाहिए

मुंबई।  भारत में, रचनाकारों को अपने रचनात्मक उत्पादों को पंजीकृत कराने और उस पर अधिकार अर्जित करने के महत्व को समझने की आवश्यकता है। मनोरंजन क्षेत्र की कानूनी विशेषज्ञ अनामिका झा ने कहा कि किसी रचनात्मक उत्पाद का स्वामी या लेखक होने से, किसी व्यक्ति को उल्लंघन के खिलाफ कानूनी सुरक्षा मिल सकती है।

हाल के समय में भारत के बेहद लोकप्रिय एनिमेशन पात्र – ‘छोटा भीम’ के निर्माता राजीव चिलका भी इससे बिल्कुल सहमत हैं! जबकि तमिल भाषा की विज्ञान पर आधारित फिल्म ‘अयलान’ के वीएफएक्स सुपरवाइजर बेजॉय अर्पुथराज ने आग्रह किया कि रचनाकारों को विचार की उत्पत्ति के दिन से ही अपने उत्पादों को पंजीकृत करा लेना चाहिए। ये विचार आज मुंबई में मुंबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल- 2024 के मौके पर ‘अनवीलिंग द एनिमेशन फ्रंटियर: बिल्डिंग इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टीज थ्रू एनिमेशन फिल्म्स – केस स्टडी: अयलान एंड छोटा भीम’ विषय पर आयोजित एक पैनल चर्चा के दौरान सामने रखे गए।
फिक्की में एवीजीसी फोरम के अध्यक्ष आशीष कुलकर्णी ने मनोरंजन उद्योग के इस महत्वपूर्ण, हालांकि अक्सर उपेक्षित पक्ष पर चर्चा का संचालन किया। पैनल में यूनाइटेड किंगडम स्थित फिल्म समीक्षक नमन रामचंद्रन भी थे, जिन्होंने भारत और अन्य जगहों पर एनिमेशन बाजार के विकास के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।

ग्रीन गोल्ड एनिमेशन प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ राजीव चिलका, जिनके स्टूडियो से ‘छोटा भीम’ की शुरुआत हुई, ने दर्शकों को बच्चों के इस लोकप्रिय पात्र की विकास यात्रा से अवगत कराया। इस पात्र ने इस साल अप्रैल में 16 साल पूरे कर लिए हैं और अभी भी बेहद लोकप्रिय है। राजीव चिलका ने कहा कि इस पात्र के छह स्पिन-ऑफ हो चुके हैं और छोटा भीम से जुड़े उत्पाद पूरे देश में बहुत अच्छी तरह से बिक रहे हैं। उन्होंने बताया, “मैंने शुरुआत में ही इस पात्र को पंजीकृत करा लिया था।” उन्होंने खुलासा किया कि अमेज़ॅन द्वारा छोटा भीम के सभी संस्करण खरीद लेने के बाद, उनकी कंपनी ने नेटफ्लिक्स के लिए ‘शक्तिशाली छोटा भीम’ (माइटी लिटिल भीम) बनाया, जहां इस सीरीज ने चार सीजन में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।

फैंटम एफएक्स के निदेशक बेजॉय अर्पुथराज ने बताया, “अयलान नाम के पात्र के बौद्धिक संपदा का स्वामी बनने की हमारी चाहत के पीछे एक बड़ा कारण यह था कि हमें लगा कि यह विपणन योग्य है और इसका फायदा मिलेगा।” उन्होंने भी इस पर काम शुरू करने से पहले बौद्धिक संपदा अधिकार हासिल कर लिया था। अब जबकि ‘अयलान’ का तेलुगु संस्करण पहले ही आ चुका है, निर्माता इसे हिंदी और अन्य भाषाओं में भी रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।

श्री अर्पुथराज ने खुलासा किया कि जब इस फिल्म की योजना बनाई जा रही थी, तो निर्माताओं को यकीन नहीं था कि यह चलेगी या नहीं। लेकिन श्री अर्पुथराज और उनकी टीम इसे क्रियान्वित करने के लिए उत्सुक थी क्योंकि यह फिल्म भारतीय एनिमेशन निर्माण बाजार के कई मिथकों को तोड़ देगी और भारतीय वीएफएक्स एवं एनिमेशन कलाकारों के लिए एक मिसाल बनेगी। उन्होंने कहा, “अब हम अयलान पर एक कार्टून श्रृंखला बनाने की योजना बना रहे हैं और आगे की श्रृंखला में लोगों को अयलान या एलियन के ग्रह पर ले जाने के विचार पर भी काम कर रहे हैं।”

