भेड़ी गांव, देवरिया था मूल निवास:-

समालोचना सम्राट आचार्य रामचन्द्र शुक्ल के पितामह का नाम श्री शिवदत्त शुक्ल (1837 ई.-1870 ई.) था,जो 1857 में अवध के नवाब आसफ उल्लाह के सेनापति थेl वे मूलरूप से भेड़ी गांव,जिला देवरिया के रहने वाले थे। जो राप्ती नदी के दोआब पर बसा रुद्रपुर तहसील का एक छोटा सा गांव है। चारों तरह खेत- खलिहान और बीच से कल-कल बहती राप्ती की इसी मिट्टी से निकले आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने हिंदी साहित्य को वैज्ञानिक आधार दिया है। इस छोटे से गांव भेड़ी के बुजुर्ग बताते हैं कि आचार्य के पूर्वज भेड़ी गांव के हीं मूल निवासी थे। उनके पिता चंद्रबली शुक्ल का जन्म यहीं हुआ था। भेड़ी क्षेत्र में उनके नाम पर आचार्य रामचंद्र शुक्ल इंटर कॉलेज और रामचंद्र कॉलोनी स्थित है। कॉलोनी के पार्क और कॉलेज परिसर में आचार्य शुक्ल की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं।

देवकी,आचार्य शुक्ल की दादी:-

आचार्य राम चन्द्र शुक्ल जी की देवकी दादी पंडित शिव दत्त की पहली पत्नी थीं। शुक्ल जी के पितामाही के पिता नबाब आसफुद्दौला के राज में उच्च अधिकारी थे। शिवदत्त शुक्ल जी का स्वर्गवास मात्र 30 वर्ष की अल्पायु में ही हो गया था, उस समय उनके पुत्र (आचार्य शुक्ल के पिता) चंद्रबली शुक्ल केवल चार-पाँच वर्ष के थे।

ईटीवी भारत के संवाददाता श्री विश्व दीपक त्रिपाठी की लेखनी और कैमरे पर भेड़ी गांव के अवकाश प्राप्त प्रवक्ता श्री शिवकांत शुक्ला के द्वारा बताए गए विवरण: “राप्ती की गोद में बसा वह गांव, जिसने दिया हिंदी को पहला आचार्य; मिर्जापुर- बनारस के बने गौरव” जो ईटीवी उत्तर प्रदेश के 4 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित हुआ है।

भेड़ी शुक्ल गांव का सजरा:

उक्त संदर्भ के अनुसार इस वंश का सजरा इस प्रकार बताया गया है - इस कुल में मूलपुरुष श्री भगवान दास (या भगवान दत्त) शुक्ल रहते थे। उनके 4 पुत्र: राम दत्त उर्फ बच्चू शुक्ल, गुरु दत्त शुक्ल, शिव दत्त शुक्ल और देवदत्त शुक्ल थे। इनका विस्तृत विवरण इस प्रकार है -

प्रथम पट्टी -

राम दत्त उर्फ बच्चू के कुछ वंशज भेड़ी गांव देवरिया में ही रहते हैं। सर्वाधिक वंशज उत्तराखण्ड में रुद्रपुर में बस गए हैं। कुछ बड़े स्तर पर बढ़ भी गए हैं। रामदत्त उर्फ बच्चू शुक्ल के तीन पुत्र राम प्रगाश, राम प्रसाद और शिव नारायण थे। राम प्रगाश के पुत्र सरयू थे। उनके 2 पुत्र इन्द्र जीत और राम मणि (वंशावरोध) थे।

इन्द्र जीत के पुत्र राम नगीना थे। उनके गंगा पति, विद्या पति और रामा पति नामक 3 पुत्र हुए थे। राम प्रसाद के पुत्र चिरकुट थे। उनके 3 पुत्र राम नक्षत्र, अमृत और राम बली हुए। राम नक्षत्र के राम सुमेर और राम नरेश 2 पुत्र हुए। राम सुमेर के 4 पुत्र रमाशंकर, कमल, दिनेश और राजेश हुए। राम नरेश के 3 पुत्र कमलेश,रमेश और राकेश हुए।

इनमें कमलेश शुक्ल बहुत प्रसिद्ध रहे हैं। जो दो बार विधायक भी बने हैं। पूर्व विधायक कमलेश शुक्ला देवरिया के रामपुर कारखाना विधानसभा सीट से वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। वे मूल रूप से भेड़ी शुक्ल गांव के ही निवासी थे। बाद में उन्होंने उत्तराखंड के रुद्रपुर को अपनी कर्मभूमि बनाया। विधायक रहते हुए उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए। वे उत्तर प्रदेश राइस मिलर्स संगठन के कई बार अध्यक्ष रहे और अखिल भारतीय राइस मिलर्स संगठन के उपाध्यक्ष पद पर भी रहे। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संयोजक रहे। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। वह 75 वर्ष की अवस्था में जनवरी 2026 में उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही देवरिया, रुद्रपुर सहित उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई थी। उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया गया था।

