यह एक सत्य है कि पश्चिमी दुनिया के भौतिकवाद ने बहुत से भारतीयों को भी पथभ्रष्ट कर दिया है। 'महाभारत' के भयंकर तथा सर्वनाश कर देनेवाले पाँच हजार वर्ष पहले के युद्ध ने भारत का भारी पतन किया। इतना पतन कि इसे एक हजार वर्ष विदेशियों का भी दास बनकर रहना पड़ा। पर भारत चाहे स्थूल रूप में दास बना रहा हो, इसकी आत्मा ने विदेशियों की दासता कभी स्वीकार नहीं की, और इसका कारण था इसकी वैदिक शिक्षा, इसके पूर्वजों का तप तथा इस काल में भी हिमालय पर्वत की कन्दराओं में बैठे तपस्वियों, योगियों, गायत्रीविद् त्यागियों का मनोबल, जिसने भारत की आत्मा को कभी नीचे नहीं गिरने दिया, क्योंकि भारतवासियों के पूर्वज धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष-- मानव-जीवन के चारों स्वाद ले चुके थे और वे इस तथ्य को भली-भाँति जानते थे कि स्थूल शरीर आते और जाते हैं, परन्तु न आत्मा मरता है, न क्षीण होता और न दबाया जा सकता है। इसी अटल सत्य ने प्राचीन भारतवासियों को जहाँ वैभव का स्वामी बनाया, वहाँ आत्मिक आनन्द प्राप्त करने का भी अधिकारी बनाया।

हमें सारा भौगोलिक ज्ञान प्राप्त था -

हमारा इतिहास बतलाता है कि आर्यों ने हर प्रकार का भौगोलिक ज्ञान प्राप्त कर लिया था। उनका विज्ञान बहुत बढ़ चुका था। वे लोक-लोकान्तर की यात्रा करते थे। अन्य लोकवासियों से बातचीत करते थे। आयुर्वेद-शास्त्र के द्वारा वे मानव-शरीर की बहत्तर करोड़ बहत्तर लाख दस हजार दो सौ एक नाड़ियों का ज्ञान रखते थे। महर्षि दयानन्द ने पूना में व्याख्यान देते हुए अपने दसवें भाषण में अपने जीवन की एक घटना सुनाई कि एक बार अंग्रेजी का एक विद्वान् डॉक्टर मुझे मिला। उसने मुझसे कहा कि हमारे प्राचीन आर्य लोगों में डॉक्टरी औज़ारों का कुछ भी प्रचार न था और यह उन्हें विदित भी न था। तब मैंने सुश्रुत का 'नेत्र अध्याय' जिसमें कि बारीक-से-बारीक औज़ारों का वर्णन है, निकालकर उसे दिखाया। तब उसको पता चला कि आर्य लोग चिकित्सा में बड़े दक्ष थे और उन्हें औजारों की विद्या भी भली-भाँति ज्ञात थी।

आर्य लोग गणित, ज्योतिष तथा ललितकला, सब कलाओं में पूरे निपुण थे। पारद से आकाश-मार्ग में चलनेवाला वायुयान तो बड़ा सुलभ था। सभ्यता के सारे ही पदार्थ उपस्थित थे, परन्तु कल और आज को सभ्यता के पदार्थों में भेद इतना ही था कि प्राचीन काल की सारी भौतिक उन्नति, सारे वैज्ञानिक आविष्कार तथा हर प्रकार का वैभव और भोग केवल शारीरिक सुख के लिए नहीं होता था, प्रत्युत् आत्मकल्याण, यज्ञ, परोपकार तथा मानवता के उत्थान के लिए होता था, या यूं कहिये कि स्वार्थ के लिए नहीं, परमार्थ के लिए होता था।

अब केवल शरीर रह गया है -

और आज की सारी भौतिक उन्नति, आविष्कार तथा वैभव केवल अपने स्वार्थ और शारीरिक सुख के लिए प्रयुक्त होते हैं। आज की दुनिया शरीर से आगे और दृश्यमान जगत् के आगे कुछ भी देखने की आँख नहीं रखती। प्राचीन आर्य इस दिखनेवाली दुनिया के परे, स्थूल शरीर में बैठे सूक्ष्म शरीर को और उससे अत्यन्त सूक्ष्म तथा शक्तिशाली आत्मा को अपने दिव्य नेत्रों से देखते थे, और इस आत्मा से भी परे उस परमात्मा की महान् शक्ति का भी अनुभव और साक्षात् करते थे, जिसकी प्रेरणा से अरबों सूर्य, करोड़ों नक्षत्र, करोड़ों पृथिवियाँ ठीक नियम में बँधी नाच रही हैं। स्थूल जगत् के अतिरिक्त सूक्ष्म जगत् भी उनके सामने था, और वे समाधि तथा ध्यानावस्था की लेबॉरेटरी में पहुँचकर प्रत्यक्ष देख चुके थे कि यह सारा दृश्यमान संसार केवल जीवात्मा के कल्याण के लिए है। तब वे भौतिक पदार्थों के पीछे पागल नहीं होते थे, जैसे आज अमरीका तथा रूस विशेष रूप से और अन्य देश साधारण रूप से पागल हो रहे हैं। ये सारे पदार्थ तो केवल साधन कहला सकते हैं, परन्तु अब इन्हें साध्य समझ लिया गया है।