फिल्म समीक्षक नमन रामचंद्रन ने कहा, लोग कोविड के बाद की दुनिया में अधिक स्थानीय मनोरंजन उत्पाद चाहते हैं। अपनी बात को समझाते हुए, उन्होंने कहा कि उदाहरण के तौर पर एक भारतीय जहां नारकोस देखना पसंद करेगा, वहीं एक मैक्सिकन मिर्ज़ापुर देखना चाहेगा, । इस संदर्भ में, उनका मानना है कि भारतीय एनीमेशन पात्रों की परिकल्पना भारत के समृद्ध इतिहास से ली जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत एक बड़ा बाजार है और निर्माताओं को कंटेंट के लिए विदेशों की ओर देखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि विचारों की जड़ें स्थानीय स्तर पर गहरी होनी चाहिए। राजीव चिलका ने भी बताया कि, प्रसारक भारतीयकृत कंटेंट की खोज में थे और इस तरह ‘छोटा भीम’ का जन्म हुआ। वर्ष 2008 में यह पहली बार प्रसारित हुआ और तुरंत हिट हो गया।

‘रचनाकारों की वकील’ के नाम से प्रसिद्ध कानूनी विशेषज्ञ अनामिका झा ने परिचर्चा में भाग लेने वाले नवोदित रचनाकारों को यह कहकर सावधान किया कि “’यदि आप किसी पात्र में अपना  और आत्मा लगाते हैं, तो आपको उसके बौद्धिक संपदा अधिकारों का स्वामी होना ही चाहिए।” श्री आशीष कुलकर्णी ने दोहराया कि भारत में कई रचनाकारों और कलात्मक लोगों को अपने रचनात्मक उत्पादों के कॉपीराइट के बारे में जागरूक होने की आवश्यकता है।

image_print

फिल्म महोत्सव ने “इंस्पायरिंग नैरेटिव्स: इनोवेशन एंड क्रिएटिविटी” पर पैनल चर्चा

मुंबई। 18वें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) ने आज “इंस्पायरिंग नैरेटिव्स: इनोवेशन एंड क्रिएटिविटी”  शीर्षक से एक उत्साहपूर्ण पैनल चर्चा का आयोजन किया। इस सत्र में उभरते सामाजिक उद्यमियों ने भाग लिया, जिन्होंने समाज में परिवर्तनकारी बदलाव लाने के उद्देश्य से अपनी पहल साझा की। चर्चा में इन नवोन्मेषकों की व्यक्तिगत यात्राओं का पता चला, जिसमें बताया गया कि कैसे उन्होंने चुनौतियों का सामना किया, रचनात्मकता को अपनाया और अपने विचारों को जीवन में लाने के लिए बाधाओं को पार किया। लैंगिक मानदंडों को तोड़ने से लेकर सामाजिक बाधाओं को पार करने तक, पैनलिस्टों ने अंतर्दृष्टि और अनुभव साझा किए, दूसरों को अपने जुनून को आगे बढ़ाने और एक स्थायी प्रभाव बनाने के लिए प्रेरित किया।

इन सफलता की कहानियों का उत्सव मनाने और लाखों लोगों को प्रेरित करने के प्रयास में, उनकी जीवन यात्रा को दर्शाने वाली एनिमेशन फिल्में राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) और नेटफ्लिक्स द्वारा ‘आज़ादी की अमृत कहानियां’ श्रृंखला के हिस्से के रूप में को-प्रोड्यूस की जा रही हैं। चर्चा के दौरान इन फिल्मों के ट्रेलर दिखाए गए। प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार द्वारा चुने गए इन नवोन्मेषकों की कहानियां एनएफडीसी और नेटफ्लिक्स के बीच सहयोगी पहल का केंद्र हैं। राज कुमार राव द्वारा कुशलतापूर्वक सुनाई गई एनिमेशन और लाइव-एक्शन को मिलाकर आकर्षक कहानी कहने की तकनीकों के माध्यम से, इन परिवर्तन-निर्माताओं की प्रभावशाली यात्राओं को प्रस्तुत किया जा रहा है।

