कोटा। राजस्थान के रचनाकारों के परिचय पर आधारित राजस्थान रचनाकार परिचय कोश की पुस्तक प्रकाशित हुई है। इसमें राजस्थान वासी और प्रवासी 552 रचनाकारों का परिचय संभागवार दिया गया है। इसके लेखक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक डॉ. प्रभात कुमार सिंघल एवं साहित्यकार डॉ. वैदेही गौतम हैं। इसके आवरण पृष्ठ का लोकार्पण विगत दिनों लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला में किया था।

परिचय कोश में अजमेर से 35, भरतपुर से 9, बीकानेर से 42, जयपुर से 104, जोधपुर से 57, कोटा से 257 एवं उदयपुर से 48 नवोदित एवं स्थापित साहित्यकार सम्मिलित हैं। इसे प्रदेश के समस्त दिवंगत रचनाकारों को समर्पित किया गया है। स्मृतिशेष रचनाकारों को साहित्यकार जितेंद्र निर्मोही ने अपने लेख के द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की है। भूमिका कथाकार एवं समीक्षक विजय जोशी ने लिखी है।

रचनाकारों का समाज में योगदान और महत्व प्रतिपादित करते हुए राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री तथा साहित्य अकादमी मध्य प्रदेश के निदेशक ने शुभकामना संदेश के माध्यम से रचनाकारों को समाज और राष्ट्र हित में सृजन के लिए प्रेरित किया है।

प्रबुद्ध रचनाकारों ने इस पुस्तक को राजस्थान के साहित्य जगत के लिए सार्थक और उपयोगी प्रयास बताते हुए कहा है जो कार्य अकादमियों को करना चाहिए वह कार्य कोटा के दो लेखकों ने किया है। रचनाकारों का ऐसा वृहद परिचय कोश पिछले दो दशकों में महत्वपूर्ण साहित्यिक उपलब्धि है।