Saturday, May 18, 2024
spot_img
Homeफ़िल्मी-गपशपनसीब (1981) फिल्म बनने की 15 रोचक और अनसुनी कहानियां...

नसीब (1981) फिल्म बनने की 15 रोचक और अनसुनी कहानियां…

अमरनाथ मिश्रा

जब अमिताभ बच्चन के एक गाने के लिए जमा हो गई लगभग पूरी फिल्म इंडस्ट्री। तस्वीर देखकर आप समझ ही गए होंगे कि ये किस फिल्म के और कौन से गीत की बात हो रही है। नसीब फिल्म के जॉन जानी जनार्दन गीत के पिक्चराइज़ेशन के लिए फिल्म इंडस्ट्री के बड़े-बड़े स्टार्स जमा हो गए थे। आज नसीब फिल्म को रिलीज़ हुए 43 साल पूरे हो गए। 1 मई 1981 को नसीब रिलीज़ हुई थी। मनमोहन देसाई द्वारा निर्देशित नसीब ने बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त प्रदर्शन किया और सुपरहिट रही। फिल्म के गीत बहुत हिट हुए थे। सभी गीत लिखे थे आनंद बक्षी जी ने और गीत कंपोज़ किए थे लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने। चलिए नसीब फिल्म से जुड़ी कुछ रोचक बातें जानते हैं।

01- नसीब 1981 की दूसरी सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी। पहले नंबर पर थी मनोज कुमार की क्रांति। और तीसरे नंबर पर थी जितेंद्र-हेमा मालिनी की मेरी आवाज़ सुनो। चौथे नंबर पर थी अमिताभ बच्चन की लावारिस और पांचवे नंबर पर थी कुमार गौरव की लव स्टोरी। संजय दत्त की डेब्यू फिल्म रॉकी भी उस साल टॉप 10 फिल्मों की लिस्ट में जगह बनाने में कामयाब रही थी। रॉकी कमाई के मामले में 10वें पायदान पर थी।

02- मनमोहन देसाई चाहते थे कि नसीब में वो एक बार फिर से अमर अकबर एंथोनी की मशहूर तिकड़ी को दोहराएं। अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर तो ईज़िली अवेलेबल हो गए। लेकिन विनोद खन्ना से नसीब फिल्म के लिए बात नहीं बन सकी। क्योंकि उस वक्त विनोद खन्ना फिल्मों से ब्रेक लेने की तैयारी कर चुके थे। तब वो रोल जिसमें मनमोहन देसाई विनोद खन्ना को लेना चाहते थे, वो शत्रुघ्न सिन्हा को मिला।

03- नसीब आखिरी फिल्म है जिसमें अमिताभ बच्चन ने शत्रुघ्न सिन्हा के साथ काम किया था। कहा जाता है कि शत्रुघ्न सिन्हा की लेट-लतीफी अमिताभ बच्चन को बिल्कुल भी पसंद नहीं आती थी। क्योंकि अमिताभ बच्चन ठहरे वक्त के एकदम पाबंद। और शत्रुघ्न सिन्हा शूटिंग पर पहुंचते थे काफी लेट। वैसे साल 2008 में ‘यार मेरी ज़िंदगी’ नाम से इन दोनों की एक फिल्म ज़रूर आई थी। लेकिन वो बहुत साल पहले की फिल्म थी जो बहुत देर से रिलीज़ हुई थी। वो फिल्म तो नसीब से भी काफी पहले बननी शुरु हुई थी।

04- नसीब पहली फिल्म थी जिसका ट्रेलर दूरदर्शन पर दिखाया गया था। उससे पहले अपकमिंग फिल्मों के ट्रेलर्स सिनेमाघरों में रिलीज़ हो चुकी फिल्मों के साथ ही नज़र आते थे। लेकिन नसीब पहली भारतीय फिल्म बनी जिसका ट्रेलर टीवी पर दिखाया गया था। वैसे, सिनेमाघरों में ट्रेलर दिखाने की परंपरा तो आज भी जारी है। और ये एक अच्छी परंपरा है।

