मुंबई। रविवार, 28 जून 2026 को गोरेगांव स्थित केशव गोरे स्मारक ट्रस्ट के सभागार में चित्रनगरी संवाद मंच, मुंबई का आयोजन सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। साहित्य, कविता, संवाद और संगीत के विविध रंगों से सजी इस संध्या ने उपस्थित साहित्यप्रेमियों के मन पर गहरी छाप छोड़ी।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मंच संयोजक राजेश ऋतुपर्ण के स्वागत वक्तव्य से हुआ। दो सत्रों में संचालन की जिम्मेदारी हेमंत शर्मा एवं राजेश ऋतुपर्ण जी ने अपने सहज, आत्मीय और प्रभावशाली अंदाज़ में निभाया।
कार्यक्रम के "धरोहर" सत्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित भारत में कई वर्षों डिप्लोमेटिक पोस्टिंग पर रहे साहित्यकार ऑक्टावियो पाज़ की आह्वान :शिव और पार्वती का पाठ प्रज्ञा मिश्र ने प्रस्तुत किया।
"सृजन संवाद " में घुमक्कड़, तकनीक प्रबुद्ध, साहित्यकार श्री प्रदीप गुप्ता की रचनात्मक यात्रा पर हेमन्त शर्मा जी के साथ बात चीत सुनने का आनंद प्राप्त हुआ।
प्रदीप गुप्ता जी ने, अपने युवावस्था से लेकर बैंकिंग जीवन पर बात करते हुए अपनी साहित्यिक यात्रा, लेखन के अनुभवों और रचना प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। विशेषकर उनके विदेश प्रवास के सांस्कृतिक और साहित्यिक अनुभवों और शहर की आइडेंटिटी खोजने के अनुभव पर आधारित पुस्तक परत दर परत लंदन पर भी चर्चा की । प्रबुद्ध श्रोताओं ने उनसे काफ़ी चुटीले सवाल भी किए जिनका उन्होंने उसी अंदाज़ में उत्तर भी दिया । साथ ही उन्होंने अपने संघर्ष, प्रेरणाओं और लेखन के सामाजिक सरोकारों को साझा करते हुए युवा रचनाकारों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर प्रतिष्ठित उपन्यासकार विवेक अग्रवाल तथा वरिष्ठ शिक्षाविद एवं साहित्यप्रेमी प्रोफेसर राम बक्ष जी , कथाकार रविन्द्र कात्यायन जी , hindimedia.in के संपादक चंद्रकांत जोशी की विशेष उपस्थिति आयोजन की गरिमा बढ़ाने वाली रही।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में उपस्थित कवियों शायरों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। गुलशन मदान, अंबिका झा, मंजू शर्मा, सविता दत्त, हेमंत शर्मा, वर्षा गर्ग , राजेश ऋतुपर्ण सहित अनेक लब्धप्रतिष्ठित उदीयमान कवियों ने प्रेम, समाज, प्रकृति, स्त्री-अनुभव और समकालीन जीवन के विविध पक्षों को अपनी कविताओं के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
प्रत्येक प्रस्तुति को श्रोताओं की भरपूर सराहना प्राप्त हुई।
कार्यक्रम का समापन गायिका नाज़नीन की मधुर संगीतमय प्रस्तुति से हुआ जिसमें उन्होंने हृदयनाथ मंगेश्कर जी द्वारा संगीतबद्ध एक मराठी गीत प्रस्तुत किया और हेमंत शर्मा की एक ग़ज़ल की लयबद्ध पेशकश की। उनकी सुरीली आवाज़ ने पूरे मृणालताई सभागार को भाव-विभोर कर दिया और साहित्यिक संध्या को सुखद पूर्णता प्रदान की।
चित्रनगरी संवाद मंच का यह आयोजन केवल एक साहित्यिक कार्यक्रम नहीं, मानवीय संवेदनाओं का उत्सव बन गया। वरिष्ठ और नवोदित रचनाकारों की साझा उपस्थिति ने यह सिद्ध किया कि साहित्य आज भी समाज को जोड़ने और नई दिशाएँ देने की अद्भुत क्षमता रखता है।
#चित्रनगरी_संवाद_मंच #MumbaiLiterature #OctavioPaz #PragyaMishra #PradeepGupta #VivekAgarwal #RamBaksh #Nazneen #HindiSahitya #KavyaPath #SrijanSamvad #LiteraryMumbai #SahityaPremi #PoetryCommunity #MumbaiEvents





