कोटा। डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव की  हाल ही में पदोन्नति पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर की जा कर उन्हें पुस्तकालयाध्यक्ष मंडल पुस्तकालय कोटा में ही पदस्थापित किया गया है। डॉ. श्रीवास्तव को  हाल ही में प्रतिष्ठित ‘इंडो-अफ्रीकन एकेडमिक मेंटर अवॉर्ड–2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान मैरीयम अबाचा अमेरिकन यूनिवर्सिटी ऑफ  नाइजीरिया द्वारा प्रदान किया गया। उन्हें पूर्व में कई राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए हैं। इन्होंने पुस्तकालय विज्ञान पर हिंदी एवं अंग्रेजी भाषाओं में कई पुस्तकें लिखी हैं। इसी विषय में कई शोध विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर डॉक्टरेट की उपाधि दिलवाई हैं।
  हाड़ौती के साहित्यकारों के लिए यह गौरव की बात है। उन्होंने साहित्यकारों को मंच प्रदान कर साहित्य सेवा में अतुलनीय योगदान किया है। पुस्तकालय की एक विरासत खड़ी कर विविध शैक्षणिक और साहित्यिक गतिविधियों से जीवंत बनाया है। उनके अनुपम योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। पदोन्नति के पश्चात अब वे और अधिक सक्रियता से कार्य कर अपनी परंपराओं को निरंतर अधिक गौरवमयी बनाएंगे ऐसी उम्मीद है।
  श्रीवास्तव एक योग्य, सक्षम,सक्रिय, प्रेरक, अथक परिश्रमी और व्यवहार प्रिय अधिकारी हैं जिन्होंने अपनी कार्यप्रणाली से पाठकों और लोगों के दिलों में जगह बनाई है। श्रीवास्तव को उनकी पदोन्नति पर बड़ी संख्या में लेखकों, साहित्यकारों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।