05- नसीब फिल्म के गीत ‘रंग जमाके जाएंगे’ से एक दिलचस्प कहानी जुड़ी है। अब जब आप इस गाने को देखेंगे तो नोट कीजिएगा कि शत्रुघ्न सिन्हा के अधिकतर क्लॉज़ शॉट्स इस गाने में नज़र आते हैं। वो इसलिए क्योंकि शत्रुघ्न सिन्हा सही से डांस नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में उनके एक बॉडी डबल को लॉन्ग शॉट्स में रखा गया था। और उनके सभी शॉट्स क्लॉज़ लिए गए थे।

06- ‘रंग जमाके जाएंगे’ गीत को मनमोहन देसाई एक एक्चुअल रिवॉल्विंग रेस्टोरेंट में पिक्चराइज़ करना चाहते थे। लेकिन उस वक्त मुंबई में मौजूद जो भी रिवॉल्विंग रेस्टोरेंट्स थे उन सभी के घूमने की स्पीड उससे कहीं ज़्यादा थी जितनी की मनमोहन देसाई चाहते थे। इसलिए उन्हें बाकायदा एक सेट बनवाना पड़ा और वहां वो गीत फिल्माना पड़ा।

07- नसीब फिल्म के सॉन्ग जॉनी जॉनी जनार्दन को पूरी तरह शूट करने में एक सप्ताह का वक्त लग गया था। और एक सप्ताह तक हर वो आर्टिस्ट स्टूडियो आया था जो उस गाने में दिखाई देता है। कुछ लोग ऐसा कहते हैं कि सभी आर्टिस्ट्स को मैनेज करने का काम राज कपूर जी को सौंपा गया था। हालांकि मुझे इस पर यकीन नहीं होता। लेकिन फिलहाल मैं इस बात को पूरी तरह से नकारने कहने की स्थिति में भी नहीं हूं।

08- नसीब में ऋषि कपूर के अपोज़िट पहले नीतू सिंह थी। नीतू सिंह ने एक सीन भी शूट कर लिया था। लेकिन फिर उन्होंने फिल्म छोड़ दी। उनकी जगह एक्ट्रेस किम को साइन किया गया। और जानते हैं नीतू सिंह ने नसीब क्योंं छोड़ी थी? क्योंकि ऋषि कपूर संग उनकी शादी हो गई थी। वैसे, किम से पहले एक्ट्रेस रंजीता से भी उस रोल के बारे में बात चली थी। लेकिन वो बात बनी नहीं।

09- नसीब में अभिनेता यूसुफ खान ज़िबिस्को भी दिखाई दिए थे। वास्तव में यूसुफ खान को ज़िबिस्को नाम मनमोहन देसाई ने ही दिया था। मनमोहन देसाई की फिल्म अमर अकबर एंथोनी में यूसुफ खान के कैरेक्टर का नाम ज़िबिस्को रखा गया था। उस फिल्म के बाद से ही यूसुफ खान फिल्म इंडस्ट्री में ज़िबिस्को के नाम से मशहूर हो गए थे।

10- मनमोहन देसाई ने पहले इस फिल्म की तीन रील्स ही शूट की और उन्हें अच्छे से एडिट करके डिस्ट्रीब्यूटर्स को दिखाया। इसलिए ताकि डिस्ट्रीब्यूटर्स को अंदाज़ा हो सके कि फिल्म पर कितना खर्च होगा। डिस्ट्रीब्यूटर्स ने फिल्म देखी और उन्हें फिल्म पसंद आई। उन्होंने मनमोहन देसाई को ये फिल्म बनाने की हरी झंडी दिखा दी।