कमलेश के भी 3 पुत्र संजीव, राजीव और अनूप तथा एक पुत्री हैं। उनके दामाद यूपी के बाराबंकी में अपर पुलिसअधीक्षक हैं। कमलेश के ज्येष्ठ पुत्र संजीव शुक्ला यूपी के देवरिया में भाजपा नेता हैं, जबकि मंझले पुत्र राजीव शुक्ला और कनिष्ठ पुत्र अनूप शुक्ला रुद्रपुर में किच्छा रोड स्थित शुक्ला फार्म में रहते हैं।कमलेश के भाई रमेश के बबलू,राजीव और हेमू तीन पुत्र हैं। दूसरे भाई राकेश के राजा और अंशू दो पुत्र हैं।अमृत के 2 पुत्र राम कवल (वंशअवरोध) और राम खेलावन हुए हैं। राम खेलावन के रामनारायण और उदय नारायण हुए हैं। राम अवध के श्याम नारायण हुए। राम बली के शैलेन्द्र और उनके 5 पुत्र - चन्द्र भूषण, ब्रज भूषण, सुरेन्द्र, महेश और उमेश हुए।

द्वितीय पट्टी -

गुरु दत्त के दुबरी शुक्ल हुए। इनके वंशज भेड़ी गांव में ही रहे। दुबरी के 3 पुत्र परशु राम (वंशअवरोध), रामानुज और छविराम हुए। रामानुज के 2 पुत्र केदार नाथ और राम नाथ हुए। इस कुल का भी वंशावरोध हुआ तो वंश में कोई नहीं बचा। यहां शादी के माध्यम से इस परिवार की एक कन्या श्रीमती अरुंधती शुक्ल (शादी के बाद त्रिपाठी) की शादी उत्तर प्रदेश के पूर्व भाजपा प्रदेशअध्यक्ष और पूर्व सांसद डा. रमा पति राम त्रिपाठी के साथ हुई था, जो इस गांव के निवासेदार हो गए हैं। डॉ. रामपति राम त्रिपाठी का जन्म 14 नवंबर 1951 को गोरखपुर जिले के झुड़िया गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम स्वर्गीय श्री हंसराज त्रिपाठी और माता का नाम स्वर्गीया श्रीमती लालदेई त्रिपाठी था। उनका जन्म एक किसान परिवार में हुआ था और उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गोरखपुर जिले के झुड़िया गांव से पूरी की। महात्मा गांधी पी जी कॉलेज, गोरखपुर से बीएससी की उपाधि प्राप्त करने के बाद, वे आगे की पढ़ाई के लिए बिहार के भागलपुर स्थित एसएनवाई मेडिकल कॉलेज से आयुर्वेदिक चिकित्सा और सर्जरी में स्नातक की उपाधि प्राप्त करने के लिए चले गए। वे एक मेधावी छात्र थे और अपनी पढ़ाई के दौरान ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सक्रिय कार्यकर्ता बन गए थे। वे राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से शामिल रहे। डॉ. त्रिपाठी को जमीनी स्तर का नेता माना जाता है और वे पंचायत स्तर तक के नेताओं और कार्य कर्ताओं के साथ घनिष्ठ संबंध बनाए रखने वाले नेता माने जाते हैं। शरद त्रिपाठी पूर्व सांसद सहित इनके 3 भाई और 2 बहने हैं। दुबरी के पुत्र छविराम थे उनके पुत्र का नाम रघुनाथ और उनके पुत्र का नाम गिरजा शंकर रहा है।

तृतीय पट्टी -

तीसरे नंबर के भाई- शिव दत्त शुक्ल रहे। उनके पुत्र का नाम चन्द्र बली शुक्ल था। इनका जन्म भेड़ी गांव में ही हुआ था। इनके 4 पुत्र थे - हरिश्चंद्र शुक्ल,जगदीश शुक्ल और जमुना शुक्ल और राम चन्द्र शुक्ल। राम चन्द्र सबसे छोटे भाई थे। जो बस्ती के अगोना गांव में पैदा हुए थे। आचार्य राम चन्द्र शुक्ल के 2 बेटे केशव चन्द्र शुक्ल और गोकुल चन्द्र शुक्ल हुए थे। केशव चन्द्र मिर्जापुर में कमिश्नर पद से सेवानिवृत्त होकर वहीं स्थाई रूप से बस गए थे। उनका परिवार वहीं रह रहा है। गोकुल चन्द शुक्ल देवरिया जिले के मझौली स्टेट स्थित इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रहे। उनके 4 पुत्र हुए हैं जो कुछ बनारस में और कुछ बाहर रहते हैं।

चतुर्थ पट्टी -

चौथे भाई देवदत्त शुक्ल के बारे में विस्तार नहीं दिया गया है। देवीदत्त शुक्ल और उनके वंशजों का जुड़ाव पैतृक गांव भेड़ी और आसपास के क्षेत्र से बना रहा।

चन्द्र बली शुक्ल का वंश वृक्ष

आचार्य शुक्ल के पितामह का नाम श्री शिवदत्त शुक्ल (1837 ई.-70 ई.) था, जिनके दो विवाह हुए थे। पहली पत्नी से श्री चन्द्रवली शुक्ल (जन्म 1862 ई.) और दूसरी पत्नी से एक पुत्री लखराजी (जन्म 1865 ई.) हुई थी।