इस सीरीज पर प्रकाश डालते हुए भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के कार्यालय में स्ट्रैटजिक एलाएंस की निदेशक डॉ. सपना पोती ने कहा कि ये केवल एनिमेटेड कहानियां नहीं हैं, बल्कि सामाजिक नवोन्मेषकों की गाथाएं हैं जो लाखों लोगों को प्रेरित करेंगी। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि नवोन्मेष केवल कुछ नया विकसित करना नहीं है, बल्कि यह टिकाऊ भी होना चाहिए। उन्होंने कहा, “इस सीरीज की प्रत्येक कहानी में स्थिरता है, जिसे बढ़ावा देने की आवश्यकता है ताकि पूरे देश के लोग उनकी जीवन यात्रा के बारे में जान सकें। यही कारण है कि सरकार ने उनकी कहानियों को उजागर करने के लिए इस मंच को चुना है।”

पैनल चर्चा को संबोधित करते हुए, मायलैब डिस्कवरी सॉल्यूशंस के प्रबंध निदेशक और सह-संस्थापक हसमुख रावल ने बताया कि अभिनव समाधान लाने का सबसे अच्छा तरीका उन्हें यूजर्स के लिए आसान, सुलभ और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने स्व-उपयोग के लिए अग्रणी कोविड-19 टेस्ट किट कोविसेल्फ़ के पीछे की सफलता की कहानी का उदाहरण दिया।

एंगिरस के सह-संस्थापक और सीटीओ लोकेश पी. गोस्वामी ने अपनी प्रेरक कहानी साझा करते हुए इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक सामाजिक उद्यमी को एक बड़ी सामाजिक समस्या को एक व्यक्तिगत मुद्दे के रूप में देखना चाहिए। उनका मानना है कि जिम्मेदारी की यह भावना नवाचार को बढ़ावा देगी।

अन्य प्रतिभागियों में पूर्वोत्तर भारत के छात्रों के लिए स्थानीय भाषाओं में ई-लर्निंग सेवाएं प्रदान करने के लिए समर्पित कंपनी आहार एडुस्मार प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक अमित घोष, क्रिएटिव एजेंसी द गुड स्टफ स्टूडियो (टीजीएस) की सह-संस्थापक और क्रिएटिव डायरेक्टर मेघना रॉय और एंगिरस की सह-संस्थापक कुंजप्रीत अरोड़ा शामिल थे। उन्होंने चर्चा के दौरान अपने अनुभव और अंतर्दृष्टि साझा की।

सत्र का संचालन आदित्य कुट्टी ने किया, जो वर्तमान में कानूनी निदेशक के रूप में नेटफ्लिक्स में हेड ऑफ लिटिगेशन एंड रेगुलेटरी फंक्शन मुकदमेबाजी और विनियामक कार्य के प्रमुख के तौर पर काम करते हैं।

image_print

18वें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) में पर्यावरण से प्रेरित फिल्में

मुंबई। टिकाऊ जीवनशैली को प्रोत्‍साहन देने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिक जिम्मेदारी की भावनोत्‍पत्ति के प्रयास में, मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) का 18वां संस्करण “मिशन लाइफ” नामक एक विशेष पैकेज प्रस्‍तुत करेगा। सीएमएस वातावरण द्वारा प्रस्तुत इस संग्रह में पांच विचारपूर्वक चुनी गई फ़िल्में शामिल हैं जो मानवता और पृथ्‍वी के बीच जटिल व सहजीवी संबंधों को प्रस्‍तुत करती हैं। ये फ़िल्में ब्रह्मांड के साथ हमारे गहरे संबंध की मार्मिक याद दिलाती हैं और सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व की महत्‍वपूर्ण आवश्यकता पर ज़ोर देती हैं।

