समारोह एक...सोपान चार...
कोटा। सामाजिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक समारोह में जब एकाधिक आयोजन का समुच्चय होता है तो उभरने वाला दृश्य अपने विविध पक्षों से साक्षात्कार कराता है जो रचनात्मक प्रसंगों में एक दिशा भी प्रदान करता है।
इन्हीं सन्दर्भों की बानगी दीपावली स्नेह मिलन समारोह में देखने को मिली। अवसर रहा संस्कृति साहित्य, मीडिया फोरम, कोटा के तत्वावधान में रविवार 15 नवम्बर 2026 को विज्ञान नगर स्पेशल में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह का।
समारोह के सोपान -
यह समारोह चार सोपानों का साक्षी बना। इस माने में कि इसमें सर्व प्रथम पर्यटन जागरूकता प्रश्नोत्तरी और फोटोग्राफी प्रतियोगियों के विजेताओं को पुरस्कार वितरण, कवयित्री लेखिका शिखा अग्रवाल द्वारा कहानीकार विजय जोशी लिखित बाल कहानियों की अंग्रेजी में अनुवादित बाल कृति "वॉयस ऑफ नेचर" का विमोचन, कवि - साहित्यकारों द्वारा काव्य पाठ तथा संस्था में उल्लेखनीय कार्य और सेवाओं के लिए सह संयोजक डॉ. वैदेही गौतम और फोटो प्रतियोगिता के संयोजक विजय प्रकाश महेश्वरी का सम्मान सम्मिलित रहा।
समरोह में वरिष्ठ बाल साहित्यकार एवं कवि भगवती प्रसाद गौतम की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ साहित्यकार रामेश्वर शर्मा रामू भैया के मुख्य आतिथ्य में वरिष्ठ साहित्यकार जितेन्द्र निर्मोही एवं प्रसिद्ध नेत्र सर्जन, लेखक एवं मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. सुरेश पाण्डेय विशिष्ठ अतिथि रहे।
प्रथम सोपान -
मंचासीन अतिथियों द्वारा विश्व पर्यटन दिवस के सन्दर्भ में पर्यटन, कला, संस्कृति पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में प्रथम रहने पर धर्मेंद्र कुमार पाल, प्रद्युम्न कुमार, अंजना मनोज गर्ग, डॉ. मोहिनी गुप्ता, गौरव राठौर, सरोला, डॉ. युगल सिंह, रश्मि वैभव गर्ग, राम मोहन कौशिक, डॉ. इंदु बाला शर्मा, विजय कुमार शर्मा, सुनील कुमार राठौर, डॉ.अपर्णा पाण्डेय, द्वितीय रहने पर श्वेता शर्मा, पूरण मल सेन एवं अनिल दीक्षित में से समारोह स्थल पर उपस्थित प्रतियोगियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण - पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
इसी क्रम में विश्व पर्यटन दिवस के सन्दर्भ में वन्यजीव फोटो प्रतियोगिता में प्रथम रहने पार कु.धारा जेठी, द्वितीय संयुक्त रूप से सी. एस. श्रीवास्तव, डाॅ. हर्षित शर्मा, तृतीय डा.अंशु शर्मा,चतुर्थ आदिल सैफ, पंचम संयुक्त रूप से अभय सिंह राठौड़, सुनील पारीक एवं प्रोत्साहन के लिए शशि कान्त शर्मा, नितिन जांगिड़ एवं चिराग सिंघल में से उपस्थित प्रतियोगियों को प्रशस्ति - पत्र एवम् स्मृति चिन्ह दे कर पुरस्कृत किया गया।
द्वितीय सोपान -
बाल साहित्य लेखिका डॉ. सुशीला जोशी एवं श्यामा शर्मा के विशेष सान्निध्य में मंचस्थ अतिथियों सहित डॉ. वैदेही गौतम ने कवयित्री - लेखिका शिखा अग्रवाल द्वारा कहानीकार विजय जोशी लिखित बाल कहानियों की अंग्रेजी में अनुवादित बाल कृति "वॉयस ऑफ नेचर" का विमोचन करते हुए इस पर सार्थक चर्चा की।
सर्वप्रथम पुस्तक पर अपने विचार व्यक्त करते हुए मुख्य वक्ता युवा कवि एवं उपन्यासकार किशन प्रणय ने कहानियों की विषयवस्तु को उभारते हुए कहा कि - "
इस पुस्तक को पढ़ते हुए मुझे लगा कि इसमें पेड़ भी हैं, पशु-पक्षी भी हैं और बच्चे भी हैं। ये सब एक-दूसरे से कुछ कहना चाहते हैं। विजय जोशी जी की इन कहानियों की विशेषता इनका सरल कथन है। यहाँ भाषा कहानी के रास्ते में खड़ी नहीं होती। वह बच्चे का हाथ पकड़कर उसे कहानी के भीतर ले जाती है। चित्र भी इस यात्रा में साथ चलते हैं। बच्चे कहानी को पढ़ सकते हैं और चित्रों में उसे फिर से देख सकते हैं। इस पुस्तक का अंग्रेज़ी अनुवाद भी एक महत्वपूर्ण काम है। शिखा अग्रवाल जी ने इन कहानियों का अंग्रेज़ी अनुवाद करके इन्हें एक बड़े पाठक वर्ग तक पहुँचाने का प्रयास किया है। यह साहित्य के विस्तार की दिशा में एक अच्छा प्रयास है।"
