प्रधान कार्यालय की टीम ने जीता प्रथम पुरस्कार मुंबई सेंट्रल मंडल एवं वडोदरा मंडल क्रमश: द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे
मुंबई। पश्चिम रेलवे में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं प्रयोग का अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए दाहोद में अंतर मंडलीय हिंदी नाटक प्रतियोगिता-2022 का आयोजन 23 एवं 24 अप्रैल, 2022 को किया गया। यह प्रतियोगिता दाहोद में स्थित रोलिंग स्टॉक कारखाना में आयोजित की गई। इस अंतर मंडलीय हिंदी नाटक प्रतियोगिता में मुंबई सेंट्रल मंडल, वडोदरा मंडल एवं प्रधान कार्यालय के दलों ने सहभागिता की। हिंदी नाटक प्रतियोगिता-2022 में प्रधान कार्यालय के नाटक ‘कमाल चौकड़ी’ को प्रथम स्थान के लिए चुना गया। मुंबई सेंट्रल मंडल के नाटक ‘मोमबत्ती’ और वडोदरा मंडल के हिंदी नाटक ‘ट्रैफिक’ को क्रमश: द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। पश्चिम रेलवे में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को रेलवे बोर्ड द्वारा आयोजित किए जाने वाले अखिल भारतीय हिंदी नाट्योत्सव-2022 में सहभागिता करने हेतु भेजा जाएगा। 24 अप्रैल, 2022 को दाहोद में आयोजित हिंदी नाटक प्रतियोगिता-2022 के समापन एवं पुरस्कार वितरण के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया तत्पश्चात मुख्य कारखाना प्रबंधक श्री बिनय कुमार द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले हिंदी नाटकों की टीम को शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान करके सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, अभिनेता, अभिनेत्री, बाल कलाकार, संगीत, ध्वनि-प्रभाव, मंच-सज्जा, रूप-सज्जा, प्रकाश-परिकल्पना, वेशभूषा, उच्चारण एवं आलेख के लिए भी स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रधान कार्यालय की टीम के श्री किरण पाटील को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और मुंबई सेंट्रल मंडल की टीम की सुश्री श्रुति अंबावडे को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के रूप में पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन पश्चिम रेलवे के मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री सुरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। इसकी अध्यक्षता मुख्य कारखाना प्रबंधक, दाहोद श्री बिनय कुमार ने की। हिंदी नाटक प्रतियोगिता में डॉ. भूपेन्द्र चौधरी, डॉ. सुशील कुमार शर्मा और श्री अनिल जोशी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रधान कार्यालय के उप महाप्रबंधक (राजभाषा) डॉ. सुशील कुमार शर्मा एवं उनकी टीम ने इस प्रतियागिता के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में मंचित नाटकों का अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने भरपूर आनंद उठाया।
पश्चिम रेलवे पर अंतर मंडलीय हिंदी नाटक प्रतियोगिता संपन्न

संबंधित लेख