धन कमाओ, परन्तु कैसे -

अब तो धन-दौलत ही प्रधान हो गया है। धन कोई बुरी वस्तु नहीं, परन्तु आजकल जिस ढंग से इसे कमाया जा रहा है और जिस ढंग से इसका व्यय किया जा रहा है, उससे धन कष्ट, क्लेश, विपदा, रोग तथा मृत्यु का कारण बन गया है। धन-उपार्जन त्याज्य नहीं है। वेद ने इसकी आज्ञा दी है।

ऋग्वेद के पहले ही मण्डल के पहले ही सूक्त के तीसरे मन्त्र में परमात्मा यह आदेश देते हैं कि -

"अग्निना रयिमश्नवत् पोषमेव दिवे दिवे। यशसं वीरवत्तमम्।।"

  • मानव को चाहिए कि प्रकाशस्वरूप परमात्मा के साथ (प्रभु का स्मरण रखकर) धन को प्राप्त करे, जो दिन-प्रतिदिन पुष्टि देनेवाला हो, यशवाला हो, सबसे बढ़कर वीर (पुरुषों) से युक्त हो। और आर्य लोग वेद के इस आदेश को समक्ष रखकर धन कमाते थे। तभी परमात्मा की कृपा उनके साथ रहती थी। उन्हें पुष्टि मिलती, यश-कीर्ति मिलती, वीर पुत्र प्राप्त होते और सब प्रकार के वैभव उनके पग चूमते थे। धन को कमाकर फिर उसे व्यय किया जाता था। वेद ने स्पष्ट आज्ञा दी है -

शतहस्त समाहर सहस्रहस्त संकिर। अथर्व० ३। २४।५।।

  • सैकड़ों हाथों से इकट्ठा करो, हजारों हाथों से बाँटो।

क्योंकि धन कमाकर धन बाँटनेवाले अमर हो जाते हैं। ऋग्वेद भगवान् ने स्वयं कहा है -

दक्षिणावन्तो अमृतं भजन्ते। ऋ० १। १२५। ६।।

  • दानी अमर पद पाते हैं।

और साथ ही धन कमानेवालों को सावधान किया गया कि -

मा गृधः कस्यस्विद्धनम्। यजु० ४०। १।।

-- लोभ न कर, मत ललचा - यह धन किसी का नहीं रहा। इसके लिए मनु भगवान् ने एक सिद्धान्त निर्धारित किया -

सर्वेषामेव शौचानामर्थशौचं परं स्मृतम्।

योऽर्थे शुचिर्हि स शुंचिर्न मृद्वारिशुचिः शुचिः।।

  • सारी पवित्रताओं में से 'कमाई' की पवित्रता सबसे उत्तम मानी है। जो कमाई से पवित्र है, वह पवित्र है। मिट्टी और जल से पवित्र, पवित्र नहीं। जब लोभ मर्यादा से बढ़ जाता है, तब कमाई या धन अपवित्र हो जाता है। नदी तब तक ही लाभ पहुँचाती है जब तक वह अपने किनारों की मर्यादा के अन्दर रहती है। जब वह किनारों से उछलकर बाहर आ जाती है तो बस्तियों तथा खेतियों को नष्ट कर देती है। इसी प्रकार धन कमाने में मर्यादित लोभ तो ठीक है, परन्तु जब लोभ की नदी उछल पड़ी-जैसे कि आजकल पूरे तूफ़ान में आ चुकी है तो सर्वनाश कर देती है।

तब धन कमाने की मर्यादा है क्या?

उत्तर में बतलाया है -

अकृत्वा परसन्तापमगत्वा खलनम्रताम्।

असंत्यज्य सतां वर्त्म यत् स्वल्पं तद् वे बहुः॥

  • किसी को सन्ताप न देकर (पराया हक न दबाकर, धोखा न देकर, रिश्वत न लेकर, डाका-चोरी न करके), दुर्जनों के आगे नम्र न होकर और सत्पुरुषों के मार्ग को न त्यागकर जो थोड़ा भी प्राप्त हो वही बहुत है।

