सूर्यदेव के पाँच अनसुने रहस्य: जिन्हें सदियों से पूजा, उन्हें पहली बार जाना
15 लाख किलोमीटर दूर से “सूर्य-साक्षात्कार”
छठ केवल पूजा नहीं, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व है। जब लाखों व्रती जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी और उदयाचल सूर्य को अर्घ्य देते हैं, तब यह परंपरा हमें उस ऊर्जा की याद दिलाती है, जिसके बिना धरती पर जीवन संभव नहीं। आस्था के इसी सूर्य को समझने के लिए आज भारत का आदित्य-एल1 अंतरिक्ष में अनुसंधान कर रहा है। प्रभात खबर लेकर आया है आदित्य-एल1 के वैज्ञानिकों की जुबानी सूर्य की अनदेखी दुनिया का रोमांचक सफर।
1. सूर्य का असली तेज सतह पर नहीं होता, यही ऊर्जा का स्रोत
आदित्य-एल1 पर लगे खास उपकरण दृश्य उत्सर्जन रेखा कोरोनाग्राफ और सौर पराबैंगनी इमेजिंग दूरबीन से सूर्य के बाहरी घेरे (कोरोना) से जुड़ी जानकारियाँ जुटाते हैं। इससे पता चलता है कि इस परत में मौजूद प्लाज्मा की गतिविधियाँ और तापमान बहुत अधिक हैं। सूर्य की बाहरी परत का तापमान लगभग 5,500 डिग्री से बढ़कर 20 लाख डिग्री तक पहुँच सकता है।
2. सूर्य बेहद अशांत, इसके ऊर्जा विस्फोटों से ही गर्मी का संतुलन
आदित्य-एल1 में लगे उपकरण सूर्य के विभिन्न हिस्सों में होने वाली गतिविधियों और ऊर्जा-विस्फोटों का अध्ययन करते हैं। सूर्य से निकलने वाली गर्म गैसों और कणों की धार को सौर हवा कहा जाता है। ये गतिविधियाँ अंतरिक्ष के वातावरण और पृथ्वी के आसपास के मौसम को प्रभावित करती हैं।
3. सूर्य से खतरे की खबर पहले मोबाइल और उपग्रहों को राहत
आदित्य-एल1 पर लगे उपकरण निम्न-ऊर्जा एक्स-रे वर्णक्रममापी और उच्च-ऊर्जा एक्स-रे वर्णक्रममापी सहित सूर्य से निकलने वाले विकिरण और सौर गतिविधियों पर नजर रखते हैं। इनसे सौर तूफानों तथा उनसे होने वाले संभावित प्रभावों को समझने में मदद मिलती है।
4. सूर्य की गर्म गैसों की दिशा पहली बार पता चली
जब अत्यंत गर्म गैसें और आवेशित कण अंतरिक्ष में निकलते हैं, तो उन्हें प्लाज्मा कहा जाता है। आदित्य-एल1 के उपकरण इन कणों की दिशा और गति से संबंधित जानकारी जुटाते हैं। इससे सूर्य से निकलने वाली सौर गतिविधियों को समझने में सहायता मिलती है।
5. 24 घंटे नजर – डेटा कलेक्शन में कोई गैप नहीं
पृथ्वी से करीब 15 लाख किलोमीटर दूर लैग्रांज पॉइंट-1 (एल1) पर आदित्य-एल1 लगातार सूर्य पर नजर रख रहा है। इस स्थान से सूर्य का लगातार अवलोकन संभव होता है और वैज्ञानिकों को नियमित रूप से डेटा मिलता है।
साभार-https://www.prabhatkhabar.com/ से




