पुरस्कार गुजरात के केवड़िया में 22 सितंबर 2026 को आयोजित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा।
दादासाहेब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की अनुशंसा पर, भारत सरकार को यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि वरिष्ठ अभिनेता श्री अनंत नाग को भारतीय सिनेमा के विकास और संवर्धन में उनके उत्कृष्ट एवं अमूल्य योगदान के लिए प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार उनकी पांच दशकों से अधिक लंबी शानदार सिनेमाई यात्रा के सम्मान में प्रदान किया जा रहा है, जिसने कलाकारों की पीढ़ियों को प्रेरित किया है और राष्ट्र के सांस्कृतिक परिदृश्य को समृद्ध किया है। श्री अनंत नाग को यह पुरस्कार 22 सितंबर, 2026 को गुजरात के केवड़िया में आयोजित होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा।
अनंत नाग ने ब्लॉकबस्टर फिल्म 'केजीएफ: चैप्टर 1' (2018) में वरिष्ठ पत्रकार और लेखक 'आनंद इंगलागी' का महत्वपूर्ण किरदार निभाया था। फिल्म में वे एक नरेटर (सूत्रधार) की भूमिका में नजर आए थे, जो टीवी चैनल के इंटरव्यू में 'कोलार गोल्ड फील्ड्स' (KGF) और रॉकी (यश) के बनने व उभरने की दास्तान सुनाते हैं।
उनकी गंभीर आवाज, सधी हुई अदाकारी और कहानी सुनाने के अंदाज ने पहले पार्ट को एक मजबूत आधार दिया था। इस किरदार के लिए उन्होंने अपनी आवाज और स्क्रीन प्रेजेंस से दर्शकों को शुरुआत से अंत तक जोड़े रखा, जिसने 'केजीएफ 1' की सफलता में अहम भूमिका निभाई थी।
हालांकि, 'केजीएफ: चैप्टर 2' (2022) में अनंत नाग नजर नहीं आए थे। फिल्म के निर्देशक प्रशांत नील शुरुआत में चैप्टर 2 में भी उन्हें उसी रोल में जारी रखना चाहते थे, लेकिन कहानी में बदलाव और स्वास्थ्य कारणों की वजह से वे दूसरे भाग का हिस्सा नहीं बन सके।
4 सितंबर 1948 को जन्मे अनंत नाग (अनंत नागरकट्टे) कन्नड़ सिनेमा के सबसे सम्मानित और दिग्गज अभिनेताओं में से एक हैं। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है, जिनमें 250 से ज्यादा कन्नड़ फिल्में शामिल हैं।
कन्नड़ के अलावा उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, मराठी, मलयालम और अंग्रेजी भाषाओं की फिल्मों में भी अपनी अदाकारी का जादू चलाया है। कन्नड़ सुपरस्टार यश की ब्लॉकबस्टर फिल्म KGF के दोनों पार्ट में वह नजर आए थे।
फिल्मों के अलावा अनंत नाग को आरके नारायण की कहानियों पर आधारित दूरदर्शन के लोकप्रिय सीरियल 'मालगुडी डेज' से घर-घर में पहचान मिली थी। वे अब तक 5 बार कर्नाटक राज्य फिल्म पुरस्कार जीत चुके हैं।
श्री अनंत नाग के बारे में
श्री अनंत नाग (जन्म 4 सितंबर 1948, कर्नाटक) एक वरिष्ठ भारतीय अभिनेता हैं, जो अपनी बहुमुखी प्रतिभा और पांच दशकों से अधिक समय से भारतीय सिनेमा में अपने योगदान के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने कन्नड़ फीचर फिल्म संकल्प से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और अंकुर से हिंदी सिनेमा में पदार्पण किया। इसके बाद उन्होंने कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल और मराठी सिनेमा की 300 से अधिक फिल्मों में विविध भूमिकाएं निभाईं, जिनमें मालगुडी डेज़ जैसे उल्लेखनीय कार्य भी शामिल हैं।
श्री अनंत को पांच फिल्मफेयर पुरस्कार और पांच कर्नाटक राज्य सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा, उन्हें कर्नाटक राज्योत्सव पुरस्कार, कर्नाटक साहित्य अकादमी पुरस्कार और कर्नाटक राज्य लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। उन्हें बेंगलुरु विश्वविद्यालय (उत्तर) से मानद डॉक्टरेट की उपाधि भी प्राप्त है। वर्ष 2023 में उन्होंने सिनेमा में अपने 50 वर्ष के करिअर की स्वर्ण जयंती मनाई।
सिनेमा से इतर, श्री अनंत ने वर्ष 1988 से 1994 तक कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य और वर्ष 1994 से 1999 तक विधानसभा के सदस्य के रूप में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने बेंगलुरु शहर विकास राज्य मंत्री के रूप में भी पद संभाला। वर्ष 2025 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया। आज श्री अनंत नाग भारत के सबसे सम्मानित सांस्कृतिक व्यक्तित्वों में से एक हैं और अपनी बहुमुखी प्रतिभा, विनम्रता तथा भारतीय सिनेमा में अपने स्थायी योगदान के लिए प्रशंसित हैं।
दादासाहेब फाल्के पुरस्कार के बारे में
वर्ष 1969 में देविका रानी को प्रदान किए जाने के साथ शुरू किया गया दादासाहेब फाल्के पुरस्कार भारत सरकार द्वारा भारतीय सिनेमा में दादासाहेब फाल्के के योगदान के सम्मान में स्थापित किया गया था। दादासाहेब फाल्के ने वर्ष 1913 में भारत की पहली पूर्ण लंबाई की फीचर फिल्म, राजा हरिश्चंद्र का निर्देशन किया था। सिनेमा के क्षेत्र में इस सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वाले पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को ‘भारतीय सिनेमा के विकास और संवर्धन में उत्कृष्ट योगदान’ के लिए सम्मानित किया जाता है। इस पुरस्कार में स्वर्ण कमल पदक, एक शॉल और 10 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि शामिल है।