“मिशन लाइफ़”: विशेष पैकेज के अंतर्गत प्रदर्शित की जाने वाली फ़िल्में

1. सेविंग द डार्क

दुनिया की 80 प्रतिशत आबादी अब आकाशगंगा को नहीं देख सकती। जब हम सितारों को देखने से वंचित हो जाते हैं तो हम क्या खो देते हैं? अत्यधिक और अनुचित प्रकाश व्यवस्था हमारे रात के आसमान को छीन लेती है, हमारी नींद के पैटर्न को बाधित करती है और रात्रि में सक्रिय रहने वाले जीव-जंतुओं को खतरे में डालती है। एलईडी तकनीक में बेहतरी ने कई शहरों को रात के समय के वातावरण को बाधित किए बिना अपनी सड़कों को सुरक्षित रूप से रोशन करने और ऊर्जा बचाने में सक्षम बनाया है। ‘सेविंग द डार्क’ फिल्‍म रात्रि के आसमान को संरक्षित करने की आवश्यकता और प्रकाश प्रदूषण से निपटने के लिए हम क्या कर सकते हैं, इसे प्रस्‍तुत करती है।

2. लक्ष्मण-रेखा

फिल्म “लक्ष्मण-रेखा” एक आत्मीय सिनेमाई प्रस्‍तुति है कि कैसे स्कूल की पढ़ाई छोड़ देने वाले लक्ष्मण सिंह ने एक सूखाग्रस्त गांव को एक स्वैच्छिक समूह के रूप में परिवर्तित कर दिया जिसने भारत में मुख्‍य रेगिस्तान के 58 गांवों की किस्‍मत बदल दी। यद्यपि जल की आपूर्ति आज भी अनियमित है तथापि उनका पानी की प्रत्येक बूंद को बचाने के बारे में जागरूकता पैदा करने का मिशन जारी है। लेकिन क्या लोग उसे गंभीरता से स्‍वीकारते हैं या वे किसी चमत्कार का इंतजार कर रहे हैं?

3. द क्‍लाइमेट चैलेंज

हम जलवायु संकट के कगार पर खड़े हैं। जलवायु परिवर्तन की आपदा झेल रहे सबसे ज़्यादा प्रभावित क्षेत्र दुनिया के क्रायोस्फ़ेरिक क्षेत्र (आर्कटिक, अंटार्कटिक और हिमालय) और महासागर हैं। हाल के वर्षों में आर्कटिक महासागर की बर्फ़ की परत 30 प्रतिशत से अधिक कम हुई है और इस क्षेत्र की बर्फ़ तेज़ी से पिघल रही है। वैज्ञानिक अब इस धरती पर सबसे कठोर परिस्थितियों में नवीनतम तकनीक का उपयोग केवल इन परिघटनाओं पर अनुसंधान करने के लिए कर रहे हैं। द क्‍लाइमेट चैलेंज फिल्‍म आपको आर्कटिक, हिमालय और दक्षिणी महासागर की यात्रा पर ले जाती है ताकि आप कुछ जानलेवा स्थितियों को देख सकें हैं और उनके आशय को समझ सकें।

4. द ज्वार बैलड (ज्वार गाथा)

ज्वार की गाथा (द ज्वार बैलड) फिल्‍म में बाजरा उगाने की पारंपरिक पद्धति के साथ मिलकर बाजरे की देशी किस्में, विविध व्यंजनों का सजीव चित्रण किया गया है। गीतों, अनुष्ठानों, कहानियों के माध्यम से समृद्ध परंपराएं प्रकट होती हैं जबकि किसान शुष्क भूमि में बाजरे की कमी पर दुःख व्यक्त करते हैं। बुजुर्ग बताते हैं कि कृषि फसल की नई किस्में स्वास्थ्य और फसल के लिए जोखिम लेकर आती हैं।

5. पेंग यू साई

पेंग यू साई एक खोजी वृत्तचित्र है जो भारत के महासागरों से जलीय प्रजाति मंटा रे के अवैध व्यापार पर प्रकाश डालता है। इस वृत्तचित्र के माध्यम से, वन्यजीव प्रस्तुतकर्ता मलाइका वाज़ हिंद महासागर में मछली पकड़ने वाले जहाजों से लेकर भारत-म्यांमार सीमा तक और अंत में चीन में हांगकांग और ग्वांगझोउ के वन्यजीव तस्करी केंद्रों में गुप्त रूप से अवैध व्यापार पाइपलाइन को दर्शाती हैं। इसके साथ ही- वह मछुआरों, बिचौलियों, तस्करों, सशस्त्र बलों के कर्मियों और वन्यजीव व्यापार सरगनाओं से मिलती है, और यह समझने की कोशिश करती है कि इन उत्‍कृष्‍ट महासागरीय दीर्घकाय जीवों की रक्षा के लिए क्या करना होगा।