धन के लिए चरित्र न बेचो -

परन्तु आजकल की अवस्था देखकर तो यही कहा जायेगा कि इस समय ऐसे उपदेश काम नहीं आ सकते। बहुधा लोग यही कहते सुनाई देते हैं कि 'आजकल तो झूठ, फ़रेब, रिश्वत के विना दो पग चलना भी कठिन हो रहा है।' इसमें कुछ सत्य है भी। निःसन्देह यह ठीक है कि आजकल परिस्थितियाँ बिगड़ गई हैं, मानसिक विचार उथल-पुथल हो चुके हैं, नैतिकता का मोल रह नहीं गया, धन सब पर छा गया है, इस धन के लिए गुलामी भी खरीद ली जाती है, देश बेच डाले जाते हैं और देवियों के सतीत्व भी बाजार में बिकते दिखलाई देते हैं। परन्तु अच्छे कुल की कोई भी देवी किसी वेश्या के चमकीले आभूषणों से ललचाकर वेश्यावृत्ति ग्रहण नहीं करती। भूखों मर जाना उसे प्रिय लगता है, परन्तु वित्त (धन) के लिए वृत्त (चरित्र) को नहीं बेचती, क्योंकि वेद के अनुसार यह आदेश मिला हुआ है -

वृत्तं यत्नेन संरक्षेद्, वित्तमेति च याति च।

अक्षीणो वित्ततः क्षीणो, वृत्ततस्तु पतो हतः॥

  • वृत्त (सदाचार) की यत्न से रक्षा करे; धन तो आता है और जाता है। धन से क्षीण व्यक्ति क्षीण नहीं, पर वृत्त से गिरा हुआ तो मर ही चुका है।

'महाभारत' के उद्योग-पर्व में यह व्यवस्था दी है-

वृत्तेन हि भवत्यार्यो न धनेन न विद्यया। म० उ० ८६।। -

वृत्त (आचरण) से ही आर्य होता है; न धन से, न विद्या से।

अमरीका और रूस क्या कर रहे हैं? -

परन्तु यह वृत्त और वित्त की बात तो उनके लिए है जो शरीर तथा आत्मा दोनों का साथ-साथ कल्याण करने की भावना रखते हैं। जिनके सामने केवल शरीर, केवल स्थूल जगत् है, वे तो वृत्त की कौड़ी कीमत नहीं आँकते। अमरीका तथा रूस की तरह ऐसे लोग इसी में अपनी बड़ाई समझे बैठे हैं कि जैसे-तैसे धन एकत्र करो और फिर उसे दुनिया में युद्ध की प्रलयंकारी आग जलाकर जलती मानवता का तमाशा देखने में व्यय करो। क्या कर रहे हैं आजकल के सभ्य कहलानेवाले ये देश? धन तथा युद्ध-सामग्री दे-देकर वे अपना प्रभुत्व बढ़ाने की चिन्ता में मीठी नींद भी खो बैठे हैं। जंगली जातियाँ जैसे कुक्करों की लड़ाई देखकर मन प्रसन्न करती थीं, उसी प्रकार ये सभ्य लोग देश से देश को लड़ाकर, मनुष्य से मनुष्य का रक्तपात कराकर प्रसन्न हो रहे हैं। और इसका एकमात्र कारण यह है कि प्राचीनकाल में वेद के अनुसार लोक और परलोक दोनों को साधनेवाले जो साधन कार्य में लाये जाते थे, उन्हें आधुनिक काल के लोग सर्वथा भूल चुके हैं, और अत्यन्त दुःखी हो रहे हैं।

लोक-परलोक सुधारनेवाले साधन -

तब वे कौन-से साधन थे जिनको प्रयोग में लाकर लोक-परलोक दोनों साथ लिए जाते थे?

"वेदानुसार ज्ञान, कर्म, उपासना" - यही वे साधन थे जिनका सुन्दर वर्णन वेदों, ब्राह्मण ग्रन्थों, दर्शनों, उपनिषदों तथा प्राचीन ऐतिहासिक पुस्तकों में पाया जाता है। वेद ही वह पवित्र स्रोत है जहां से ज्ञान, कर्म, उपासना की तीनों निर्मल नदियां निकली हैं और गायत्री मन्त्र इन तीनों का सार है।

ज्ञान क्या? - ईश्वर-जीव-प्रकृति का ज्ञान।

कर्म क्या?- आत्मा के उत्थान के लिए शुभ कर्म।

उपासना क्या? - आत्मा का परमात्मा से मिलाप।

और इन तीनों का सम्मिश्रण गायत्री मन्त्र में विद्यमान है। इसीलिए गायत्री-मन्त्र द्वाराहाट लोक-परलोक दोनों का सुधार हो जाता है। कैसे हो जाता है सुधार? यह तो आपको आगे ज्ञात हो जायेगा।

स्रोत- "महामन्त्र"

लेखक- महात्मा आनन्द स्वामी

प्रस्तुतकर्ता - रामयतन