हिन्दू टेम्पल हैरिटेज फाउण्डेशन Pasadena, कैलिफोर्निया में २५ अप्रैल को बैसाखी मेले का आयोजन बहुत ही धूम धाम से किया गया। मन्दिर के प्रांगण को झंडियों से सजाया गया था। जैसा हम अपने देश में करते थे।पूरा मन्दिर सजा था और मेला बहुत ही व्यवस्थित था। इस मेले को सभी ने बहुत सराहा।

कार्यक्रम का प्रारम्भ बिंगो खेल से हुआ। इसके लिए लोगों में बहुत उत्साह देखने को मिला। इसके बाद कॉस्टीयूम प्रतियोगिता हुई यह प्रतियोगिता २ वर्ग में विभाजित थी। १८ से कम आयु और १८ से ऊपर आयु। दोनों ही वर्गों में लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कार भी दिया गया।

मंदिर के प्रांगण में ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए जिसमें बच्चों और बड़ों के पंजाबी नृत्य हुए। जिसको दर्शकों की बहुत सराहना मिली।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दूसरे भाग में प्रसिद्ध पंजाबी गायिका सैमी कौर ने लोगों का बहुत मनोरंजन किया। सैमी के गानो पर लोगों ने खूब नृत्य किया। यहाँ पर सैमी के बारे में बताती चलूँ कि सैमी कौर एक बहुमुखी व्यक्तित्व हैं, जो सॉफ्टवेयर इंजीनियर होने के साथ-साथ एक बेहतरीन गायिका, 'मिसेज इंडिया ग्लोबल यूएसए 2023' की फर्स्ट रनर-अप और 'सम्मी म्यूजिक रिकॉर्ड लेबल' की संस्थापक भी हैं। उन्होंने 'सुपने', 'लारे' और 'वखरा नखरा' जैसे कई लोकप्रिय गाने लॉन्च किए हैं और उन्हें महाराष्ट्र के राज्यपाल द्वारा सम्मानित भी किया गया है।

मेले में बहुत सी दुकानें लगीं थीं।कहीं कपडे ,गहने बिक रहे थे ,कहीं मूर्तियाँ बिकरहीं थीं तो कहीं मेहँदी लग रही थी। बच्चों के लिए खेल का विशेष स्टॉल लगा था। जिसको हिन्दू टेम्पल हैरिटेज फाउण्डेशन यूथ ग्रुप ने संभाला हुआ था। कम्युनिटी के लिए दो विशेष स्टॉल लगाए गए थे , जो थे केयर एंड ग्रो और परसनल फाइनेंस अडवाइज़री।


मेले में खाने की खुशबू लोगों का मन मोह रहीं थीं। खाने में आलू टिक्की ,समोसे ,रगड़ा पैटी ,शाकाहारी थाली और आइसक्रीम इत्यादि थे।

इस मेले का एक और आकर्षण था रफाल । पूरे कार्यक्रम में दो बार ७ लोगों के लिए रफाल निकाला गया इसमें बहुत अच्छे अच्छे इनाम थे जिसको लोगों ने खूब पसंद किया। रीमा जी ने रफाल के लिए सभी का धन्यवाद कहा।

इस मेले को सुचारू रूप से चलाने के लिए कई टोलियां बनायीं गयीं थीं जैसे खाने, सजावट, खेल, फोटोग्राफी, सेटअप और सफाई की टीम इत्यादि। इस कार्यक्रम का संचालन रचना श्रीवास्तव और मोना बत्रा ने बड़ी ही कुशलता से किया। इन दोनों ने सभी टीम के सदस्यों का हृदय से बहुत आभार व्यक्त किया और कहा कि आप सभी के अथक प्रयास से ही आज का कार्यक्रम इतना सफल हुआ है। इन्होने अपने दान कर्ताओं का भी धन्यवाद किया कहा कि आप के सहयोग के बिना यह कार्यक्रम करना संभव नहीं था। इसके बाद मेहमानों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आप सभी हलकी फुहार के बीच भी मेले आये हमारे लिए बहुत बड़ी ख़ुशी की बात है।

जब भी कोई त्यौहार आता है तो हम सभी भारतवासियों को अपना देश और भी याद आता है। ऐसे में इस तरह के आयोजन हमें उत्साह से भर देते हैं। हमारे पेपर से बात करते हुए लोगों ने बताया कि आज उनको यहाँ आकर बहुत अच्छा लगा उनको ऐसा लगा ही नही कि वह भारत में नहीं हैं। बूंदा बांदी के बावजूद करीब ५०० लोगों ने इस मेले में भाग लिया।

नए मंदिर को बनाने के लिया बहुत धन की ज़रुरत होगी इसलिए जो भी इस मंदिर के निर्माण के लिए सहयोग करना चाहें, वे www.thepasadenahindutemple.org पर डॉ मंजू कुमार से सम्पर्क करके मंदिर को दान दे सकते हैं।