बस्ती से वास्ता-

“बस्ती जनपद के छन्दकार” भाग 1 की कृति में डा. मुनिलाल उपाध्याय सरस ने पृ. 179 पर लिखा है कि आचार्य शुक्लजी के पितामह पं. देवी दत्त शुक्ल थे। इन आचार्य शुक्लजी की मातामही (दादी) राजा नगर हाल मुकाम पोखरनी के राजा विश्वनाथ प्रताप नारायण सिंह की कृपा पात्री थी। सन् 1870 ई. में विधवा हो जाने के बाद आचार्य शुक्ल जी की पितामही वस्ती जिले के 'अगोना' गाँव में आकर रहने लगी थी। उन्हें नगर रियासत की रानी साहिबा ने 85 बीघा सीरमाफी दी थी। अठारहवी सदी में यह रियासत बहुत समृद्ध थी। जहां एक छोटा सा मकान बनाकर आचार्य जी ने 5 वर्षों तक निवास किया था। इसके बाद वे अपने पैतृक आवास मिर्जापुर अपने पिताजी के साथ चले गये थे।

यहाँ के राजा की लखनऊ के नवाबों के यहाँ कद्र की जाती थी। शुक्ल जी की पितामही के पिता भी नवाब आसफउदद्दौला के दरबार में एक ऊँचे अधिकारी थे। इसलिए दोनों परिवारों में बड़ी घनिष्ठता थी। 1857 स्वतंत्रता संग्राम में नगर रियासत के तत्कालीन राजा ने कई अंग्रेजों को मार डाला था। इसलिए 1859 ई. में अंग्रेजों ने नगर की रियासत जब्त कर ली थी। मात्र सात गाँवों की जमींदारी राज-परिवार के भरण-पोषण के लिए छोड़ दिया गया था। राजा उदय प्रताप सिंह की रानी साहिबा अपने पुत्र विश्वनाथ सिंह को लेकर 'नगर' से थोड़ी दूर स्थित पोखरनी गाँव में रहने लगीं थीं। वे शुक्ल जी की पितामही को “बच्ची साहब” कहकर पुकारती थीं। शुक्ल जी के पिता और रानी साहिबा के बेटे विश्वनाथ सिंह हमउम्र थे। रानी साहिबा ने ही चन्द्र बली शुक्ल जी के की शिक्षा का पूरा प्रबंध किया था। जिससे उन्होंने 1877 ई. में काशी के कींस कालेज से एंट्रेस पास किया था। रानी साहिवा के पुत्र विश्वनाथ सिंह से उनकी दोस्ती गाढ़ी हो गई थी। उनके साथ रहकर इन्होंने भी दरबारी तहजीब अपना ली थी। उन्हें फ़ारसी और अरबी का अच्छा-खासा ज्ञान था। 1884 में आश्विन शुक्ल चतुर्दशी को अगोना में आचार्य शुक्ल जी पैदा हुए थे। वे अपने पिता की चौथी सन्तान थे। उनके एक भाई और दो बहनों की मृत्यु हो चुकी थी। 1887 में पिता चन्द्र बली शुक्ल इटावा जिले में सुपरवाइजर कानूनगो नियुक्त हुए थे।

1891 शुक्ल जी के पिता (चंद्रबली शुक्ल) का तबादला हमीरपुर जिले की 'राठ’ तहसील में हो गया था।

पति शिव दत्त के देहांत के बाद देवकी जी (आचार्य शुक्ल की पितामही) अपने छोटे पुत्र को लेकर 'नगर' (बस्ती) की रानी साहिबा के संरक्षण में आ गईं थी। रानी साहिबा ने उनके प्रति अत्यंत प्रेम दिखाते हुए बस्ती जिले के अगोना ग्राम में उन्हें भूमि और घर देकर बसाया, जहाँ आगे चलकर 1884 में आचार्य रामचंद्र शुक्ल का जन्म हुआ था। शुक्ल जी के पिता चंद्रबली शुक्ल (जो स्वयं फारसी और उर्दू के ज्ञाता थे) के साथ-साथ शुक्ल जी की माता और ननिहाल पक्ष से उन्हें हिंदी और भारतीय संस्कृति के प्रति गहरा अनुराग विरासत में मिला हुआ था।

वे संस्कृत भाषा और शास्त्रों के अच्छे जानकार माने जाते थे। शुक्ल जी की माता (विभाषी /निवासी देवी) भी एक विदुषी महिला थीं, जिन्हें अपने पिता और दादा (पंडित गणेशदत्त पाठक) से ही संस्कार और धर्मपरायणता की शिक्षा मिली थी।

लेखक:-

आचार्य डॉ राधेश्याम द्विवेदी

पूर्व सहा. पुस्तकालय सूचना अधिकारी,

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण,

आवास: 8 / 2785, आनंद नगर, कटरा

जिला बस्ती। वर्डसप:8630778321