11- इस फिल्म में आपने जीवन साहब को भी देखा होगा। जीवन साहब इस फिल्म में स्कूल प्रिंसिपल प्रोफेसर प्रेमी के किरदार में दिखे थे। और ये बात भी बड़ी अनोखी है कि जीवन साहब का रोल विलेनियस नहीं, बल्कि एक कॉमिक रोल था। बहुत कम ऐसी फिल्में हैं जिनमें जीवन जी ने विलेनियस किरदार नहीं निभाए हैं।

12- नसीब में रीना रॉय शत्रुघ्न सिन्हा के अपोज़िट दिखी हैं। पहले ये रोल एक्ट्रेस परवीन बॉबी निभाने वाली थी। लेकिन किन्हीं कारणों से परवीन बॉबी ने फिल्म छोड़ दी। रीना रॉय और अमिताभ बच्चन ने कभी किसी फिल्म में हीरो-हीरोइन की तरह काम नहीं किया। पूरे करियर में अमिताभ बच्चन ने रीना रॉय संग दो ही फिल्मों में काम किया था। एक तो थी नसीब जिसमें रीना रॉय अमिताभ बच्चन की बहन बनी थी। और दूसरी थी अंधा कानून जिसमें रीना रॉय और अमिताभ बच्चन का साथ में कोई सीन नहीं था।

13- एक्टर शक्ति कपूर को मनमोहन देसाई ने फिरोज़ खान की सिफारिश पर कास्ट किया था। शक्ति कपूर ने फिरोज़ खान की कुर्बानी फिल्म में अच्छा काम किया था। फिरोज़ खान शक्ति कपूर से काफी इंप्रैस थे। उन्होंने उस वक्त कई लोगों से शक्ति कपूर की सिफारिश की थी। मनमोहन देसाई उनमें से एक थे।

14- शक्ति कपूर ने साल 1997 में आई गोविंदा की फिल्म नसीब में भी एक छोटा सा विलेनियस रोल निभाया था। गोविंदा वाली नसीब में कादर खान भी थे। और कादर खान ने मनमोहन देसाई वाली नसीब में भी काम किया था। मनमोहन देसाई की नसीब में कादर खान शक्ति कपूर के बाप के रोल में थे। मनमोहन देसाई की नसीब में कादर खान के बड़े बेटे के रोल में अभिनेता प्रेम चोपड़ा नज़र आए थे। जबकी असल जीवन में कादर खान उम्र में प्रेम चोपड़ा से छोटे थे।

15- कुछ लोग कहते हैं कि एक्ट्रेस किम को नसीब में इसलिए काम मिला था क्योंकि उनका अफेयर मनमोहन देसाई के बेटे केतन देसाई से चल रहा था। हालांकि किम इन बातों को बकवास बताती हैं और कहती हैं कि वो और केतन सिर्फ अच्छे दोस्त थे। हालांकि ये बात सच है कि नसीब में उन्हें केतन की वजह से काम मिला था। नसीब के बाद किम को उम्मीद थी कि उनके पास फिल्मों के खूब ऑफर्स आएंगे। लेकिन ऐसा हुआ नहीं।

साभार-https://www.facebook.com/amarnath.mishra1

image_print

एक निवेदन

ये साईट भारतीय जीवन मूल्यों और संस्कृति को समर्पित है। हिंदी के विद्वान लेखक अपने शोधपूर्ण लेखों से इसे समृध्द करते हैं। जिन विषयों पर देश का मैन लाईन मीडिया मौन रहता है, हम उन मुद्दों को देश के सामने लाते हैं। इस साईट के संचालन में हमारा कोई आर्थिक व कारोबारी आधार नहीं है। ये साईट भारतीयता की सोच रखने वाले स्नेही जनों के सहयोग से चल रही है। यदि आप अपनी ओर से कोई सहयोग देना चाहें तो आपका स्वागत है। आपका छोटा सा सहयोग भी हमें इस साईट को और समृध्द करने और भारतीय जीवन मूल्यों को प्रचारित-प्रसारित करने के लिए प्रेरित करेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

लोकप्रिय

उपभोक्ता मंच

- Advertisment -spot_img

वार त्यौहार