अतिथि डॉ. सुरेश पाण्डेय ने कहा कि - "बच्चों की कल्पनाशीलता, प्रकृति के प्रति प्रेम और साहित्यिक संस्कारों को समर्पित यह रचनात्मक प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है।"
अतिथि जितेन्द्र निर्मोही ने कहा कि -" यह कृति बच्चों को प्रकृति से जोड़ती है साथ ही जीवन मूल्यों के लिए उन्हें संस्कारित करने की दिशा में संकेत करती है। यह अनुवाद बाल साहित्य की विधा में इस अंचल से महत्वपूर्ण अनुवाद है। लेखक और अनुवादक दोनों को बधाई।
मुख्य अतिथि रामेश्वर शर्मा रामू भैया ने कहा कि -" आज के समय में यह अंग्रेजी अनुवाद बच्चों को प्रेरित करेगा। शिखा का यह प्रयास अच्छा कदम है।
अध्यक्ष भगवती प्रसाद गौतम ने अनुवाद के सन्दर्भ में रशियन लेखक येवगेनी येव तुशेंको के विचार को केन्द्र में रखकर उनके भावार्थ को प्रस्तुत करते हुए कहा कि अनुवाद उस स्त्री की तरह होता है जो सुन्दर तो है पर वफ़ादार नहीं, यदि वफ़ादार है तो वह सुन्दर नहीं। उन्होंने कहा कि अनुवाद के लिए शब्द भण्डार चाहिए क्योंकि एक ही शब्द के अनेकार्थ निकलते हैं। उन्होंने भाषिक अनुभव का उल्लेख करते हुए बच्चे के भाषा विकास में अंग्रेजी के चार अक्षरों एल, एस, आर, डब्लू के सूत्र को विश्लेषित करते हुए कहा कि लिसनिंग (सुनना), स्पीकिंग (बोलना), रीडिंग (पढ़ना या देखना) और राइटिंग (लिखना) ही उनके भाषिक कौशल को विकसित करता है। बच्चे को हम नहीं सीखा सकते वे स्वयं सीखते हैं। सीखना उनकी जन्मजात प्रवृत्ति है। इस सन्दर्भ में बाल साहित्य बच्चों की जिज्ञासा और रोचकता को बनाए रख कर उन्हें राह दिखाता है। शिखा अग्रवाल का अंग्रेजी में किया यह अनुवाद इसी की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
तृतीय सोपान -
मंचस्थ अतिथियों ने संस्था में उल्लेखनीय कार्य और सेवाओं के लिए सह संयोजक डॉ. वैदेही गौतम और फोटो प्रतियोगिता के संयोजक विजय प्रकाश महेश्वरी को शाल ओढ़ाकर माल्यार्पण एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। यही नहीं आयोजन में सक्रिय सहयोग करने पर संदीप द्विवेदी का भी सम्मान किया।
चतुर्थ सोपान -
उपस्थित साहित्यकारों में से डॉ. सुशीला जोशी, रामेश्वर शर्मा रामू भैया, विष्णु शर्मा हरिहर, डॉ. युगल सिंह, सरोज द्विवेदी, डॉ. इंदु बाला शर्मा एवं किशन प्रणय ने सरस काव्य पाठ कर श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया।
समग्र उद्बोधन -
इस अवसर पर मंचासीन सभी अतिथियों ने अपने अनुभवों को साझा कर समय - समय होने वाले समारोहों के कई प्रसंगों का स्मरण करते हुए इस प्रकार आयोजित समारोह को रचनात्मक रूप से सक्रीय प्रतिभाओं के प्रोत्साहन करने तथा नई पीढ़ी से जुड़ाव का सार्थक अवसर बताया। यही नहीं समर्पित रूप से साहित्यिक एवं सांस्कृतिक सन्दर्भों को और अधिक समृद्ध एवं गतिशील करने के लिए डॉ. प्रभात कुमार सिंघल एवं डॉ. वैदेही गौतम के प्रयासों की सराहना की तथा वर्तमान में सभी के लिए इसे दिशा प्रदान करने वाला बताया।
इस सन्दर्भ में विशिष्ठ अतिथि डॉ. सुरेश पाण्डेय के प्रस्तुत विचार उल्लेखनीय हो जाते हैं जब वे विशेष रूप से कहते हैं कि - " एक चिकित्सक के रूप में हम शरीर की पीड़ा को समझने और दूर करने का प्रयास करते हैं, जबकि साहित्यकार अपने शब्दों से समाज की संवेदनाओं को स्पर्श करते हैं। चिकित्सा शरीर को स्वस्थ बनाती है, तो साहित्य मन और आत्मा को समृद्ध करता है। दोनों का अन्तिम उद्देश्य मानवता की सेवा ही है।"
संस्था के संयोजक डॉ. प्रभात कुमार सिंघल ने मिशन बाल मन तक के अब तक हुए आयोजनों की संक्षिप्त जानकारी देते हुए कहा कि -" बाल मन तक मिशन के तहत अब बच्चों को बाल साहित्य की विविध विधाओं की पुस्तकें पढ़ा कर उन्हीं से उन पुस्तकों की समीक्षा का अभियान चलाया जाएगा। "
आरम्भ में मंचस्थ अतिथियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। सह संयोजक डॉ. वैदेही गौतम ने सभी का स्वागत कर बच्चों को साहित्य से जोड़ने एवं उनके उत्साहपूर्वक सहभागिता करने के अनुभवों को साझा किया तथा ऐसे रचनात्मक और कौशल विकसित करने वाले कार्यक्रमों की सार्थकता का सप्रसंग उल्लेख किया। समारोह का सरस संचालन संयुक्त रूप से डॉ. प्रभात सिंघल एवं डॉ. वैदेही गौतम ने किया।





