कोटा। नाथद्वारा के वरिष्ठ साहित्यकार एवं साहित्य मंडल के प्रधानमंत्री डॉ.श्याम प्रकाश देवपुरा को थावे विद्यापीठ, शंकर शिव नारायण साहित्य ग्राम, बलिवन सागर, गोपालगंज (बिहार) द्वारा मानद विद्यासागर उपाधि से सम्मानित किया गया। विद्यापीठ की अकादमिक परिषद् की अनुशंसा पर यावे विद्यापीठ के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक एवं कुल सचिव डॉ. पी. एस. दयाल यति के हस्ताक्षर युक्त विद्यासागर की मानद उपाधि प्रदान की गई। यह उपाधि देवपुरा की सुदीर्घ हिन्दी सेवा, सारस्वत साधना, कला के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियों, शैक्षिक प्रदेयों, महनीय शोधकार्य तथा राष्ट्रीय अन्तर्राष्ट्रीय प्रतिष्ठा के आधार पर हरिद्वार अधिवेशन में 25 अक्टूबर 2026 को प्रदान की गई।

सम्मेलन में उनकी श्लांघनीय उपलब्धियों और साहित्य सेवा की प्रशंसा कर उन्हें हिंदी सेवा का महान विचारक बताया गया।

थावे विद्यापीठ का मूल मंत्र 'बचे रहेगे शब्द, बची रहेगी संस्कृति' है। विद्यापीठ इसी भावना के साथ हिन्दी और भारतीय संस्कृति की सेवा करने वाले विद्वानों को सम्मानित करता है। इसी कड़ी में देवपुरा को सम्मानित किया गया है। देवपुरा के सम्मान से नाथद्वारा में खुशी की लहर दौड़ गई। साहित्यकारों, शिक्षकों, समाजसेवियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। लोगों का कहना है कि यह सम्मान सिर्फ डॉ. देवपुरा का नहीं, बल्कि पूरे नाथद्वारा और मेवाड़ के लिए गर्व की बात है।

श्रीनाथजी की नगरी से जुड़े एक विद्वान को राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान मिलना हम सबके लिए प्रेरणा है। शुभचिंतकों ने कहा कि डॉ. देवपुरा का जीवन सादगी, साधना और साहित्य को समर्पित रहा है। विद्यासागर जैसी उपाधि मिलना उनके जीवन भर की तपस्या का सम्मान है।

परिचय

हिंदी भाषा को बढ़ावा देने और साहित्य की सेवा के लिए समर्पित नाथद्वारा साहित्य मंडल के अध्यक्ष श्यामप्रकाश देवपुरा का जन्म 17 दिसम्बर 1958 को पिता स्व. भगवतीप्रसाद देवपुरा एवं माता स्व. लक्ष्मी देवी देवपुरा के परिवार में नाथद्वारा में हुआ। बी.एससी.एवं एमए की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी और बृज भाषाओं के ज्ञाता साहित्य-मण्डल श्रीनाथद्वारा के पिछले 30 वर्षों से अवैतनिक प्रबन्ध मंत्री एवं वर्तमान में प्रधानमंत्री हैं।

वर्ष 1937 में शिवकुमारजी शास्त्री द्वारा स्थापित इस संस्था से इनके पिता भगवतीप्रसाद देवपुरा जुड़ गए और 70 वर्षों तक संस्था के प्रधानमंत्री रहे। संस्था से पहले से ही सक्रिय इनके पुत्र श्यामप्रकाश देवपुरा ने पिता की 6 जनवरी 2014 को निर्वाण के पश्चात संस्था का सम्पूर्ण कार्यभार संभाल लिया। हिन्दी लाओ देश बचाओ के लक्ष्य को लेकर चलने वाले देवपुरा वर्ष में तीन समारोह हिंदी दिवस समारोह, पाटोत्सव ब्रजभाषा समारोह एवं स्व. भगवतीप्रसाद देवपुरा स्मृति समारोह का आयोजन कर साहित्य चर्चा उपनिषद् सत्र, शोध पत्र वाचन, देश के हिन्दी साहित्यकारों, संपादकों, लोककलाकारों, संस्कृति के उन्नायकों का सम्मान एवं पुस्तक विमोचन के कार्यक्रम कर हिंदी और साहित्य की सेवा करते हैं। विगत 15 वर्षों से हरसिंगार' त्रैमासिक पत्रिका का संपादन कर रहे हैं। लगभग 40 वृहद ग्रंथों के प्रकाशन में इनका सम्पूर्ण सहयोग रहा है। इनको राजस्थान ब्रजभाषा अकादमी' राज्य सरकार द्वारा 3 वर्ष के लिए सदस्य मनोनित किया गया। विभिन्न राष्ट्रस्तरीय साहित्यिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से हिंदी और साहित्य को बढ़ावा देते हैं। वृहद कार्यक्रम आयोजन एवं संचालन के लिए इन्हें वन मेन आर्मी कहे तो अतिश्योक्ति नहीं होगी।

संस्था का अपना एक पुस्तकालय है जिसके एक कक्ष में अष्टछाप के कवियों से संबंधित दुर्लभ व्यक्तित्त्व एवं कृतित्व को संजोकर रखा गया है। ब्रजभाषा एवं हिंदी के भक्ति-साहित्य पर शोध करने वाले छात्रों के लिए यहाँ पर्याप्त सामग्री उपलब्ध है। एक और कक्ष में दुर्लभ पाण्डुलिपियाँ रखी गई हैं तथा एक कक्ष वाचनालय है जिसमें अभी लगभग एक लाख से अधिक पुस्तकें हैं। साहित्य सेवा के लिए इन्हें देश की कई प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत, अलंकरण, सम्मानोपाधियों से सम्मानित किया गया है। इनके सम्मान की लंबी सूची है, प्रमुख रूप से राजस्थान साहित्य, कला एवं संस्कृति परिषद', हल्दीघाटी का प्रतिष्ठित 'राजस्थान रत्न राष्ट्रीय अवार्ड' प्रदान किया गया। राजभाषा संघर्ष समिति, दिल्ली, हिन्दी साहित्य सम्मेलन, गाजियाबाद, राष्ट्रभाषा स्वाभिमान न्यास (भारत), ज्ञानदीप, मथुरा, ब्रजकला केन्द्र, मथुरा, भारतेन्दु समिति, कोटा, हिंदी कश्मीरी संगम, श्रीनगर, कश्मीर तथा देश के अन्य अनेक संस्थाओं द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर इन्हें सम्मानित किया गया है।

प्रेषक:डॉ प्रभात कुमार सिंघल कोटा से.