image_print

फिल्म महोत्सव में सृजन और सफलता की रणनीतियों के लोकतांत्रीकरण पर चर्चा

मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) 2024 में “एडवेंचर से रेवेन्यू तक: कंटेंट क्रिएटर्स के लिए सफलता की रणनीतियां” शीर्षक से एक पैनल चर्चा आयोजित की गई। चर्चा इस बात पर केंद्रित थी कि कैसे प्लेटफ़ॉर्म ने कंटेंट निर्माण को लोकतांत्रिक बनाया है, जिससे सभी क्षेत्रों के क्रिएटर्स को अपनी कहानियां साझा करने में मदद मिली है। पैनलिस्टों ने प्रामाणिक भारतीय कंटेंट की बढ़ती मांग पर भी प्रकाश डाला और नए कंटेंट क्रिएटर्स के लिए सफलता की रणनीतियों के बारे में जानकारी साझा की।

इस पैनल चर्चा में यूट्यूब की मूवी कंटेंट पार्टनरशिप प्रमुख नम्रता राजकुमार, द वायरल फीवर (टीवीएफ) प्रोडक्शंस के अध्यक्ष विजय कोशी, गोप्रो इंडिया के मार्केटिंग और कम्युनिकेशंस के निदेशक यतीश सुवर्णा, शेफ से फोटोग्राफर बने यश राणे, कश्मीर के एथलीट और एडवेंचर फिल्म निर्माता रिज़ा एली, हैदराबाद के यूट्यूबर साई तेजा ने हिस्सा लिया। इसका संचालन अभिनेता, निर्माता और सीबीएफसी की सदस्य वाणी त्रिपाठी टिक्कू ने किया।

यूट्यूब पर नए कंटेंट क्रिएटर्स के लिए अवसरों के बारे में बात करते हुए नम्रता राजकुमार ने कहा कि यूट्यूब एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जो लघु, दीर्घ और अत्यंत दीर्घ जैसे कई प्रारूपों में कंटेंट बनाने की सुविधा प्रदान करता है।

यूट्यूब जैसे प्लेटफ़ॉर्म ने वास्तव में कंटेंट के सृजन को लोकतांत्रिक बना दिया है क्योंकि वे किसी भी व्यक्ति को कहीं से भी क्रिएटर बनने में सक्षम बनाते हैं। आप यूट्यूब पर गांव से लेकर शहरों तक सफलता की कई कहानियां देख सकते हैं। उदाहरण के लिए, केरल के एक गांव का एक क्रिएटर जैसा पारिवारिक व्यक्ति है, जिसके 50 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर हैं, हमारे पास किसान, ट्रक ड्राइवर हैं जो हमारे कंटेंट क्रिएटर हैं जिनके पास बड़ी संख्या में फ़ॉलोअर्स हैं। उन्होंने कहा कि हर किसी के पास बताने के लिए एक कहानी है और यूट्यूब इसके लिए सबसे अच्छा प्लेटफ़ॉर्म है।

इस चर्चा में विजय कोशी ने अपने प्रोडक्शन हाउस टीवीएफ की कहानी के बारे में बताया। उन्होंने कहा, टीवीएफ की यात्रा सभी प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस से ‘खारिज किए जाने’ से शुरू हुई। फिर हमने यूट्यूब को एक प्लेटफॉर्म के रूप में इस्तेमाल करने का फैसला किया और इस पर अपना चैनल बनाया। आज भारत में आइएमबीडी पर सबसे ज़्यादा रेटिंग वाले 11 टीवी शो हैं। उनमें से 7 टीवीएफ द्वारा बनाए गए हैं और उनमें से भी 5 विशेष रूप से यूट्यूब पर संचालित शो हैं। वेब सीरीज़ – पंचायत का ज़िक्र करते हुए, उन्होंने नए क्रिएटर्स से ज़्यादा से ज़्यादा भारतीय दर्शकों को आकर्षित करने के लिए अद्वितीय भारतीय कंटेंट बनाने की अपील की।

चर्चा में आगे यश राणे, रिज़ा अली, साई तेजा ने भी चैनल बनाने, वीडियो अपलोड करने और दर्शकों से मिले फीडबैक के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि अगर आपका काम वास्तविक और अनूठा है, तो दर्शकों से आपको सकारात्मक प्रतिक्रिया ज़रूर मिलेगी।

image_print
image_print